थोक महंगाई में तीसरे महीने भी बढ़ोतरी, 12.29% पर पहुंची : ईंधन-बिजली की महंगाई 32.84% हुई; खुदरा महंगाई भी 6% के पार
नई दिल्ली.
देश में महंगाई का दबाव लगातार बढ़ रहा है। अक्टूबर में थोक महंगाई दर बढ़कर 12.29% पर पहुंच गई, जबकि सितंबर में यह 11.39% थी। यानी एक महीने में इसमें 0.90 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी हुई है। थोक महंगाई में यह लगातार तीसरा महीना है, जब इजाफा दर्ज किया गया है।
महंगाई बढ़ने की सबसे बड़ी वजह ईंधन और बिजली की कीमतों में तेजी रही। इस श्रेणी की महंगाई दर सितंबर के 25.85% से बढ़कर अक्टूबर में 32.84% हो गई। वहीं, खाने-पीने की चीजों की महंगाई में मामूली राहत मिली है। फूड इन्फ्लेशन सितंबर के 8.66% से घटकर अक्टूबर में 8.58% पर आ गया।
इसका मतलब है कि पिछले साल अक्टूबर में थोक बाजार में 100 रुपए का सामान इस साल करीब 112.29 रुपए का हो गया। हालांकि, इसका सीधा मतलब यह नहीं है कि आम ग्राहकों को हर सामान इसी अनुपात में महंगा मिल रहा है।
ईंधन-बिजली ने बढ़ाई थोक महंगाई की रफ्तार
अक्टूबर में थोक मूल्य सूचकांक (WPI) की प्रमुख श्रेणियों में अलग-अलग रुझान देखने को मिले। ईंधन और बिजली के साथ प्राइमरी आर्टिकल्स की महंगाई बढ़ी, जबकि खाद्य पदार्थों और मैन्युफैक्चरिंग उत्पादों की महंगाई में मामूली गिरावट दर्ज की गई।
कैटेगरी | सितंबर 2026 | अक्टूबर 2026 |
|---|---|---|
प्राइमरी आर्टिकल्स | 8.67% | 9.24% |
फूड इन्फ्लेशन | 8.66% | 8.58% |
फ्यूल एंड पावर | 25.85% | 32.84% |
मैन्युफैक्चर्ड प्रोडक्ट्स | 9.76% | 9.54% |
आम आदमी की जेब पर कैसे पड़ेगा असर?
थोक महंगाई लंबे समय तक ऊंचे स्तर पर बनी रहती है तो इसका असर कारोबार और उत्पादन लागत पर पड़ सकता है। फैक्ट्रियों में कच्चे माल, धातु, केमिकल, प्लास्टिक और रबर जैसी चीजों की कीमतें बढ़ने से कंपनियों की लागत बढ़ती है। ऐसे में उत्पादक बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा ग्राहकों पर डाल सकते हैं।
इसका असर रोजमर्रा के इस्तेमाल वाले उत्पादों की कीमतों पर भी पड़ सकता है। हालांकि, थोक महंगाई बढ़ने का मतलब यह नहीं है कि सभी वस्तुओं के खुदरा दाम तुरंत उसी अनुपात में बढ़ जाएंगे।
सरकार टैक्स में बदलाव के जरिए कुछ हद तक कीमतों के दबाव को कम कर सकती है। उदाहरण के तौर पर कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आने पर पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में कटौती की जा सकती है। हालांकि, इसकी भी एक सीमा होती है।

खुदरा महंगाई भी 6% के पार पहुंची
थोक महंगाई के साथ खुदरा महंगाई में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अक्टूबर में खुदरा महंगाई दर बढ़कर 6.09% हो गई, जबकि सितंबर में यह 5.54% थी। यानी एक महीने में इसमें 0.55 प्रतिशत अंक का इजाफा हुआ।
खास बात यह है कि खुदरा महंगाई भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की निर्धारित 6% की ऊपरी सीमा को भी पार कर गई है। RBI ने महंगाई का लक्ष्य 4% रखा है, जिसमें 2 प्रतिशत अंक की घट-बढ़ की गुंजाइश है। इस तरह निर्धारित दायरा 2% से 6% तक है।
खुदरा और थोक महंगाई में क्या है अंतर?
देश में महंगाई को मुख्य रूप से दो सूचकांकों से मापा जाता है। पहला खुदरा महंगाई यानी कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (CPI) और दूसरा थोक महंगाई यानी होलसेल प्राइस इंडेक्स (WPI)।

दोनों सूचकांकों में बढ़ोतरी का असर अलग-अलग स्तर पर दिखाई देता है। खुदरा महंगाई सीधे आम उपभोक्ता की जेब पर पड़ती है, जबकि थोक महंगाई का असर पहले उत्पादन और कारोबार की लागत पर दिखाई देता है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन