दंतेवाड़ा में बनेगा क्लॉक टॉवर, वाटर स्लाइडर : मास्टर प्लान बनाने के निर्देश; केदार बोले- महापुरुषों के नाम पर होंगे चौक-चौराहों के नाम
News Affair Team
Tue, Jun 16, 2026
दंतेवाड़ा.
दंतेवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री एवं वन, परिवहन, सहकारिता तथा संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने सोमवार को 1 करोड़ 49 लाख 11 हजार रुपए की लागत से निर्मित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया।
लोकार्पित परियोजनाओं में आधुनिक चौपाटी, व्यावसायिक गुमटियां, आकांक्षी शौचालय और नवीन आंगनबाड़ी भवन शामिल हैं। इन सुविधाओं से नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक सेवाएं मिलने के साथ स्वच्छता और महिला-बाल विकास गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

दंतेवाड़ा के लिए बनेगा समग्र विकास का मास्टर प्लान
लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि दंतेवाड़ा तेजी से धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है। मां दंतेश्वरी मंदिर के कारण यहां हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं और भविष्य में यह संख्या और बढ़ने की संभावना है।
इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने जिला प्रशासन को नगर और मंदिर क्षेत्र के सुनियोजित विकास के लिए विस्तृत मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर ही विकास की रूपरेखा तैयार की जानी चाहिए।
नदी संरक्षण और पर्यावरणीय संतुलन पर जोर
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने सीवरेज प्लांट से निकलने वाले पानी को बिना उपचार सीधे नदी में छोड़े जाने पर चिंता जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपचारित पानी ही नदी में छोड़ा जाए या इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था विकसित की जाए।
इसके साथ ही भैरम बाबा मंदिर के पास नदी तट पर हो रहे कटाव को रोकने के लिए जल संसाधन विभाग को शीघ्र पिचिंग कार्य की योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी समान प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
शहर को मिलेंगी नई पहचान और आधुनिक सुविधाएं
नगरपालिका द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए मंत्री ने कई नई घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और मार्गों का नामकरण स्वतंत्रता सेनानियों और महापुरुषों के नाम पर किया जाएगा, ताकि नई पीढ़ी उनके योगदान से प्रेरणा ले सके।
इसके अलावा दंतेवाड़ा में एक आकर्षक क्लॉक टॉवर का निर्माण कराया जाएगा, जो शहर की नई पहचान बनेगा। वहीं बच्चों और युवाओं के मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए स्विमिंग पूल परिसर में वाटर स्लाइडर विकसित करने की भी घोषणा की गई।
धार्मिक पर्यटन और जनसुविधाओं पर रहेगा फोकस
मंत्री कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार दंतेवाड़ा को आधुनिक, स्वच्छ और सुविधायुक्त धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए सड़क, स्वच्छता, पर्यटन सुविधाओं और सार्वजनिक ढांचे को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि नागरिकों को बेहतर जीवन स्तर और पर्यटकों को बेहतर अनुभव उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में विधायक चैतराम अटामी, राज्य महिला आयोग की सदस्य ओजस्वी मंडावी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, नगरपालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता भास्कर, कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव, डीएफओ रामकृष्ण रांगानाथा वाय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन