Advertisment

News Affair में आपका हार्दिक स्वागत है — आपकी अपनी हिंदी न्यूज़ पोर्टल, जहाँ हर खबर मिलती है सही, सटीक और सबसे पहले।

हमारे साथ जुड़िए देश-दुनिया की ताज़ा ख़बरों, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार और तकनीक की हर बड़ी अपडेट के लिए। हम हैं आपकी आवाज़, आपके सवाल और आपकी जिज्ञासा के साथ — निष्पक्ष, निर्भीक और नई सोच के साथ।

27th November 2026

ब्रेकिंग

अखिलेश से पूछा- 30 लाख नौकरियां कहां देंगे; 10 दिन में 50 हजार नियुक्तियों का वादा

अंतिम सप्ताह में मतदान की संभावना; 1231 पदों के लिए चुने जाएंगे जनप्रतिनिधि

पासपोर्ट में पिता का नाम और जन्मस्थान की जानकारी में गड़बड़ी का दावा; 30 नवंबर तक मांगा जवाब

OBC कोटे में वो कटौती के लिए तैयार; बाबा साहब इसके खिलाफ थे

सैलजा ने राज्यपाल के प्रतिनिधि को सौंपीं भ्रष्टाचार के आरोपों वाली 50 पोटलियां

निकाय-पंचायत चुनाव- तारीखों का 2-3 दिसंबर को ऐलान संभव : अंतिम सप्ताह में मतदान की संभावना; 1231 पदों के लिए चुने जाएंगे जनप्रतिनिधि

News Affair Team

Fri, Nov 27, 2026

रायपुर.

छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज होने लगी है। राज्य निर्वाचन आयोग अब चुनाव कार्यक्रम घोषित करने की तैयारी में जुटा है। आयोग से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक, 2 या 3 दिसंबर को राज्य निर्वाचन आयुक्त चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकते हैं। इसी के साथ आदर्श आचार संहिता लागू करने के निर्देश भी जारी होने की संभावना है।

चुनाव की प्रक्रिया के लिए 30 नवंबर की तारीख अहम होगी। इस दिन मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद आयोग चुनाव कार्यक्रम जारी कर सकता है। संभावित कार्यक्रम के अनुसार, दिसंबर के अंतिम सप्ताह में मतदान कराया जा सकता है। हालांकि, चुनाव की तारीखों को लेकर अंतिम निर्णय आयोग की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा।

इस बार बिरगांव, भिलाई, भिलाई-चरोदा और रिसाली समेत चार नगर निगमों के साथ अन्य नगरीय निकायों में भी चुनाव होंगे। इसके अलावा त्रिस्तरीय पंचायतों के रिक्त पदों के लिए मतदान कराया जाएगा। राजनीतिक दलों ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। वार्ड स्तर पर दावेदारों की सक्रियता बढ़ने के साथ ही उम्मीदवारों के चयन और स्थानीय समीकरणों पर मंथन चल रहा है।

1231 पदों पर होगा चुनाव, नगरीय निकायों में 417 सीटें

राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक, नगरीय निकायों में आम निर्वाचन और उपचुनाव को मिलाकर कुल 417 पदों के लिए मतदान कराया जाएगा। इनमें महापौर के 4, अध्यक्ष के 13 और पार्षद के 400 पद शामिल हैं। इसके अलावा उपचुनाव के तहत अध्यक्ष का एक और पार्षद के 6 पदों पर चुनाव होगा।

वहीं, त्रिस्तरीय पंचायतों में कुल 814 पदों के लिए मतदान होना है। इनमें जनपद पंचायत सदस्य का एक, सरपंच के 92 और पंच के 721 पद शामिल हैं। इस तरह नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों को मिलाकर कुल 1231 पदों पर जनप्रतिनिधियों का चयन किया जाएगा।

चुनाव में देरी हुई तो कुछ निकायों में बैठ सकते हैं प्रशासक

चुनाव कार्यक्रम जारी करने में अधिक देरी हुई तो कुछ नगरीय निकायों में प्रशासक नियुक्त करने की स्थिति बन सकती है। इसी वजह से दिसंबर का पहला सप्ताह चुनावी तैयारियों के साथ प्रशासनिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे पहले 2024 में भी नगरीय निकायों का कार्यकाल पूरा होने के बाद कुछ निकायों में प्रशासकों की नियुक्ति की गई थी।

2021 में अधिसूचना के 23 दिन बाद हुआ था मतदान

पिछले चुनावों के कार्यक्रम पर नजर डालें तो वर्ष 2021 में नवंबर के अंतिम सप्ताह में चुनाव अधिसूचना जारी की गई थी। इसके बाद 20 दिसंबर को मतदान हुआ था। यानी अधिसूचना जारी होने से मतदान तक करीब 23 दिन का समय मिला था।

इसी समय-सीमा को आधार मानकर इस बार भी दिसंबर के अंतिम सप्ताह में मतदान की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, इस बार चुनाव की पूरी समय-सारिणी राज्य निर्वाचन आयोग के फैसले पर निर्भर करेगी।

बिरगांव के 40 वार्डों में ही लागू होगी आचार संहिता

बिरगांव नगर निगम का क्षेत्रफल 36.85 वर्ग किलोमीटर है। वर्ष 2014 में गठित इस नगर निगम में 40 वार्ड और 6 मूल राजस्व ग्राम शामिल हैं। नगर निगम चुनाव की घोषणा के साथ आदर्श आचार संहिता का दायरा बिरगांव नगर निगम के सभी 40 वार्डों तक रहेगा। इसका मतलब यह नहीं है कि आचार संहिता अपने आप पूरे रायपुर जिले में लागू हो जाएगी।

उरला, बोरझरा, अछोली, रांवांभाठा, उरकुरा, बिरगांव और सरोरा के निगम क्षेत्र में आने वाले हिस्से इसके दायरे में रहेंगे। जिले के दूसरे नगरीय निकायों और पंचायत क्षेत्रों में आचार संहिता उनके संबंधित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार लागू होगी।

आदर्श आचार संहिता क्या है? जानिए चुनाव के जरूरी नियम...

आचार संहिता क्या है?

  • चुनाव के दौरान राजनीतिक दलों, प्रत्याशियों और सत्तारूढ़ सरकार के लिए तय दिशा-निर्देशों को आदर्श आचार संहिता कहते हैं।

  • इसका उद्देश्य निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण चुनाव कराना है।

  • सभी राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों को समान अवसर उपलब्ध कराना इसका प्रमुख मकसद है।

आचार संहिता कब और क्यों लागू होती है?

  • निर्वाचन आयोग चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही आचार संहिता लागू करता है।

  • इसका उद्देश्य सरकारी मशीनरी और संसाधनों के दुरुपयोग को रोकना है।

  • आचार संहिता लागू होते ही चुनाव संबंधी मामलों में प्रशासन निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अधीन काम करता है।

  • आयोग जरूरत के मुताबिक अधिकारियों के तबादले और जिम्मेदारियों में बदलाव के निर्देश दे सकता है।

आचार संहिता लागू होने पर क्या-क्या प्रतिबंध रहते हैं?

  • सरकार ऐसी नई योजनाओं और परियोजनाओं की घोषणा नहीं कर सकती, जिनसे मतदाता प्रभावित हों।

  • नई वित्तीय मंजूरी, अनुदान या सरकारी लाभ बांटने की घोषणाओं पर प्रतिबंध रहता है।

  • सरकारी गाड़ी, विमान और आवास का इस्तेमाल चुनाव प्रचार के लिए नहीं किया जा सकता।

  • सरकारी खर्च से किसी राजनीतिक दल या नेता का प्रचार नहीं किया जा सकता।

  • सरकारी कार्यक्रमों में राजनीतिक उपलब्धियों का प्रचार कर मतदाताओं को प्रभावित नहीं किया जा सकता।

  • धर्म और जाति के नाम पर वोट मांगने की अनुमति नहीं होती।

  • चुनावी रैली और सभाओं के लिए निर्धारित नियमों के अनुसार अनुमति लेना जरूरी होता है।

क्या सरकारी कामकाज पूरी तरह बंद हो जाता है?

  • पहले से चल रही योजनाओं और नियमित सरकारी कामकाज पर पूरी तरह रोक नहीं लगती।

  • आवश्यक सेवाएं और जनहित के जरूरी कार्य जारी रहते हैं।

  • पहले से स्वीकृत परियोजनाएं निर्धारित नियमों के अनुसार आगे बढ़ सकती हैं।

  • नई घोषणाओं और वित्तीय मंजूरियों पर निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश लागू होते हैं।

आचार संहिता कब तक लागू रहती है?

  • चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ लागू होती है।

  • मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी लागू रहती है।

  • संबंधित चुनाव के परिणाम घोषित होने तक प्रभावी रहती है।

नियमों का उल्लंघन करने पर क्या कार्रवाई होती है?

  • शिकायत मिलने पर निर्वाचन आयोग या संबंधित अधिकारी मामले की जांच करते हैं।

  • उल्लंघन करने वाले राजनीतिक दल या प्रत्याशी को नोटिस जारी किया जा सकता है।

  • गंभीर मामलों में प्रचार पर रोक या कानूनी कार्रवाई हो सकती है।

  • सरकारी अधिकारियों की लापरवाही या संलिप्तता मिलने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन