धीरेंद्र शास्त्री बोले- बागेश्वर धाम में महिलाएं अकेले न आएं : अनजान लोगों-सेवादारों पर भरोसा न करें; धाम के 5 किमी क्षेत्र की जिम्मेदारी उनकी नहीं
News Affair Team
Sun, Oct 4, 2026
छतरपुर.
मध्यप्रदेश के छतरपुर स्थित प्रसिद्ध बागेश्वर धाम में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपील की है। शनिवार रात उन्होंने खासकर माताओं-बहनों से कहा कि वे अकेले धाम न आएं। अगर किसी कारण से अकेले आना पड़े तो किसी अनजान व्यक्ति या धाम के सेवादार पर आंख मूंदकर भरोसा न करें।
धीरेंद्र शास्त्री ने श्रद्धालुओं से धाम में लंबे समय तक रुकने से भी बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि धाम में ऐसी कोई विशेष व्यवस्था नहीं है, इसलिए श्रद्धालुओं को अपनी सुरक्षा और सामान को लेकर खुद सतर्क रहना होगा।

मंदिर और हॉल के अलावा दूसरी जगह न जाने की अपील
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि अकेली आने वाली महिलाओं को किसी अनजान व्यक्ति अथवा सेवादार के साथ जाने से बचना चाहिए। उन्होंने श्रद्धालुओं से मंदिर परिसर और हॉल तक ही सीमित रहने की अपील की।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सनातन धर्म को लेकर कई तरह के विवाद और विरोध सामने आ रहे हैं। उनके अनुसार, कई लोग सनातन और उनसे जुड़े लोगों के खिलाफ उपद्रव करते रहते हैं।
5 किमी क्षेत्र की सुरक्षा की जिम्मेदारी से किया इनकार
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि बागेश्वर धाम के आसपास करीब 5 किलोमीटर के पूरे क्षेत्र की सुरक्षा की जिम्मेदारी उनकी नहीं है। उन्होंने कहा कि वे मंदिर और हॉल की जिम्मेदारी ले सकते हैं, लेकिन पूरे परिसर की सुरक्षा की जिम्मेदारी उनके स्तर पर नहीं है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे किसी अनजान व्यक्ति पर भरोसा न करें और अपने सामान तथा सुरक्षा को लेकर सावधानी बरतें।

वृंदावन की घटनाओं का दिया हवाला
धीरेंद्र शास्त्री ने वृंदावन समेत अन्य धार्मिक स्थलों पर सामने आई घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि वे नहीं चाहते कि किसी अप्रिय घटना के कारण बागेश्वर धाम या श्री बालाजी महाराज की बदनामी हो।
उन्होंने श्रद्धालुओं से कहा कि धाम में आने वाले लोग सावधानी बरतें, अनजान लोगों से दूरी रखें और जरूरत से ज्यादा दिनों तक यहां न ठहरें। उनका कहना था कि सतर्कता बरतकर अप्रिय घटनाओं की आशंका को कम किया जा सकता है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन