टीवी पर होस्ट बनेंगे रोहित शर्मा : ‘द रोहित शर्मा शो’ का टीजर जारी, सितंबर से शूटिंग; अक्टूबर में हो सकता है प्रसारण
मुंबई.
भारतीय क्रिकेटर रोहित शर्मा अब क्रिकेट के मैदान के बाहर नई भूमिका में नजर आने वाले हैं। रोहित जल्द ही टीवी शो होस्ट करते दिखाई देंगे। ‘द रोहित शर्मा शो’ नाम के इस प्रोजेक्ट का टीजर सामने आ चुका है। शो को सोनी लिव पर स्ट्रीम किया जाएगा।
शो के फॉर्मेट को लेकर सोनी की ओर से अभी ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई है। हालांकि, उसके प्रीव्यू पेज पर इसे रियलिटी शो के तौर पर दिखाया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह अमेरिका के चर्चित गेम शो ‘फैमिली फ्यूड’ का भारतीय रूपांतरण हो सकता है। अमेरिकी संस्करण को स्टीव हार्वे होस्ट करते हैं।
क्विज नहीं, गेम शो होगा
रिपोर्ट के मुताबिक शो में दो परिवारों के बीच गेम कराया जाएगा। इसकी शूटिंग सितंबर से शुरू होने की संभावना है, जबकि अक्टूबर में इसका प्रसारण शुरू हो सकता है।
रोहित शर्मा इस प्रोजेक्ट के लिए करीब छह महीने तक जुड़े रह सकते हैं। योजना के मुताबिक हर सप्ताह एक एपिसोड प्रसारित किया जाएगा और शो फरवरी 2027 तक चल सकता है।
प्रोमो में फैंस ने दोहराने को कहा था मशहूर डायलॉग
मई में शो से जुड़ा एक प्रोमो भी सामने आया था। इसमें रोहित अपने प्रशंसकों के साथ बातचीत करते दिखाई दिए थे। इसी दौरान फैंस ने उनसे उनका चर्चित डायलॉग ‘कोई भी गार्डन में नहीं घूमेगा’ दोहराने की मांग की।
बार-बार मांग किए जाने पर रोहित कुछ असहज नजर आए और वहां से चले गए। प्रोमो से साफ है कि शो में दर्शकों को क्रिकेटर रोहित शर्मा का मैदान से अलग हल्का-फुल्का और मजेदार अंदाज देखने को मिल सकता है।
बड़े ब्रांड्स के विज्ञापनों का हिस्सा रहे हैं रोहित
टीवी शो होस्ट करने का यह रोहित का पहला बड़ा प्रोजेक्ट होगा, लेकिन कैमरे के सामने उनका अनुभव नया नहीं है। वे एडिडास, जियो, CEAT, थम्स अप, ओरल-बी, बॉर्नविटा, मैक्स लाइफ इंश्योरेंस और भारतपे जैसे कई बड़े ब्रांड्स के विज्ञापनों में नजर आ चुके हैं।
रोहित ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में भी दो बार दिखाई दे चुके हैं। यहां उन्होंने अपने मजाकिया अंदाज से दर्शकों का मनोरंजन किया और क्रिकेट से जुड़े कई किस्से साझा किए।
ऐसा रहा रोहित का क्रिकेट करियर
रोहित शर्मा ने 2007 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। वनडे में उनके नाम तीन दोहरे शतक हैं। इनमें 264 रन की पारी वनडे क्रिकेट में किसी बल्लेबाज का सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर है।
2019 वनडे विश्व कप में रोहित ने पांच शतक लगाए थे। वनडे क्रिकेट में उनके नाम अब तक 11,895 रन दर्ज हैं।
कप्तान के तौर पर उन्होंने भारत को 2024 टी20 विश्व कप का खिताब दिलाया। इसके बाद 29 जून 2024 को उन्होंने टी20 इंटरनेशनल से संन्यास लिया। टी20 इंटरनेशनल में रोहित ने 4,231 रन बनाए हैं।
7 मई 2025 को उन्होंने टेस्ट क्रिकेट से भी संन्यास की घोषणा की। 67 टेस्ट में रोहित ने 4,301 रन बनाए।
रोहित अभी वनडे क्रिकेट में सक्रिय हैं। 19 जुलाई 2026 को इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में उन्होंने 110 गेंदों पर 138 रन की पारी खेली थी। इस प्रदर्शन के साथ वे लॉर्ड्स के मैदान पर वनडे शतक लगाने वाले पहले भारतीय पुरुष बल्लेबाज बने।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन