12 जिलों की कमान महिला अफसरों को : छत्तीसगढ़ में 22 IAS और 1 IFS का तबादला; 6 जिलों के कलेक्टर बदले
News Affair Team
Wed, Aug 19, 2026
रायपुर.
छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 22 IAS और एक IFS अधिकारी की नई पदस्थापना की है। 18 अगस्त को जारी आदेश में 6 जिलों के कलेक्टर बदले गए हैं। वहीं नगरीय प्रशासन विभाग में भी बड़ा बदलाव करते हुए 1999 बैच के IAS अधिकारी सोनमणि बोरा को प्रमुख सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
इस फेरबदल के बाद प्रदेश के 33 जिलों में से 12 जिलों की कमान महिला IAS अधिकारियों के हाथों में आ गई है। सक्ती, कबीरधाम और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी समेत कई जिलों में महिला अधिकारियों को कलेक्टर बनाया गया है।

सोनमणि बोरा को नगरीय प्रशासन की कमान
1999 बैच के IAS अधिकारी सोनमणि बोरा को आदिम जाति विकास विभाग से हटाकर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है। उन्हें विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। नगरीय निकायों, शहरों के विकास और शहरी योजनाओं से जुड़े महत्वपूर्ण फैसलों की जिम्मेदारी अब उनके पास होगी। वहीं आर. संगीता को नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव पद से हटाकर सचिव, मंत्रालय बनाया गया है।
6 जिलों के कलेक्टर बदले
सरकार ने छह जिलों में नए कलेक्टर नियुक्त किए हैं।
गरियाबंद: रणबीर शर्मा
कांकेर: कुंदन कुमार
मुंगेली: अमृत विकास तोपनो
सक्ती: जयश्री जैन
कबीरधाम: तुलिका प्रजापति
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी: तनुजा सलाम
गरियाबंद के कलेक्टर भगवान सिंह उइके को सामान्य प्रशासन विभाग में संयुक्त सचिव बनाया गया है। वहीं कबीरधाम कलेक्टर गोपाल वर्मा को वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।

महिला अधिकारियों को अहम जिलों की कमान
ताजा फेरबदल के बाद 33 में से 12 जिलों में महिला IAS अधिकारी कलेक्टर हैं। इनमें कोंडागांव की नूपुर राशि पन्ना, बेमेतरा की प्रतिष्ठा ममगई, नारायणपुर की नम्रता जैन, बालोद की दिव्या मिश्रा, सूरजपुर की रेना जमील, सक्ती की जयश्री जैन, कबीरधाम की तुलिका प्रजापति और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी की तनुजा सलाम शामिल हैं।
इसके अलावा सारंगढ़-बिलाईगढ़, बलरामपुर-रामानुजगंज, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और कोरिया में भी महिला अधिकारी कलेक्टर की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।

विवेक आचार्य की तीन महीने में फिर बदली जिम्मेदारी
2006 बैच के IFS अधिकारी विवेक आचार्य की सेवाएं पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक पद से वापस उनके मूल विभाग वन विभाग को सौंप दी गई हैं।
आचार्य करीब तीन महीने पहले संस्कृति विभाग के संचालक पद से हटाकर पर्यटन मंडल के MD बनाए गए थे। वे वर्ष 2020 से संस्कृति विभाग के संचालक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब संस्कृति और पर्यटन, दोनों विभागों की जिम्मेदारियों से वे बाहर हो गए हैं।

कांकेर कलेक्टर को नगरीय प्रशासन का जिम्मा
कांकेर कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर को नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग का संचालक बनाया गया है। वहीं इस पद पर रहे रिमिजियुस एक्का को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है। उन्हें मिशन संचालक, जल जीवन मिशन का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
मंत्रालय और विभागों में भी बदलाव
फेरबदल में कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। भुवनेश यादव को आदिम जाति विकास, अनुसूचित जाति विकास, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग का अतिरिक्त प्रभार मिला है।
भोसकर विलास संदिपान को नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार, जगदीश सोनकर को खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग का विशेष सचिव और हिना अनिमेष नेताम को अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम के MD का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
रोमा श्रीवास्तव को CEO जिला पंचायत सरगुजा और लीना कोसम को आयुक्त, नगर पालिक निगम दुर्ग बनाया गया है। वहीं सौमिल रंजन चौबे को पर्यटन मंडल का प्रबंध संचालक बनाया गया है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन