Advertisment

News Affair में आपका हार्दिक स्वागत है — आपकी अपनी हिंदी न्यूज़ पोर्टल, जहाँ हर खबर मिलती है सही, सटीक और सबसे पहले।

हमारे साथ जुड़िए देश-दुनिया की ताज़ा ख़बरों, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार और तकनीक की हर बड़ी अपडेट के लिए। हम हैं आपकी आवाज़, आपके सवाल और आपकी जिज्ञासा के साथ — निष्पक्ष, निर्भीक और नई सोच के साथ।

16th November 2026

ब्रेकिंग

12 लोगों ने घेरा, लाइव आकर चोट दिखाई; कहा- अब इस्लाम की हकीकत बताऊंगा

9.5 साल में 9.50 लाख रोजगार देने का दावा; 25 लाख युवाओं को मिलेंगे टैबलेट

मार्च 2027 तक सेवाएं खत्म करने की तैयारी; खाली सरकारी पदों पर होगी सीधी भर्ती

फल-ठेकुआ, नारियल से सजा सूप लेकर पहुंचे व्रती; कल उगते सूर्य को देंगे अर्घ्य

रणबीर कपूर की पहली 1000 करोड़ी फिल्म; सबसे तेज क्लब में तीसरे नंबर पर

जनजातीय गौरव दिवस पर PM मोदी बोले- बस्तर में अब विकास और विश्वास : नितिन नबीन का वर्चुअली संबोधन; CM साय का ऐलान- 21 क्विंटल से कम धान बेचने पर भी पूरी राशि

News Affair Team

Sun, Nov 15, 2026
  • धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस समारोह: 12 क्विंटल धान बेचने वाले किसान को बाकी 9 क्विंटल की अंतर राशि भी मिलेगी

रायगढ़.

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में भगवान बिरसा मुंडा की 151 वीं जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का वर्चुअल प्रसारण भी किया गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि नक्सली हिंसा ने सबसे ज्यादा नुकसान जनजातीय समाज को पहुंचाया।

दशहरा मैदान में हो रहे कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को भी शामिल होना था, लेकिन कोहरे के कारण उनका हेलिकॉप्टर निर्धारित स्थान पर लैंड नहीं कर सका। इसके बाद उन्होंने वर्चुअली कार्यक्रम को संबोधित किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने धान बेचने वाले किसानों के लिए बड़ा ऐलान किया है। अब जिन किसानों ने प्रति एकड़ 21 क्विंटल की निर्धारित सीमा से कम धान बेचा है, उन्हें भी कृषक उन्नति योजना के तहत 21 क्विंटल तक की अंतर राशि का लाभ मिलेगा।

पीएम मोदी ने कहा- बस्तर में अब विकास और विश्वास

छत्तीसगढ़ के बस्तर का उदाहरण देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि जिस इलाके में कभी लोग जाने से डरते थे, वहां अब विकास और विश्वास का माहौल बन रहा है। कुछ दिन पहले उन्होंने इसी क्षेत्र में सुरक्षा बलों के जवानों के साथ दिवाली मनाई थी।

वर्ष 2014 में देश के करीब सवा सौ जिले माओवाद और नक्सलवाद से प्रभावित थे। हर साल हिंसा की सैकड़ों घटनाएं होती थीं, जिनमें हजारों निर्दोष लोगों की जान जाती थी। इनमें बड़ी संख्या आदिवासी समाज के लोगों की थी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लोगों के अधिकार तक छीन लिए गए थे। आदिवासी परिवारों को भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन बिताना पड़ता था। आज नक्सलवाद के कमजोर होने और प्रभावित क्षेत्रों में बदलाव आने से जनजातीय समाज के लोगों को शिक्षा, रोजगार और विकास के नए अवसर मिल रहे हैं।

50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए

प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 12-13 वर्षों में भारत के 50 करोड़ लोग भीषण गरीबी से बाहर निकले हैं। यह आजादी के बाद देश की बड़ी उपलब्धियों में से एक है। इसके पीछे समाज की सामूहिक शक्ति, नागरिकों का परिश्रम और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की भूमिका है।

दिमागी नक्सलियों को सबक सिखाएंगे

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति देश की पहचान है। भगवान बिरसा मुंडा से लेकर वीर नारायण सिंह, गैंद सिंह और वीर गुंडाधुर तक जनजातीय नायकों ने अपने संघर्ष और बलिदान से देश की आजादी की लड़ाई को मजबूती दी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सलवाद के खिलाफ अभियान को सफलता मिली है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि नक्सलवाद खत्म होने के बाद भी कुछ दिमागी नक्सली बचे हैं, जो विभिन्न संगठनों में प्रभाव बनाए हुए हैं।

बस्तर में बंदूक की जगह खेल के मैदान बन रहे

नितिन नवीन ने कहा कि कभी बस्तर में बंदूक चलाने का अभ्यास होता था, लेकिन अब वहां खेल के मैदान तैयार हो रहे हैं। युवाओं को शिक्षा, रोजगार और खेलों से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 में एकलव्य विद्यालयों के 408 विद्यार्थियों ने NEET और करीब 346 विद्यार्थियों ने JEE Main में सफलता हासिल की है। प्रदेश में 75 एकलव्य विद्यालय संचालित हैं।

उन्होंने बस्तर ओलंपिक का भी उल्लेख किया। वर्ष 2024 में इसमें डेढ़ लाख से अधिक और 2025 में करीब 4 लाख खिलाड़ियों ने भाग लिया। उनके मुताबिक, सरकार का लक्ष्य युवाओं के हाथों में हुनर और उनके सामने बेहतर भविष्य के अवसर उपलब्ध कराना है।

जनजातीय संस्कृति और विकास पर फोकस

नितिन नवीन ने कहा कि जनजातीय समाज ने जंगलों के संसाधनों के संरक्षण के साथ प्रकृति और पर्यावरण को हमेशा जीवन का आधार माना है। बस्तर दशहरा, कर्मा नृत्य, गौर नृत्य और बस्तर पंडुम जैसे आयोजन छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचा रहे हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, पीएम जनमन और जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार का लक्ष्य जनजातीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं और जीवन स्तर में सुधार करना है।

360 नए धान खरीदी केंद्र खोले, संख्या बढ़कर 3100 हुई

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि यदि किसी किसान ने प्रति एकड़ 12 क्विंटल धान बेचा है तो शेष 9 क्विंटल की अंतर राशि भी मिलेगी। इसके लिए किसान को बाकी धान बेचने की जरूरत नहीं होगी। यह व्यवस्था हर साल जारी रहेगी। बस्तर और सरगुजा जैसे क्षेत्रों में कम कृषि उत्पादन को देखते हुए सरकार ने यह फैसला लिया है।

उन्होंने कहा कि इस साल प्रदेश में 360 नए धान खरीदी केंद्र शुरू किए गए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में उपार्जन केंद्रों की कुल संख्या बढ़कर 3,100 हो गई है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपनी वास्तविक पैदावार के मुताबिक ही धान बेचें।

15 नवंबर 1875 को हुआ था बिरसा मुंडा का जन्म

भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को झारखंड के उलिहातू गांव में हुआ था। मुंडा जनजाति में जन्मे बिरसा मुंडा को आदिवासी समाज धरती आबा यानी धरती का पिता कहकर सम्मान देता है। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत और शोषणकारी जमींदारी व्यवस्था के खिलाफ जनजातीय समाज को संगठित कर संघर्ष का नेतृत्व किया।

जल, जंगल और जमीन पर आदिवासियों के पारंपरिक अधिकारों की रक्षा के लिए उन्होंने आंदोलन चलाया। उन्होंने समाज को कुरीतियों, अंधविश्वास और नशे से दूर रहने तथा अपनी संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखने का संदेश भी दिया।

9 जून 1900 को रांची जेल में उनका निधन हो गया। उनके संघर्ष, विचार और बलिदान को सम्मान देने के लिए केंद्र सरकार ने वर्ष 2021 में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में घोषित किया। अब हर साल इस दिन देशभर में जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपरा और स्वतंत्रता संग्राम में उसके योगदान को याद किया जाता है।

समारोह की सुरक्षा में 900 पुलिस अधिकारी-जवान तैनात

धरमजयगढ़ में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम की सुरक्षा में करीब 900 पुलिस अधिकारी और जवान तैनात किए गए। इनमें 10 ASP और 24 DSP को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं। मुख्य कार्यक्रम स्थल पर करीब 250 जवानों की तैनाती की गई थी।

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन