योगी बोले- तीसरी बार सरकार बनी तो नौकरियों में और चौके-छक्के लगाएंगे : 9.5 साल में 9.50 लाख रोजगार देने का दावा; 25 लाख युवाओं को मिलेंगे टैबलेट
News Affair Team
Sun, Nov 15, 2026
लखनऊ.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ में 25 लाख टैबलेट वितरण अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार ने साढ़े 9 साल में 9.50 लाख नौकरियां दी हैं।
इस पर अखिलेश यादव ने सवाल किया था कि अब नौकरियां क्यों नहीं दी जा रहीं? योगी ने कहा कि उन्हें इसकी चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्हें यह बताना चाहिए कि चार बार सरकार चलाने का मौका मिलने के बावजूद वे युवाओं को रोजगार क्यों नहीं दे पाए।

योगी ने कहा-
22 सितंबर से अब तक हजारों युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। आने वाले दिनों में भी बड़ी संख्या में भर्तियां पूरी की जाएंगी। तीसरी पारी आएगी तो नौकरियों में और भी चौके-छक्के लगाएंगे।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत लखनऊ मंडल के 300 कॉलेजों के 50 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए। उन्होंने युवाओं से इनका इस्तेमाल पढ़ाई और कौशल विकास के लिए करने की अपील की।
'पहले भर्ती निकलते ही चाचा-भतीजे वसूली करने निकल पड़ते थे'
योगी ने पिछली सरकारों की भर्ती व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा-
पहले किसी विभाग में भर्ती का विज्ञापन जारी होते ही चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए निकल पड़ती थी। नौकरी पाने के लिए युवाओं को पैसे देने पड़ते थे और कई बार उनकी रकम भी डूब जाती थी।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में भर्ती प्रक्रिया शुरू होते ही युवाओं के मन में आशंका पैदा हो जाती थी। परीक्षा में नकल और अनियमितताओं के कारण योग्य उम्मीदवारों को नुकसान उठाना पड़ता था। मौजूदा सरकार ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और ईमानदारी सुनिश्चित की है। योगी ने कहा कि अब नौकरी युवाओं को मिलेगी, 'मुन्ना भाइयों' को नहीं।

22 सितंबर से अब तक हुईं ये नियुक्तियां
मुख्यमंत्री ने हाल के महीनों में अलग-अलग विभागों में दिए गए नियुक्ति पत्रों का ब्योरा भी साझा किया।
22 सितंबर: शिक्षा विभाग में 3,560 नियुक्तियां
28 सितंबर: पंचायती राज विभाग में 1,300 नियुक्ति पत्र
8 अक्टूबर: पुलिस विभाग में 470 नियुक्तियां
5 नवंबर: 45 वैज्ञानिकों को नियुक्ति पत्र
6 नवंबर: 4,545 सब इंस्पेक्टरों को नियुक्ति पत्र
11 नवंबर: राजस्व विभाग में 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र
योगी ने बताया कि इसी महीने 8 हजार लेखपालों की भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियुक्ति पत्र देने की तैयारी है। पुलिस विभाग में 35 हजार भर्तियां पूरी हो चुकी हैं और फिलहाल सत्यापन चल रहा है। इसके अलावा 42 हजार होमगार्ड की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि अगले 10 दिनों में नियुक्ति पत्र दिए जाने की तैयारी है।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, शिक्षा विभाग में 15 हजार से अधिक पदों पर भर्ती होगी। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग और अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से भी बड़ी संख्या में नियुक्तियां की जाएंगी।
'यूपी में दंगाई चूहे बनकर बिलों में दुबक गए'
कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा-
प्रदेश में अब माफिया का नहीं, कानून का राज है। माफिया मिट्टी में मिल गए हैं और दंगाई चूहे बनकर बिलों में दुबक गए हैं। नकल माफिया पर भी लगाम लगाई गई है।
उन्होंने कहा कि पहले अपराध और नकल के कारण युवाओं के सामने पहचान का संकट खड़ा होता था। अब प्रदेश में निवेश बढ़ रहा है और नए उद्योग स्थापित हो रहे हैं। उद्योगों से रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं, जिससे युवा आत्मनिर्भर बन रहे हैं।
देश के 55% मोबाइल और 60% इलेक्ट्रॉनिक सामान यूपी में बन रहे
योगी ने कहा कि देश में बनने वाले कुल मोबाइल फोन में करीब 55 प्रतिशत का निर्माण उत्तर प्रदेश में हो रहा है। इलेक्ट्रॉनिक सामान के उत्पादन में भी प्रदेश की हिस्सेदारी करीब 60 प्रतिशत है।
उन्होंने कहा-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मेक इन इंडिया और स्टैंड अप इंडिया जैसी योजनाओं के साथ प्रदेश सरकार की युवा योजनाएं भी युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर दे रही हैं। अब युवा केवल नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बन रहे हैं।
मुख्यमंत्री के अनुसार, वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में करीब 120 स्टार्टअप थे, जबकि अब इनकी संख्या बढ़कर 25 हजार से अधिक हो गई है। इन स्टार्टअप से जुड़ी जानकारी युवाओं को दिए जा रहे टैबलेट में भी उपलब्ध कराई गई है।
ब्रह्मोस फैक्ट्री में यूपी के युवाओं को नौकरी की शर्त रखी
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में ब्रह्मोस मिसाइल बनाने की फैक्ट्री स्थापित करने के दौरान सरकार ने DRDO के सामने एक शर्त रखी थी। सरकार ने जमीन मुफ्त देने की बात कही, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि यहां नौकरी उत्तर प्रदेश के विश्वविद्यालयों से पढ़कर निकले युवाओं को मिलनी चाहिए।
योगी के मुताबिक, DRDO ने यह शर्त स्वीकार की और 500 युवाओं का चयन किया गया। उन्होंने कहा कि नए निवेश और उद्योगों से प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। उत्तर प्रदेश को देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल करने के लक्ष्य में युवा अहम भूमिका निभाएंगे।

युवा मतदाता सूची में नाम जुड़वाएं
मुख्यमंत्री ने युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि 1 जनवरी 2027 को जिन युवाओं की उम्र 18 साल पूरी हो रही है, वे अपना नाम मतदाता सूची में जरूर जुड़वाएं। यह उनका लोकतांत्रिक अधिकार है।
उन्होंने कहा कि यदि कोई अपात्र व्यक्ति मतदाता बनता है तो इससे किसी पात्र व्यक्ति का अधिकार प्रभावित हो सकता है। इसलिए युवा समय रहते मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराएं।
विद्यार्थियों ने कहा- पढ़ाई में मददगार होगा टैबलेट
कार्यक्रम में टैबलेट पाने वाले विद्यार्थियों ने इसे पढ़ाई के लिए उपयोगी बताया। लखनऊ यूनिवर्सिटी की बीए पांचवें सेमेस्टर की छात्रा प्राची ने कहा-
किताबें और नोट्स साथ लेकर चलना कई बार मुश्किल होता है। टैबलेट मिलने से पढ़ाई से जुड़ी सामग्री एक ही डिवाइस में रख सकेंगी।
बीकॉम ऑनर्स की छात्रा सात्विका वर्मा ने टैबलेट के फीचर्स, पिक्चर क्वालिटी और स्टोरेज को अच्छा बताया। उन्होंने कहा कि इसमें 4GB रैम है और वे इसका इस्तेमाल पढ़ाई के लिए करेंगी।
बीए की छात्रा पल्लवी श्रीवास्तव और प्रगति मिश्रा ने भी कहा-
टैबलेट से पढ़ाई आसान होगी। गोयल इंस्टीट्यूट के छात्र वरुण सिंह ने इसे युवाओं के भविष्य के लिए अच्छी पहल बताया। इस्माइलगंज निवासी शशांक पांडेय ने कहा कि टैबलेट मिलने से वे अब बेहतर तरीके से पढ़ाई कर सकेंगे।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन