केशव मौर्य बोले- चुनाव के बाद विधायक तय करेंगे मुख्यमंत्री : CM योगी ने कहा- कौन चेहरा है और कौन नहीं, यह सबको पता है; कमल ही सबकुछ
News Affair Team
Thu, Nov 26, 2026
लखनऊ.
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को जौनपुर में कहा-
फिलहाल योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री हैं, लेकिन अगले चुनाव के बाद मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका फैसला नवनिर्वाचित विधायक करेंगे।
दूसरी ओर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस सवाल पर सीधे जवाब देने के बजाय पार्टी के चुनाव चिह्न कमल को सर्वोपरि बताया।
मौर्य ने कहा कि भाजपा का चुनावी चेहरा कमल का फूल है। चुनाव परिणाम आने के बाद केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में विधायक सर्वसम्मति से अपना नेता चुनेंगे। योगी के समर्थन के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह उनका समर्थन करते हैं।

इधर, लखनऊ में ABP न्यूज के एक कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ से पूछा गया कि क्या वे 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा का मुख्यमंत्री चेहरा होंगे। इस पर उन्होंने कहा कि कौन चेहरा है और कौन नहीं, यह सबको पता है। उन्होंने कहा कि सभी को कमल के निशान पर चुनाव लड़ना है। वह खुद भी कमल के निशान पर चुनाव लड़ेंगे। पार्टी उन्हें जो जिम्मेदारी देगी, उसे निभाएंगे।
अखिलेश के अयोध्या दौरे पर तंज, बोले- सटला तो गइला
योगी आदित्यनाथ ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने ट्रकों पर लिखे जाने वाले जुमले ‘सटला त गइला’ का जिक्र करते हुए कहा कि दो नावों की सवारी करने वाला कभी सुरक्षित नहीं निकलता। योगी ने कहा-
अखिलेश अब भाजपा की लाइन पर आ रहे हैं, यह अच्छी बात है, लेकिन भाजपा की लाइन का तापमान बहुत हाई है।
उन्होंने सपा से रामभक्तों और हिंदुओं की भावनाओं को लेकर अपने पुराने रुख के लिए माफी मांगने की बात भी कही।
सपा-कांग्रेस गठबंधन पर बोले- चुनाव से पहले ही फेल हो गई दो लड़कों की जोड़ी
मुख्यमंत्री ने सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि पहले दोनों दलों की जोड़ी चुनाव परिणाम के बाद विफल होती थी, लेकिन इस बार चुनाव से पहले ही स्थिति सामने आ गई है।
योगी ने कहा कि एक तरफ सीटों को लेकर बातचीत हो रही है, दूसरी तरफ प्रत्याशियों के नाम घोषित किए जा रहे हैं। उन्होंने इसे दोनों दलों के बीच आपसी अविश्वास और राजनीतिक खींचतान का नतीजा बताया। साथ ही सपा पर परिवारवाद की राजनीति करने का आरोप लगाया।

कानून व्यवस्था पर बोले- अपराधियों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी
बुलडोजर कार्रवाई और एनकाउंटर को लेकर विपक्ष के आरोपों पर योगी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और व्यापारियों का सम्मान सरकार की प्राथमिकता है। कानून को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
विधायकों के टिकट कटने की अटकलों पर उन्होंने कहा कि भाजपा में चुनाव समिति की संस्तुति के बाद संसदीय बोर्ड अंतिम फैसला करता है। एनडीए में सहयोगी दलों के बीच मतभेद की चर्चाओं को खारिज करते हुए उन्होंने निषाद पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी समेत सभी सहयोगियों के एकजुट होकर चुनाव लड़ने की बात कही।
यूपी की अर्थव्यवस्था तीन गुना बढ़ने का दावा, 50 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव
योगी ने दावा किया कि 2017 के बाद उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था, प्रति व्यक्ति आय और बजट तीन गुना से अधिक बढ़े हैं। उन्होंने कहा-
प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव मिले हैं और निवेश को बढ़ावा देने के लिए 36 सेक्टर आधारित नीतियां बनाई गई हैं।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, देश के मोबाइल फोन उत्पादन में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 55% और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट उत्पादन में 60% है। MSME और एक जिला-एक उत्पाद (ODOP) योजना से 3.25 करोड़ लोगों को रोजगार मिल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि बिल्डरों और घर खरीदारों के बीच बातचीत के जरिए 4 लाख खरीदारों के आवास संबंधी विवाद सुलझाए गए हैं।
10.5 लाख सरकारी नियुक्तियों का लक्ष्य
युवाओं को रोजगार देने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा-
प्रदेश में अब तक करीब 9.75 लाख नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। सरकार का लक्ष्य 26 जनवरी तक यह आंकड़ा 10.5 लाख तक पहुंचाने का है।
कार्यक्रम के रैपिड फायर राउंड में योगी ने भारत को ‘वर्ल्ड स्पिरिचुअल पावर हाउस’ और भाजपा को ‘नेशन फर्स्ट’ बताया। राहुल गांधी पर भी तंज कसते हुए उनकी तुलना ऐसे रॉकेट से की, जो लॉन्च होने के बाद सफल नहीं हो पाता।
अखिलेश यादव की घुसपैठिया टिप्पणी पर जवाब देते हुए योगी ने कहा कि वे अविभाजित उत्तर प्रदेश के नागरिक हैं और 1992 से गोरखपुर में नाथ संप्रदाय की परंपरा के तहत सेवा कर रहे हैं।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन