राशन कार्ड के लिए देनी होगी परिवार की कुंडली : 40 बिंदुओं में जानकारी भरना जरूरी; बैंक स्टेटमेंट से लेकर घर के AC-फ्रिज तक की जानकारी
News Affair Team
Sat, Oct 31, 2026
रायपुर.
छत्तीसगढ़ में अब राशन कार्ड बनवाने के लिए सिर्फ आधार और जरूरी दस्तावेज देना काफी नहीं होगा। आवेदन के साथ परिवार की पूरी जानकारी देनी होगी। खाद्य विभाग ने स्मार्ट पीडीएस 2.0 के तहत आवेदन प्रक्रिया में बदलाव किया है। अब बीपीएल और एपीएल राशन कार्ड के लिए 40 बिंदुओं पर जानकारी भरना अनिवार्य होगा। इसमें परिवार के सदस्यों के आधार कार्ड, बैंक खाते और संपत्ति के विवरण के साथ घर में एसी, फ्रिज, टीवी और एलपीजी कनेक्शन जैसी सुविधाओं की जानकारी भी देनी होगी।
नई व्यवस्था में एक और बड़ा बदलाव किया गया है। अब राशन कार्ड पर केवल महिला मुखिया की फोटो नहीं लगेगी, बल्कि परिवार के सभी सदस्यों की संयुक्त तस्वीर अपलोड करनी होगी। विभाग का उद्देश्य फर्जी राशन कार्डों पर रोक लगाना और अपात्र हितग्राहियों की पहचान करना है। हालांकि, राशन कार्ड की पात्रता शर्तों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।

प्रदेश में इस समय 83.31 लाख से अधिक राशन कार्ड हैं। नई प्रक्रिया का असर सिर्फ नए कार्ड बनवाने वालों पर ही नहीं, बल्कि पुराने कार्ड में नाम जुड़वाने या हटवाने वाले परिवारों पर भी पड़ेगा।
बैंक स्टेटमेंट से लेकर स्वास्थ्य की जानकारी तक देनी होगी
नई आवेदन प्रक्रिया में परिवार के मुखिया के बैंक खाते का स्टेटमेंट और परिवार की संपत्ति का ब्योरा देना होगा। इसके अलावा सदस्यों की वैवाहिक स्थिति, शैक्षणिक योग्यता, जाति प्रमाणपत्र, निवास प्रमाणपत्र और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी मांगी जाएगी।
आवेदन में यह भी बताना होगा कि परिवार के घर में एसी, फ्रिज, टीवी और एलपीजी गैस कनेक्शन जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं या नहीं। यानी अब आवेदन के दौरान परिवार की आर्थिक और सामाजिक स्थिति से जुड़ी कई जानकारियां दर्ज करनी होंगी।
नाम जोड़ने-हटाने के लिए भी बतानी होगी वजह
पहले राशन कार्ड में किसी सदस्य का नाम जोड़ने या हटाने के लिए राशन कार्ड और आधार नंबर के आधार पर प्रक्रिया पूरी हो जाती थी। अब इसके लिए भी ऑनलाइन आवेदन करना होगा। नाम जुड़वाने के लिए संबंधित सदस्य के दस्तावेज अपलोड करने के साथ यह बताना होगा कि नाम क्यों जोड़ा जा रहा है। इसी तरह नाम हटाने का कारण भी दर्ज करना अनिवार्य होगा।
अधूरी जानकारी पर जमा नहीं होगा फॉर्म
नई व्यवस्था में ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। बीपीएल और एपीएल राशन कार्ड के लिए स्मार्ट पीडीएस 2.0 के ऑनलाइन मॉड्यूल से ही आवेदन करना होगा।
आवेदन के 40 बिंदुओं में से कोई जानकारी छूटने या जरूरी दस्तावेज अपलोड नहीं होने पर सिस्टम फॉर्म स्वीकार नहीं करेगा। सभी जानकारियां और दस्तावेज पूरे होने के बाद ही आवेदन सबमिट किया जा सकेगा।
मंजूरी के बाद जोन कार्यालय से मिलेगा कार्ड
ऑनलाइन आवेदन की जांच और स्वीकृति के बाद राशन कार्ड का भौतिक वितरण पहले की तरह संबंधित जोन कार्यालयों से ही किया जाएगा। यानी आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन होगी, लेकिन कार्ड लेने के लिए आवेदकों को जोन कार्यालय जाना होगा।
राशन कार्ड के लिए अब ये जानकारियां और दस्तावेज जरूरी

आवेदकों की बढ़ सकती है परेशानी
राशन कार्ड बनवाने और पुराने कार्ड में संशोधन की प्रक्रिया सालभर चलती है। ऐसे में नई व्यवस्था से उन परिवारों की औपचारिकताएं भी बढ़ सकती हैं, जिन्हें किसी सदस्य का नाम जुड़वाना या हटवाना है। आवेदकों का कहना है कि पहले बीपीएल कार्ड बनवाने में ही कई दस्तावेज जुटाने पड़ते थे, अब एपीएल कार्ड के लिए भी जानकारी और दस्तावेजों का दायरा बढ़ गया है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन