Child Abuse In Uttarakhand : हरिद्वार में BJP महिला मोर्चा की नेता ने कराया नाबालिग बेटी यौन शोषण, हत्या की धमकी दी; पार्टी से निष्कासित
News Affair Team
Wed, Jun 4, 2025
हरिद्वार.
हरिद्वार जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। भाजपा महिला मोर्चा की एक पूर्व पदाधिकारी और उसके प्रेमी को अपनी ही नाबालिग बेटी से सामूहिक दुष्कर्म करवाने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि महिला ने अपनी बेटी को प्रेमी और उसके दोस्त के हवाले कर दरिंदगी करवाई, वो भी कई बार।
पुलिस ने इस मामले में सामूहिक दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। वहीं, तीसरे फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा ने तत्काल प्रभाव से महिला को पार्टी से निष्कासित कर दिया है।
पति से विवाद के बाद बेटी को साथ ले गई थी महिला
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला पूर्व में भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी रह चुकी है और पति से पारिवारिक विवाद के चलते अलग रह रही थी। वह अपने बेटे को पति के पास और बेटी को साथ लेकर प्रेमी सुमित पटवाल के साथ रहने लगी थी।
कुछ समय पहले नाबालिग बेटी अपने पिता के पास आई, तो वह बेहद डरी-सहमी और गुमसुम नजर आई। पिता ने जब उससे बातचीत की तो उसने अपनी आपबीती सुनाई, जिसे सुनकर उसके पिता के पैरों तले जमीन खिसक गई।
कई शहरों में हुए दुष्कर्म, दी गई थी हत्या की धमकी
पीड़िता के पिता के अनुसार, जनवरी 2024 में आरोपी महिला बेटी को घुमाने के बहाने अपने प्रेमी सुमित पटवाल और उसके दोस्त शुभम के साथ भेल स्टेडियम की ओर ले गई थी। वहाँ शराब के नशे में दोनों युवकों ने महिला की सहमति से बेटी के साथ सामूहिक बलात्कार किया।
इतना ही नहीं, बाद में आगरा, वृंदावन और हरिद्वार के होटलों में भी पीड़िता से कई बार दुष्कर्म किया गया। बेटी को धमकी दी गई कि यदि किसी को बताया, तो उसकी और उसके पिता की हत्या कर दी जाएगी।
त्वरित कार्रवाई में दो गिरफ्तार, मेडिकल में पुष्टि
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। पीड़िता का मेडिकल कराया गया, जिसमें यौन शोषण की पुष्टि हुई। इसके बाद पीड़िता के कोर्ट में बयान भी दर्ज कराए गए।
पुलिस ने बुधवार को आरोपी महिला और उसके प्रेमी सुमित पटवाल को होटल युग रेजीडेंसी (शिवमूर्ति चौक) से गिरफ्तार कर लिया। फरार आरोपी शुभम की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
भाजपा ने की तत्काल निष्कासन की कार्रवाई
इस घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा संगठन ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपी महिला को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया। भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने बयान जारी कर कहा कि महिला को तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया गया है। अगस्त 2024 में भी महिला के खिलाफ कई शिकायतें मिली थीं, जिसके चलते उसे महिला मोर्चा के पद से पहले ही हटा दिया गया था।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन