PM मोदी ने ‘पार्वती’ भजन पर दी खंजरी की थाप : साधु तिवारी ने गाया ‘जब जिद पर आ गई पार्वती’, डायरेक्टर ने किया हनुमान चालीसा पाठ
नई दिल्ली.
पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती के मौके पर शुक्रवार को दिल्ली के दीन दयाल उपाध्याय पार्क में आयोजित ‘भजन क्लबिंग’ कार्यक्रम में भक्ति संगीत का अलग अंदाज देखने को मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
फिल्म ‘हनुमान अंश’ के सिंगर साधु तिवारी ने चर्चित भजन ‘जब जिद पर आ गई पार्वती’ की प्रस्तुति दी। भजन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ध्यान से संगीत सुनते और खंजरी बजाकर ताल देते नजर आए। कार्यक्रम के वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद यह आयोजन चर्चा में है।

साधु तिवारी ने गाया ‘पार्वती’ भजन
‘हनुमान अंश’ के चर्चित भजन ‘जब जिद पर आ गई पार्वती’ को साधु एस. तिवारी ने आवाज दी है। इसके बोल और संगीत भी उन्होंने ही तैयार किए हैं। भजन में भगवान शिव और माता पार्वती की कथा को आसान शब्दों और देसी अंदाज में पेश किया गया है। कार्यक्रम में प्रस्तुति के बाद फिल्म के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने मंच संभाला और हनुमान चालीसा का पाठ किया।
ग्वालियर के पास गांव से मुंबई तक का सफर
साधु तिवारी ग्वालियर के पास करहिया गांव के रहने वाले हैं। गांव से शुरुआती पढ़ाई के बाद वह ग्वालियर पहुंचे। उन्होंने साइंस कॉलेज और कैंसर हॉस्पिटल से पढ़ाई की। संगीत की शिक्षा उन्होंने अपने गुरु संजय देवले से ली।
साधु तिवारी पिछले करीब 15-17 साल से संगीत के क्षेत्र में सक्रिय हैं। हालांकि, संगीत में आने से पहले उन्होंने निजी कॉलेज में बायोकैमिस्ट्री के लेक्चरर के रूप में भी काम किया। करीब चार साल तक छात्रों को पढ़ाने के साथ उन्होंने अलग-अलग निजी नौकरियां भी कीं।
2010 में वह मुंबई पहुंचे। यहां उनकी मुलाकात म्यूजिक डायरेक्टर संदेश शांडिल्य से हुई। कुछ समय तक उनके साथ असिस्टेंट के तौर पर काम करने के बाद साधु को फिल्मों में काम करने के मौके मिले।
‘गुलाब गैंग’ और ‘द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ में भी काम
साधु तिवारी ने कई फिल्मों के लिए संगीत से जुड़ा काम किया है। इनमें माधुरी दीक्षित की फिल्म ‘गुलाब गैंग’ भी शामिल है। उन्होंने फिल्म के लिए ‘मौज की मलारे’ गाना गाया था और वीडियो में भी नजर आए थे। इसके अलावा उन्होंने ‘द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ के लिए भी काम किया है।
साधु के मुताबिक, ‘हनुमान अंश’ के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी उनके पुराने दोस्त हैं। विशाल ने उन्हें गाने की स्थिति और जरूरत बताई, जिसके बाद उन्होंने उसी के मुताबिक भजन तैयार किया।

कौन हैं विशाल चतुर्वेदी?
‘हनुमान अंश’ के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी की उम्र करीब 42 साल बताई जाती है। फिल्म उनके निर्देशन करियर की दूसरी फिल्म है। इससे पहले उन्होंने 2012 में ‘वॉर्निंग’ का निर्देशन किया था।
विशाल फिल्मों और टीवी सीरीज के लिए डायलॉग राइटिंग से भी जुड़े रहे हैं। ‘हनुमान अंश’ को लेकर वह पिछले कई वर्षों से काम कर रहे थे। फिल्म नीम करोली बाबा के जीवन और उनके आध्यात्मिक सफर से जुड़ी कहानी पर आधारित है।
50वें दिन फिल्म ने कमाए 3.35 करोड़
बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों के मुताबिक, ‘हनुमान अंश’ ने 50वें दिन भारत में 3.35 करोड़ रुपए की नेट कमाई की। इस दिन फिल्म के 3,767 शो हुए। इसके साथ भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 291.53 करोड़ रुपए पहुंच गया है।
भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 344.35 करोड़ रुपए है। ओवरसीज में 50वें दिन करीब 50 लाख रुपए की कमाई के साथ विदेशों का कुल ग्रॉस कलेक्शन 37 करोड़ रुपए बताया गया है। फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 381.35 करोड़ रुपए पहुंच चुका है। ये आंकड़े सैकनिल्क के डेटा के हवाले से रिपोर्ट किए गए हैं।

उत्तराखंड में टैक्स फ्री हुई फिल्म
‘हनुमान अंश’ को उत्तराखंड में टैक्स फ्री करने का ऐलान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फिल्म देखने के बाद किया था। फिल्म नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी शिक्षाओं पर आधारित है।
फिल्म की टीम ने 21 सितंबर को दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की थी। इस दौरान निर्देशक विशाल चतुर्वेदी, मुख्य अभिनेता शोभिनव सतैया और टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन