Advertisment

News Affair में आपका हार्दिक स्वागत है — आपकी अपनी हिंदी न्यूज़ पोर्टल, जहाँ हर खबर मिलती है सही, सटीक और सबसे पहले।

हमारे साथ जुड़िए देश-दुनिया की ताज़ा ख़बरों, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार और तकनीक की हर बड़ी अपडेट के लिए। हम हैं आपकी आवाज़, आपके सवाल और आपकी जिज्ञासा के साथ — निष्पक्ष, निर्भीक और नई सोच के साथ।

1st November 2026

ब्रेकिंग

102 मेधावी छात्रों को मिलेंगे 1-1 लाख रुपए; किसानों को ट्रैक्टर-बुलेट और ई-स्कूटर

विश्व बैंक की रिपोर्ट में दावा, भारत में अत्यधिक गरीबी दर 27.1% से घटकर 2.6% हुई

दीपावली से पहले सोना-चांदी, वाहन और प्रॉपर्टी खरीदने का शुभ अवसर; जानें खरीदारी के मुहूर्त

40 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी; भगवंत मान धूरी से लड़ेंगे

आकाश चोपड़ा ने टीम मैनेजमेंट पर उठाए सवाल; बोले- युवा खिलाड़ी के कॅरियर से खिलवाड़ क्यों

MP स्थापना दिवस- मोनाली ठाकुर के गीतों से सजेगी शाम : 102 मेधावी छात्रों को मिलेंगे 1-1 लाख रुपए; किसानों को ट्रैक्टर-बुलेट और ई-स्कूटर

News Affair Team

Sun, Nov 1, 2026

भोपाल.

मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस का तीन दिवसीय राज्यस्तरीय समारोह रविवार से भोपाल में शुरू होगा। मुख्य आयोजन शाम 6:30 बजे लाल परेड ग्राउंड पर होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समारोह का शुभारंभ करेंगे। पहली शाम पार्श्व गायिका मोनाली ठाकुर अपनी प्रस्तुति देंगी। इस मौके पर प्रदेश के 102 मेधावी विद्यार्थियों को एक-एक लाख रुपए की छात्रवृत्ति और किसान क्विज के 165 विजेताओं को ट्रैक्टर, बुलेट मोटरसाइकिल व ई-स्कूटर दिए जाएंगे।

इस बार स्थापना दिवस समारोह की थीम 'विरासत से विकास के पथ की ओर अग्रसर प्रदेश' रखी गई है। आयोजन में मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, जनजातीय परंपराओं, कृषि नवाचारों, विकास कार्यों और महिला उद्यमिता को एक साथ प्रदर्शित किया जाएगा।

सुबह 11 बजे शुरू होंगी प्रदर्शनियां, शाम को मुख्य समारोह

मुख्यमंत्री रविवार सुबह 11 बजे लाल परेड ग्राउंड पर आधुनिक कृषि प्रदर्शनी, विकास दीर्घा, महिला उद्यमिता मंडप और देशज व्यंजन मेले का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद शाम 6:30 बजे मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होगा।

आम नागरिकों के लिए आयोजन में प्रवेश निशुल्क रहेगा। उन्हें किसी पास या प्रवेश पत्र की जरूरत नहीं होगी। स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए अलग स्टूडेंट ब्लॉक बनाया जा रहा है। यहां प्रवेश के लिए संस्थान का पहचान पत्र दिखाना होगा।

मोनाली ठाकुर के गानों पर झूमेंगे दर्शक

समारोह की पहली शाम का खास आकर्षण मोनाली ठाकुर की लाइव प्रस्तुति होगी। राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित गायिका मुंबई के कलाकारों के साथ सुगम संगीत पेश करेंगी। उनके लोकप्रिय गीत 'सवार लूं' और 'मोह मोह के धागे' दर्शकों के बीच खास पहचान रखते हैं।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में 71 बच्चे एक साथ राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' का गायन करेंगे। इसके बाद मध्यप्रदेश पुलिस बैंड राष्ट्रगान की प्रस्तुति देगा। कार्यक्रम का समापन आतिशबाजी के साथ होगा।

102 विद्यार्थियों को एक-एक लाख रुपए की छात्रवृत्ति

स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री प्रदेश के 102 मेधावी विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति प्रदान करेंगे। हर चयनित विद्यार्थी को एक लाख रुपए की सम्मान राशि और प्रशस्ति-पत्र दिया जाएगा।

श्रीकृष्ण पाथेय न्यास की इस योजना के तहत जिलों से विद्यार्थियों का चयन किया गया है। खंडवा से सबसे ज्यादा छह विद्यार्थियों को चुना गया है। अशोकनगर, बड़वानी, नर्मदापुरम, सिवनी, सिंगरौली और उमरिया से चार-चार विद्यार्थी चयनित हुए हैं।

किसानों को मिलेंगे 55 ट्रैक्टर, 55 बुलेट और 55 ई-स्कूटर

'किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज' के विजेताओं को भी समारोह में सम्मानित किया जाएगा। ऑनलाइन आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के करीब 40 हजार किसानों ने हिस्सा लिया था। इनमें से 165 विजेताओं का चयन किया गया है।

पुरस्कारों में 55 ट्रैक्टर, 55 बुलेट मोटरसाइकिल और 55 ई-स्कूटर शामिल हैं। हर जिले से तीन विजेताओं को चुना गया है। भोपाल के विजेताओं को मुख्यमंत्री स्वयं पुरस्कार देंगे, जबकि दूसरे जिलों में प्रभारी मंत्री सम्मानित करेंगे।

160 चित्रों में दिखेगा राजा भोज के समय का भोपाल

लाल परेड ग्राउंड पर लगने वाली प्रदर्शनियों में 'राजा भोज का भोपाल' विषय पर तैयार 160 वॉटर कलर चित्रों की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसे महाराजा विक्रमादित्य शोध पीठ ने तैयार किया है।

आधुनिक कृषि प्रदर्शनी में उन्नत बीज, जैविक इनपुट, स्मार्ट सिंचाई तकनीक और एग्री स्टार्टअप्स के नवाचार देखने को मिलेंगे। महिला उद्यमिता मंडप और किसान बाजार में स्व-सहायता समूहों के उत्पाद और हस्तशिल्प बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे।

मालवा से महाकौशल तक के व्यंजनों का स्वाद

देशज व्यंजन मेले में प्रदेश के अलग-अलग अंचलों के पारंपरिक पकवान मिलेंगे। मालवा, निमाड़, बुंदेलखंड, बघेलखंड और महाकौशल के स्थानीय व्यंजन यहां परोसे जाएंगे। मेला प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से रात 8 बजे तक चलेगा। इसके अलावा हस्तशिल्प और विकास से जुड़ी प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी।

400 से ज्यादा कलाकारों ने निकाली सांस्कृतिक गौरव यात्रा

स्थापना दिवस के पूर्वरंग कार्यक्रम के तहत शनिवार को भोपाल में 400 से अधिक लोक और जनजातीय कलाकारों ने दो सांस्कृतिक गौरव यात्राएं निकालीं। पहली यात्रा ज्योति टॉकीज से शुरू होकर बोर्ड ऑफिस चौराहा, 10 नंबर मार्केट, शाहपुरा लेक, कोलार रोड, नेहरू नगर और नीलबड़ से होते हुए रातीबड़ पहुंची।

दूसरी यात्रा बैरसिया से शुरू हुई। यह नादरा बस स्टैंड, अशोका गार्डन, गोविंदपुरा, पिपलानी और अयोध्या नगर से होते हुए आनंद नगर में समाप्त हुई। यात्राओं में गोंड, बैगा, भील, कोरकू, सहरिया और भारिया जनजातियों की सांस्कृतिक झलक देखने को मिली। कलाकारों ने करमा, सैला, भगोरिया, मटकी, घूमर, भांगड़ा, पंथी और लेझिम जैसे लोकनृत्य प्रस्तुत किए।

मिंटो हॉल में आधी रात को हुआ था नए मध्यप्रदेश का गठन

मध्यप्रदेश के गठन की ऐतिहासिक यादें भोपाल के मिंटो हॉल से जुड़ी हैं। 31 अक्टूबर 1956 की मध्यरात्रि को यहीं नए मध्यप्रदेश का शपथ ग्रहण समारोह हुआ था। सबसे पहले डॉ. वी. पट्टाभि सीतारमैया ने राज्यपाल पद की शपथ ली। उन्हें तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश मोहम्मद हिदायतुल्ला ने शपथ दिलाई। इसके बाद राज्यपाल ने पंडित रविशंकर शुक्ल को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। समारोह में 11 मंत्रियों और 11 उपमंत्रियों ने भी शपथ ली।

नए मध्यप्रदेश की एकीकृत विधानसभा में 328 सदस्य थे। ये सदस्य 1952 के पहले आम चुनाव में मध्य प्रांत, मध्यभारत, विंध्यप्रदेश और भोपाल राज्य की विधानसभाओं के लिए चुने गए थे। नए राज्य की पहली विधानसभा का सत्र 17 दिसंबर 1956 को सुबह 11 बजे हुआ था।

मिंटो हॉल की नींव 12 नवंबर 1909 को रखी गई थी। 1946 से 1956 तक यहां इंटर कॉलेज संचालित हुआ। इस ऐतिहासिक इमारत ने मध्यप्रदेश के गठन से जुड़े कई अहम पड़ाव देखे हैं।

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन