Advertisment

News Affair में आपका हार्दिक स्वागत है — आपकी अपनी हिंदी न्यूज़ पोर्टल, जहाँ हर खबर मिलती है सही, सटीक और सबसे पहले।

हमारे साथ जुड़िए देश-दुनिया की ताज़ा ख़बरों, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार और तकनीक की हर बड़ी अपडेट के लिए। हम हैं आपकी आवाज़, आपके सवाल और आपकी जिज्ञासा के साथ — निष्पक्ष, निर्भीक और नई सोच के साथ।

27th September 2026

ब्रेकिंग

CM साय ने किया लोकार्पण-शिलान्यास; ट्रॉमा सेंटर और इको टूरिज्म सेंटर की घोषणा

SIR विवाद के बीच तीनों चुनाव आयुक्तों की बैठक; 30 राज्यों/UT की ड्राफ्ट लिस्ट से 13.37 करोड़ नाम हटे

सरकार नियम बनाए; ऑस्ट्रेलिया में OpenAI एजेंट ने सरकारी पोर्टल में घुसपैठ की

गंगा घाटों पर तर्पण-पिंडदान के लिए जुटेंगे श्रद्धालु; हरिद्वार में नारायणी शिला पर बढ़ेगी भीड़

गुरु कृपा कुंज की चौथी मंजिल से गिरा; कमरे में खून लगा ग्राइंडर मिला

यूपी में 45 घंटे से बारिश, 13 की मौत : 32 जिलों में फ्लैश फ्लड का अलर्ट; लखनऊ में घरों में घुसा पानी, CM योगी ने कहा- बेवजह बाहर न निकलें

News Affair Team

Sat, Sep 26, 2026

लखनऊ.

उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित है। पिछले करीब 45 घंटे से प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश और हवाओं का दौर जारी है। जगह-जगह जलभराव, पेड़ और बिजली के पोल गिरने से रास्ते बाधित हुए हैं। अलग-अलग हादसों में 13 लोगों की मौत और 8 लोगों के घायल होने की जानकारी है।

मौसम विभाग ने 26 सितंबर को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 27 सितंबर को भी पूर्वी यूपी में भारी और पश्चिमी यूपी में बहुत भारी बारिश का अनुमान है। गरज-चमक और तेज हवाओं की भी चेतावनी है।

32 जिलों में फ्लैश फ्लड का खतरा

बारिश के साथ कई जिलों में अचानक बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर, मऊ, देवरिया, गोरखपुर, महाराजगंज, कुशीनगर, संत कबीर नगर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, बलरामपुर, अंबेडकर नगर, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, अयोध्या, गोंडा, श्रावस्ती, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, हरदोई, लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, बाराबंकी, अमेठी, फतेहपुर, कानपुर नगर, बांदा, कौशांबी और चित्रकूट में फ्लैश फ्लड की आशंका बताई गई है।

लखनऊ में घरों तक पहुंचा पानी

राजधानी लखनऊ में कई इलाकों में भारी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कई जगह घरों के कमरों तक पानी पहुंच गया। सड़कों पर पानी भरने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। कई चौराहों पर कैब नहीं मिलने से लोग परेशान रहे। बरेली और फतेहपुर के कई इलाकों में भी 2 से 3 फीट तक पानी भरने की जानकारी है। लगातार बारिश के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है।

तस्वीरों में देखिए बारिश के हालात...

दीवार और मकान गिरने से हादसे

बारिश के बीच कई जिलों से मकान और दीवार गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। फतेहपुर के खागा क्षेत्र में शनिवार सुबह एक कच्चा मकान गिरने से 8 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसका 14 वर्षीय भाई घायल हुआ।

बाराबंकी में भी कच्ची दीवार और पेड़ गिरने से दो लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। मिर्जापुर में मकान की छत का हिस्सा गिरने से एक ही परिवार के पांच लोग घायल हुए।

जालौन के उदौतपुरा गांव में लगातार बारिश से कमजोर हुआ कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। घटना के समय मकान के अंदर कोई व्यक्ति नहीं होने से बड़ा हादसा टल गया।

आगरा में कार पलटी, 3 की मौत

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। बताया गया कि कार नई दिल्ली से बलिया जा रही थी।

खेतों में पानी, फसल को नुकसान

लगातार बारिश से कई जिलों में खेतों में पानी भर गया है। देवरिया और बाराबंकी में धान की फसल प्रभावित होने की जानकारी है। तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर खड़ी फसल गिर गई।

बलिया में लगातार बारिश और तेज हवा से जनजीवन प्रभावित रहा। फाल्ट के कारण एक इलाके में करीब 20 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। इसी दौरान एक पुराना पीपल का पेड़ भी गिर गया।

मंदाकिनी खतरे के निशान के ऊपर

चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ने से प्रशासन अलर्ट है। अधिकारियों की ओर से संवेदनशील इलाकों में लोगों को सतर्क रहने और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की जा रही है।

वाराणसी में भी गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई। दोपहर 12 बजे राजघाट गेज साइट पर जलस्तर 65.32 मीटर बताया गया। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार जलस्तर करीब 3 सेंटीमीटर प्रति घंटे की गति से बढ़ रहा था।

सीएम योगी ने दिए राहत-बचाव के निर्देश

भारी बारिश और फ्लैश फ्लड की आशंका के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संबंधित जिलों के अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। रेड अलर्ट और फ्लैश फ्लड की आशंका वाले क्षेत्रों में स्कूल बंद रखने, संवेदनशील इलाकों की निगरानी करने और राहत-बचाव व्यवस्था मजबूत रखने को कहा गया है।

जर्जर मकानों और झोपड़ियों में रहने वाले लोगों को जरूरत पड़ने पर राहत शिविरों में पहुंचाने तथा नदियों के जलस्तर और जलभराव की लगातार निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने लोगों से मौसम को देखते हुए अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने और सुरक्षित रहने की अपील की है।

लखनऊ एयरपोर्ट ने जारी की एडवाइजरी

भारी बारिश और शहर में जलभराव के कारण लखनऊ एयरपोर्ट ने यात्रियों से घर से अतिरिक्त समय लेकर निकलने की अपील की है। एयरपोर्ट प्रबंधन ने बताया कि बारिश के कारण शहर में ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है। यात्रियों को यात्रा की योजना इसी के अनुसार बनाने की सलाह दी गई है।

आज भी अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट

IMD के 26 सितंबर के पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तर प्रदेश के दोनों मौसम उपखंडों में आज अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी है। 27 सितंबर को भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इसके बाद 28 सितंबर से यूपी के लिए कोई विशेष वर्षा चेतावनी नहीं दी गई है।

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन