यूट्यूबर के घर से एक करोड़ के गहने चोरी : रील्स में सोना-नकदी दिखाती थी; गैस कटर से दरवाजा काटकर घुसे चोर
नागरकोइल.
तमिलनाडु के नागरकोइल में एक महिला यूट्यूबर के घर करीब 1 करोड़ रुपए मूल्य के सोने के गहने चोरी हो गए। चोर घर के पिछले दरवाजे को तोड़कर अंदर घुसे और बेडरूम में रखी अलमारी से करीब 118 सॉवरेन यानी 944 ग्राम सोने के गहने लेकर फरार हो गए। घर से नकदी और अन्य गहने चोरी होने की भी जानकारी सामने आई है।
वारदात नागरकोइल के पास थम्मत्तुकोणम के VIP गार्डन इलाके में हुई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने जांच के लिए विशेष टीमें भी बनाई हैं।
परिवार बच्चे के जन्मदिन की खरीदारी के लिए गया था
पुलिस के मुताबिक, यूट्यूबर मधुमिता अपने पति विनोथकुमार और परिवार के साथ गुरुवार शाम घर से बाहर गई थीं। परिवार बच्चे के आगामी जन्मदिन के लिए खरीदारी करने गया था।
रात में घर लौटने पर उन्हें मुख्य दरवाजा खोलने में परेशानी हुई। बाद में पता चला कि घर के पिछले हिस्से का दरवाजा तोड़कर चोर अंदर दाखिल हुए थे। अंदर जाने पर बेडरूम की अलमारी टूटी मिली और उसमें रखे सोने के गहने गायब थे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
CCTV और फोन रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। जांच में चोरों के आने-जाने के रास्ते और वारदात के समय उनकी गतिविधियों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।रिपोर्टों के मुताबिक, पुलिस फोन रिकॉर्ड और दूसरे तकनीकी सुरागों की भी जांच कर रही है। मामले में कई विशेष टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।
सोशल मीडिया पोस्ट भी जांच के दायरे में
मधुमिता सोशल मीडिया पर सोने के गहनों और नकदी से जुड़े वीडियो और रील्स पोस्ट करती रही हैं। कुछ वीडियो में परिवार के पास मौजूद गहने और नकदी दिखाई गई थी। रिपोर्टों के मुताबिक, एक वीडियो में बच्ची पर नोट बरसाते और पूजा के दौरान नकदी तथा गहने दिखाते हुए भी दृश्य थे।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इन सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए चोरों को घर में रखे कीमती सामान या परिवार के बाहर जाने की जानकारी मिली थी। अभी यह पुलिस की जांच का हिस्सा है, इसकी पुष्टि नहीं हुई है कि चोरी सीधे सोशल मीडिया पोस्ट के कारण ही हुई।
रील्स में बताती थीं सोना खरीदने की बात
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, मधुमिता के कुछ पोस्ट में परिवार द्वारा नियमित रूप से सोना खरीदने की बात कही गई थी। इसके अलावा परिवार की यात्राओं और घर से बाहर रहने से जुड़े अपडेट भी सोशल मीडिया पर साझा किए जाते थे।
पुलिस इन पोस्ट और वीडियो की टाइमलाइन को भी वारदात के समय से जोड़कर देख रही है। जांचकर्ताओं का फोकस यह पता लगाने पर है कि चोरों ने घर की रेकी पहले से की थी या उन्हें किसी अन्य माध्यम से घर में रखे कीमती सामान की जानकारी मिली थी।
चोरी की रकम करीब 1 करोड़ रुपए बताई गई
विभिन्न रिपोर्टों में चोरी हुए सोने की मात्रा 118 सॉवरेन बताई गई है। इसके अलावा डायमंड ज्वेलरी और करीब 50 हजार रुपए नकद चोरी होने की जानकारी भी सामने आई है। चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 1 करोड़ रुपए बताई जा रही है। पुलिस अब CCTV फुटेज, फोन रिकॉर्ड और सोशल मीडिया गतिविधियों की मदद से आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन