प्रार्थना के दौरान क्रॉस गिरने से पादरी की मौत : 27 मिनट से लाइव चल रही थी प्रेयर; कुछ देर पहले कहा था- ‘एक दिन हम सबको मरना है’
News Affair Team
Mon, Oct 19, 2026
ग्वायाकिल.
दक्षिण अमेरिकी देश इक्वाडोर में चर्च में प्रार्थना सभा के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। प्रवचन दे रहे पादरी के ऊपर दीवार पर लगा लकड़ी का बड़ा क्रॉस और ईसा मसीह की मूर्ति गिर गई। सिर पर गंभीर चोट लगने से पादरी की मौत हो गई। घटना के समय प्रार्थना सभा का सोशल मीडिया पर लाइव प्रसारण चल रहा था, इसलिए पूरा घटनाक्रम कैमरे में रिकॉर्ड हो गया।
हादसा 17 अक्टूबर को इक्वाडोर के तटीय शहर ग्वायाकिल स्थित आवर लेडी ऑफ परपेचुअल हेल्प चर्च में हुआ। यहां फादर पैट्रिसियो अल्फ्रेडो सांचेज मोलीनारी प्रार्थना सभा के दौरान प्रवचन दे रहे थे। घटना के बाद चर्च में मौजूद लोग उनकी मदद के लिए दौड़े, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।


लाइव प्रसारण के करीब 27 मिनट बाद गिरा क्रॉस
प्रार्थना सभा का ऑनलाइन प्रसारण किया जा रहा था। वीडियो में दिखाई देता है कि करीब 27 मिनट बाद दीवार पर लगा क्रॉस और उस पर लगी ईसा मसीह की मूर्ति अचानक नीचे गिर जाती है। उस समय पादरी ठीक उसके नीचे मौजूद थे।
हादसे के बाद चर्च में अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद लोगों ने पादरी को संभालने और मदद पहुंचाने की कोशिश की। चर्च के मुताबिक, इमरजेंसी मेडिकल स्टाफ भी उनकी जान नहीं बचा सका।

कुछ देर पहले कहा था- ‘एक दिन हम सबको मरना है’
हादसे से कुछ देर पहले फादर सांचेज अपने प्रवचन में जीवन और समय के महत्व पर बात कर रहे थे। उन्होंने स्पेनिश में कहा था, ‘टोडोस वैमोस ए मोरिर’ (Todos vamos a morir), जिसका अर्थ है- ‘एक दिन हम सबको मरना है।’
उन्होंने कहा था कि कम महत्वपूर्ण चीजों में समय गंवाने के बजाय उसे ईश्वर और अपने प्रियजनों के साथ बिताना ज्यादा सार्थक है। हादसे से पहले कही गई उनकी यह बात अब घटना के वीडियो के साथ चर्चा में है।
क्रॉस गिरने की वजह की जांच
चर्च ने बताया कि क्रॉस गिरने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। शुरुआती आशंका है कि उसे दीवार से जोड़ने वाले माउंटिंग फिक्स्चर में खराबी हो सकती है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन