17 साल के छात्र की पीट-पीटकर हत्या : नाबालिग लड़की से मिलने गया था, परिजनों ने सिर मुंडवाकर खंभे से बांधा; गुस्साए ग्रामीणों ने लगाया जाम
News Affair Team
Sat, Jul 26, 2025
रतलाम.
रतलाम जिले के नामली थाना क्षेत्र अंतर्गत मेवासा गांव में शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। 17 वर्षीय आयुष मालवीय का शव गांव में संदिग्ध अवस्था में मिला, जो खंभे से बंधा हुआ था। युवक को निर्दयता से पीटा गया था और उसका सिर भी मुंडवा दिया गया था। पुलिस ने इस मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर एक युवक को राउंडअप कर लिया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आयुष मालवीय, जो कि 12वीं कक्षा का छात्र था, गांव की ही एक नाबालिग लड़की से मिलने रात में गया था। तभी लड़की के परिजनों ने उसे पकड़ लिया और खंभे से बांधकर बुरी तरह पीटा। इसी दौरान उसकी मौत हो गई।

ग्रामीणों ने शव रखकर किया फोरलेन जाम
हत्या की खबर फैलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने शव को फोरलेन पर रखकर जाम लगा दिया और बारिश में खड़े रहकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे। लोगों ने आरोपियों का जुलूस निकालने और परिवार को एक करोड़ रुपए मुआवजा देने की मांग की।
रात ढाई बजे पुलिस को मिली सूचना
घटना की जानकारी पुलिस को शुक्रवार रात करीब 2:30 बजे मिली। एसडीओपी किशोर पाटनवाला मौके पर पहुंचे। शव को रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां शनिवार सुबह पोस्टमार्टम किया गया। रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
12वीं का छात्र था आयुष, पिता बेचते हैं मसाले
आयुष मालवीय कांडरवासा गांव का रहने वाला था। उसके पिता समरथ मालवीय गांव-गांव जाकर मसाले बेचते हैं, और मां भूली बाई गृहिणी हैं। बड़ा भाई अनिल माइक्रो फाइनेंस कंपनी में काम करता है।

पता नहीं बेटा कब घर से निकला
आयुष के पिता ने कहा,
हमें नहीं पता वह कब घर से निकला। बाद में पता चला कि लड़की के बुलाने पर गया था। लड़की के घर वालों और 8-10 लोगों ने मिलकर पिलर पर बांध दिया और पीट-पीटकर मार डाला। सिर गंजा कर दिया गया। अगर ऐसा था तो हमें फोन करके बताते, मारने की क्या जरूरत थी?
शव प्लास्टिक में लपेटा मिला
कांडरवासा के उपसरपंच रमेश मालवीय ने बताया कि उन्हें गांव की दूध डेयरी पर हत्या की जानकारी मिली। वे जब आयुष के पिता के साथ मेवासा गांव पहुंचे, तो वहां प्रेम सिंह सिसोदिया के घर के बाहर शव प्लास्टिक में लपेटकर रखा मिला।
पुलिस का बयान: हत्या की जांच हर एंगल से
एसडीओपी किशोर पाटनवाला ने कहा,
हम हर एंगल से जांच कर रहे हैं। एक संदिग्ध युवक से पूछताछ की जा रही है। मृतक के पिता की शिकायत के आधार पर हत्या का केस दर्ज किया जा रहा है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल, और लड़की के परिवार से पूछताछ के माध्यम से घटना की गहराई से जांच कर रही है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन