‘नंगा करके मारूंगा’... नपा अध्यक्ष पर अफसरों से गाली-गलौज का आरोप : 20 मिनट तक हंगामा, 55 बार गाली देने का दावा; FIR दर्ज
News Affair Team
Thu, Aug 20, 2026
रायपुर.
अभनपुर नगर पालिका में भुगतान को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि नगर पालिका अध्यक्ष पर CMO और सब इंजीनियर को धमकाने और गाली-गलौज करने का आरोप लगा है। शिकायत के मुताबिक, अध्यक्ष उत्रसेन गहिरवारे ने अधिकारियों को ‘नंगा करके मारने’ की धमकी दी। करीब 20 मिनट तक चले विवाद का वीडियो भी सामने आया है। अधिकारियों की शिकायत पर अभनपुर पुलिस ने अध्यक्ष के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला 13 अगस्त का बताया जा रहा है। CMO निलेश केरकेट्टा के मुताबिक, बिना काम किए फंड से भुगतान कराने को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष और अधिकारियों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि भुगतान के लिए दबाव बनाने के बाद अध्यक्ष ने करीब 20 मिनट तक गाली-गलौज की।

शिकायत में दावा किया गया है कि इस दौरान अधिकारियों को करीब 55 बार गालियां दी गईं। मारपीट के लिए डंडा मंगाने और ‘नंगा करके मारूंगा’ कहकर धमकाने का भी आरोप है।

CMO बोले- 7 साल की नौकरी में ऐसा व्यवहार पहली बार
CMO निलेश केरकेट्टा ने बताया कि वे 13 अगस्त को 15 अगस्त की तैयारियों के बाद कार्यालय पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि करीब सात साल की नौकरी में उन्होंने इस तरह की अभद्रता और अमानवीय व्यवहार कभी नहीं देखा।
CMO के मुताबिक, घटना के दौरान कार्यालय में महिलाएं मौजूद थीं। स्कूली बच्चों के सामने भी अपशब्द कहे गए। इसके बाद उन्होंने सब इंजीनियर दुशांत चौहान के साथ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

वीडियो सामने आया, पुलिस कर रही जांच
विवाद से जुड़ा वीडियो भी सामने आया है। पुलिस शिकायत, वीडियो और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों की शिकायत पर अभनपुर थाने में नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
अध्यक्ष का पक्ष नहीं मिल सका
मामले में नगर पालिका अध्यक्ष उत्रसेन गहिरवारे का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।
रायपुर में कांग्रेस पार्षद पर भी लगा था ऐसा आरोप
इससे पहले रायपुर नगर निगम के वीर सावरकर नगर वार्ड से कांग्रेस पार्षद संदीप साहू पर भी महिला अधिकारी से गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा था। महिला अधिकारी की शिकायत पर उनके खिलाफ भी FIR दर्ज की गई थी।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन