मदकू में 68.96 करोड़ के 21 विकास कार्य : CM साय ने किया लोकार्पण-शिलान्यास; ट्रॉमा सेंटर और इको टूरिज्म सेंटर की घोषणा
News Affair Team
Sat, Sep 26, 2026
मुंगेली.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को मुंगेली जिले के ग्राम मदकू में आयोजित कार्यक्रम में 68 करोड़ 96 लाख 96 हजार रुपए के 21 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली और जनसुविधाओं से जुड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लिए कई नई घोषणाएं भी कीं।

एक नजर में: CM साय की 5 प्रमुख घोषणाएं
सरगांव: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ट्रॉमा सेंटर
मदकू द्वीप: 75 लाख रुपए से इको टूरिज्म सेंटर
शिक्षा: पिपरडोल और लमती की प्राथमिक शालाएं मिडिल स्कूल में अपग्रेड
बिजली: मदकू और तुमाढेठा में 33 केवी सब स्टेशन
खेल: भाटापारा में इनडोर स्टेडियम
34.77 करोड़ के काम पूरे, 34.19 करोड़ के नए कार्य
कार्यक्रम में 34 करोड़ 77 लाख 19 हजार रुपए की लागत से पूर्ण हो चुके विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। वहीं 34 करोड़ 19 लाख 77 हजार रुपए के नए कार्यों का शिलान्यास हुआ।
लोकार्पित कार्यों में लोरमी विधानसभा क्षेत्र के लोक निर्माण विभाग के 8 कार्य शामिल हैं, जिनकी लागत 20 करोड़ 7 लाख 61 हजार रुपए है। बिल्हा विधानसभा क्षेत्र में 10 करोड़ 68 लाख 6 हजार रुपए की लागत के एक कार्य का भी लोकार्पण हुआ।


शिलान्यास वाले कार्यों में मुंगेली विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना का 8 करोड़ 4 लाख 63 हजार रुपए का कार्य शामिल है। लोक निर्माण विभाग के तहत मुंगेली में 20 करोड़ 88 लाख 29 हजार रुपए के 3 और बिल्हा में 4 करोड़ 83 लाख 85 हजार रुपए के 2 कार्यों की आधारशिला रखी गई। बिल्हा में स्वास्थ्य विभाग के 43 लाख रुपए के कार्य का भी शिलान्यास किया गया।
कुल विकास कार्य- 21
कुल लागत- ₹68.96 करोड़
लोकार्पण- ₹34.77 करोड़
शिलान्यास- ₹34.19 करोड़
मदकू द्वीप में इको टूरिज्म सेंटर, उत्सवों के लिए भी राशि
मदकू द्वीप के पर्यटन विकास के लिए मुख्यमंत्री ने 75 लाख रुपए से इको टूरिज्म सेंटर स्थापित करने की घोषणा की। ताला महोत्सव और मदकू द्वीप उत्सव के आयोजन के लिए 15-15 लाख रुपए देने की बात कही गई।
पथरिया के अवंती बाई लोधी कॉलेज में रानी अवंती बाई लोधी की आदमकद प्रतिमा के लिए 25 लाख रुपए देने की घोषणा हुई। भाटापारा में इनडोर स्टेडियम और 10 गांवों में सीसी रोड निर्माण की भी घोषणा की गई। मदकू और तुमाढेठा में 33 केवी सब स्टेशन, चंदखुरी की कोर बस्ती में भवन के लिए 30 लाख रुपए और मदकू में सामुदायिक भवन की घोषणा भी की गई।

‘आंगन मिलन सेवा’ में स्वास्थ्य और पोषण पर जोर
मुख्यमंत्री ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित आंगन मिलन सेवा, रक्तदान एवं नि:शुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि विकास के साथ स्वास्थ्य, पोषण और जनकल्याण की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, मितानिनों और स्वास्थ्यकर्मियों के योगदान की सराहना की। माताओं और बच्चों के पोषण, टीकाकरण, एनीमिया और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य शिविर में पहुंचने वाले लोगों से उपलब्ध जांच सुविधाओं का लाभ लेने की अपील की। रक्तदान करने वाले लोगों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने इसे जरूरतमंद मरीजों के लिए महत्वपूर्ण सेवा बताया।


सुशासन के लिए ई-ऑफिस और हेल्पलाइन का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन का मतलब योजनाओं का लाभ लोगों तक सरल और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना है। उन्होंने ई-ऑफिस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और अटल डिजिटल सेवा केंद्रों का उल्लेख करते हुए प्रशासनिक सेवाओं को नागरिकों के करीब लाने की बात कही।
उन्होंने प्रधानमंत्री जनमन योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री के अनुसार, पात्र परिवार केवल जानकारी या प्रक्रिया की जटिलता के कारण योजनाओं से वंचित न रहें, इसके लिए प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

मदकू की विरासत को पर्यटन से जोड़ने पर जोर
मुख्यमंत्री ने मदकू द्वीप के ऐतिहासिक, धार्मिक और पुरातात्विक महत्व का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि विकास के साथ प्रदेश की प्राचीन विरासत को संरक्षित रखना भी जरूरी है।
केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने समाजसेवी स्वर्गीय शांताराम सराफ को श्रद्धांजलि दी। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मदकू को छत्तीसगढ़ की प्राचीन विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने भी मदकू की ऐतिहासिक पहचान के संरक्षण और क्षेत्रीय विकास पर जोर दिया।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन