जमानत के लिए हाईकोर्ट जज की फोटो से तंत्र क्रिया : श्मशान घाट में तस्वीर रखकर तंत्र-मंत्र; इंस्टाग्राम से बुलाया था तांत्रिक
News Affair Team
Sun, Aug 9, 2026
बिलासपुर.
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में श्मशान घाट पर कथित तंत्र-मंत्र किए जाने का मामला सामने आया है। ग्राम देवरी के मुक्तिधाम में चार युवक कथित तौर पर हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा समेत तीन लोगों की तस्वीरें रखकर पूजा-पाठ कर रहे थे। आसपास के ग्रामीणों को इसकी भनक लगी तो वे मौके पर पहुंचे। चारों युवक वहां से भागने लगे। ग्रामीणों ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया। पुलिस ने बाद में तीन अन्य आरोपियों को भी नागपुर से गिरफ्तार कर लिया।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना सीपत पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। मौके से मरी हुई मछली, नींबू, सिंदूर, नारियल समेत पूजा में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री मिलने की बात सामने आई है।

वायरल वीडियो में पुलिस ने पूछा- ‘जज को ही मारना चाहते हो?’
घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें पुलिस पकड़े गए युवक से पूछताछ करती नजर आ रही है। वीडियो में पुलिसकर्मी कथित तौर पर पूछता है- ‘जज को ही मारना चाहते हो क्या?’
इसके जवाब में युवक खुद को पढ़ा-लिखा बताते हुए ऐसी किसी गतिविधि से इनकार करता दिखाई देता है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस अब मौके से मिली तस्वीरों और पूजा सामग्री के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
श्मशान घाट में तस्वीरें और पूजा सामग्री मिली
ग्रामीणों के मुताबिक, चार युवक काफी देर से श्मशान घाट में मौजूद थे। उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें पकड़ने की कोशिश की।
ग्रामीणों को देखते ही युवक भागने लगे। पीछा करने के बाद ऋषिकेश कुमार को पकड़ लिया गया, जबकि तीन अन्य फरार हो गए।
सूचना मिलने पर सीपत पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को वहां मरी हुई मछली, नींबू, सिंदूर, नारियल और पूजा में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री मिली। कुछ तस्वीरें भी बरामद हुईं।
चीफ जस्टिस, आरोपी और शिकायतकर्ता की तस्वीर
पुलिस के मुताबिक, बरामद तस्वीरों में हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा, चाकूबाजी मामले में जेल में बंद प्रियांशु बोले और शिकायतकर्ता की तस्वीर शामिल है।
चीफ जस्टिस की तस्वीर मिलने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया। हालांकि, पुलिस की जांच में अब तक सामने आया है कि कथित तंत्र साधना का उद्देश्य चीफ जस्टिस को नुकसान पहुंचाना नहीं था। आरोप है कि तस्वीर का इस्तेमाल पीड़ित परिवार को डराने के लिए किया गया।
1 लाख रुपए को लेकर विवाद
पुलिस की जांच के अनुसार, दयालबंद निवासी ओम बोले का भाई प्रियांशु बोले चाकूबाजी के मामले में जेल में बंद है। उसकी जमानत के लिए हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई थी।
आरोप है कि ओम बोले और उसके साथियों ने जमानत में खर्च हुए करीब 1 लाख रुपए पीड़ित परिवार से मांगे। रकम नहीं देने पर परिवार को धमकाने और केस वापस लेने के लिए दबाव बनाने का आरोप है।
इंस्टाग्राम के जरिए कथित तांत्रिक से संपर्क
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने इंस्टाग्राम के जरिए ऋषिकेश कुमार से संपर्क किया था। आरोप है कि उसने श्मशान घाट में कथित तांत्रिक क्रिया कराने की बात कही थी।
इसके बाद चारों युवक देवरी के मुक्तिधाम पहुंचे। पुलिस का कहना है कि मौके से पकड़ा गया ऋषिकेश ही कथित तौर पर वहां तंत्र साधना कर रहा था।
नागपुर से तीन आरोपी गिरफ्तार
मामले में फरार तीन आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान ओम बोले, तरुण बजाज और मोहम्मद इसरार के रूप में हुई है। वहीं ऋषिकेश कुमार को ग्रामीणों ने मौके पर ही पकड़ लिया था। चारों को मामले में आरोपी बनाया गया है।
धमकी और टोनही प्रताड़ना का केस
पीड़ित की शिकायत पर तोरवा थाने में आरोपियों के खिलाफ धमकी देने और टोनही प्रताड़ना से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अब आरोपियों के सोशल मीडिया संपर्क, कथित तांत्रिक से बातचीत, श्मशान घाट में की गई गतिविधि और बरामद तस्वीरों की जांच कर रही है।
बिलासपुर एएसपी सिटी पंकज पटेल ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्हें न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड की कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन