योगी का तंज- पास्ट अच्छा नहीं तो फ्यूचर भी अच्छा नहीं होगा : अखिलेश से पूछा- 30 लाख नौकरियां कहां देंगे; 10 दिन में 50 हजार नियुक्तियों का वादा
News Affair Team
Fri, Nov 27, 2026
लखनऊ.
लखनऊ में 1,594 युवाओं को बांटे नियुक्ति-पत्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को सरकारी नौकरियों और समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र को लेकर अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने सपा के 30 लाख नौकरियां देने के वादे पर सवाल उठाते हुए पूछा कि आखिर इतनी नौकरियां कहां और कैसे दी जाएंगी? साथ ही सपा सरकार के पिछले कार्यकाल में हुई भर्तियों का हिसाब भी मांगा।
योगी ने कहा-
अखिलेश यादव को पहले यह बताना चाहिए कि मुख्यमंत्री रहते उन्होंने कितने युवाओं को नियुक्ति-पत्र दिए थे।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा, 'जब आपका पास्ट अच्छा नहीं है तो फ्यूचर भी अच्छा नहीं होगा।'
मुख्यमंत्री लखनऊ में 1,594 नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति-पत्र वितरित करने के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इन युवाओं का चयन आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा निदेशालय के लिए किया गया है। इनमें 201 ऑडिटर और 1,393 असिस्टेंट अकाउंटेंट शामिल हैं। भर्ती उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) के माध्यम से हुई है।

10 दिन में 50 हजार नियुक्ति-पत्र देने का दावा
योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार अगले 10 दिनों में करीब 50 हजार युवाओं को नियुक्ति-पत्र देने जा रही है। इसमें 8 हजार लेखपाल, 42 हजार होमगार्ड और 2 हजार शिक्षक शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सरकार अब तक 10 लाख नियुक्ति-पत्र वितरित करने की दिशा में आगे बढ़ चुकी है।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि सपा और बसपा ने अपने पूरे कार्यकाल में जितनी नौकरियां नहीं दीं, उससे ज्यादा नियुक्तियां उनकी सरकार ने की हैं। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और योग्यता को प्राथमिकता दी जा रही है।
राम मंदिर का विरोध करते हैं, नोएडा जाने से भी परहेज था
योगी ने अखिलेश यादव पर धार्मिक और राजनीतिक मुद्दों को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि राम मंदिर का विरोध करने वालों को भगवान से डरना चाहिए। नोएडा को प्रदेश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण केंद्र बताते हुए आरोप लगाया कि पिछली सरकार के समय वहां लूट-खसोट का माहौल था।
उन्होंने कहा कि भगवा कपड़े पहनने के बावजूद उन्हें नोएडा जाने में कोई परहेज नहीं है। यह टिप्पणी उन्होंने अखिलेश यादव के नोएडा दौरे से जुड़े पुराने राजनीतिक विवाद के संदर्भ में की।
OPS पर सवाल- NPS किसने लागू की थी?
पुरानी पेंशन योजना (OPS) के वादे को लेकर भी योगी ने समाजवादी पार्टी को घेरा। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के कार्यकाल में ही वर्ष 2005 में न्यू पेंशन स्कीम लागू की गई थी। उस समय कर्मचारी और सरकार, दोनों की ओर से 10-10 प्रतिशत अंशदान की व्यवस्था की गई थी।
योगी ने दावा किया कि 2017 में सत्ता संभालने के बाद जब उन्होंने सरकारी अंशदान के बारे में जानकारी ली तो पता चला कि सरकार की ओर से निर्धारित हिस्सा जमा नहीं किया गया था।

2017 से पहले भर्तियों में गड़बड़ी के लगाए आरोप
मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों के दौरान भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं का आरोप लगाया। उन्होंने 2015 के यूपीपीएससी परिणाम का उदाहरण देते हुए कहा कि उस समय एक अभ्यर्थी को हाईस्कूल, इंटरमीडिएट और स्नातक में थर्ड डिवीजन होने के बावजूद टॉपर बनाया गया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि पहले नौकरी की प्रक्रिया में मेहनत और योग्यता से ज्यादा सिफारिश और भ्रष्टाचार का प्रभाव था। मुन्ना भाई एमबीबीएस फिल्म का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौर की भर्तियों की स्थिति भी कुछ ऐसी ही थी।
नौकरी निकलते ही वसूली के लिए पहुंच जाते थे चाचा-भतीजे
योगी ने सपा नेतृत्व पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछली सरकार में भर्ती निकलते ही चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए सक्रिय हो जाती थी। उन्होंने कहा कि उस समय मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों के बजाय दूसरे लोग नियुक्ति-पत्र हासिल कर लेते थे।
उन्होंने नवनियुक्त कर्मचारियों से कहा कि उनकी सफलता मेहनत और योग्यता का परिणाम है। सरकार की जिम्मेदारी है कि भर्ती प्रक्रिया में किसी तरह का पक्षपात न हो।
नए कर्मचारियों से बोले- गलत काम करने से साफ इनकार कर देना
मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पाने वाले युवाओं को ईमानदारी से काम करने की नसीहत भी दी। उन्होंने कहा कि वित्तीय विभाग से जुड़े कर्मचारियों की जिम्मेदारी ज्यादा महत्वपूर्ण है। यदि कोई सरकार या वरिष्ठ अधिकारी गलत काम करने का दबाव बनाए तो उसका विरोध करें।
योगी ने गोमती रिवर फ्रंट परियोजना का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां अनियमितताओं के मामले में कार्रवाई हुई और कुछ कर्मचारियों को जेल भी जाना पड़ा। उन्होंने कर्मचारियों से नियमों और मेरिट के आधार पर काम करने की अपील की।
वित्त मंत्री बोले- पसंद के आधार पर मिलेगी पोस्टिंग
कार्यक्रम में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि प्रदेश में अब तक करीब साढ़े नौ लाख सरकारी पदों पर भर्ती की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने छह महीने में एक लाख नौकरियां देने का लक्ष्य रखा था, जिसमें आधे से ज्यादा भर्तियां पूरी हो चुकी हैं। खन्ना ने नवनियुक्त युवाओं को बताया कि उनकी पोस्टिंग के लिए पसंद के विकल्प मांगे जाएंगे। उपलब्ध विकल्पों के आधार पर नियुक्ति देने की व्यवस्था की जाएगी।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन