चैतन्य बघेल की ₹61 करोड़ की संपत्ति जब्त : विट्ठल कॉलोनी के 355 प्लॉट पर भी किया कब्जा; शराब घोटाले में ED की बड़ी कार्रवाई
News Affair Team
Sun, Nov 15, 2026
दुर्ग.
छत्तीसगढ़ के करीब 3 हजार करोड़ रुपए के कथित शराब घोटाले की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने दुर्ग जिले के कुम्हारी स्थित विट्ठल कॉलोनी के 355 प्लॉटों पर कब्जा कर लिया है। ये संपत्तियां पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल से जुड़ी बताई जा रही हैं। ED के मुताबिक जब्त संपत्तियों की कीमत करीब 61 करोड़ रुपए है। शनिवार को हुई कार्रवाई के बाद कॉलोनी के मुख्य गेट पर भी नोटिस चस्पा किया गया।
विट्ठल कॉलोनी में कुल 385 प्लॉट हैं। इनमें से 30 प्लॉट पहले ही बेचे जा चुके हैं, इसलिए उन्हें कार्रवाई से बाहर रखा गया। बाकी 355 प्लॉटों में एक व्यावसायिक प्लॉट भी शामिल है। ED का आरोप है कि इन संपत्तियों की खरीद शराब घोटाले से हासिल कथित अवैध कमाई से की गई थी।

385 में से 355 प्लॉट ED के कब्जे में
कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद अधिकारियों के अनुसार, कॉलोनी के 30 प्लॉटों का पहले ही सौदा हो चुका था। ऐसे में उन्हें छोड़कर शेष 355 प्लॉटों पर कब्जा लिया गया। ED ने यह कदम PMLA के निर्णायक प्राधिकरण से संपत्तियों की कुर्की को मंजूरी मिलने के बाद उठाया है।
जांच एजेंसी का दावा है कि शराब घोटाले से अर्जित रकम का इस्तेमाल रियल एस्टेट कारोबार और दूसरी संपत्तियां खरीदने में किया गया। ED के मुताबिक चैतन्य बघेल कथित शराब सिंडिकेट के शीर्ष स्तर पर सक्रिय थे और अवैध लेन-देन का हिसाब रखते थे। इसी आधार पर उनसे जुड़ी संपत्तियों को मनी लॉन्ड्रिंग जांच के दायरे में लिया गया है।

नवंबर 2025 में जारी हुआ था कुर्की का आदेश
ED ने इससे पहले 10 नवंबर 2025 को चैतन्य बघेल से जुड़ी संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क करने का आदेश जारी किया था। इसके बाद 8 दिसंबर 2025 को PMLA के निर्णायक प्राधिकरण के समक्ष शिकायत दर्ज कराई गई।
19 मार्च 2026 को हुई सुनवाई के बाद प्राधिकरण ने ED की कार्रवाई को सही ठहराया। 23 मार्च 2026 को जारी आदेश में संबंधित संपत्तियों की कुर्की को मंजूरी दी गई। इसके बाद आदेश की प्रतियां चैतन्य बघेल के भिलाई-3 स्थित मानसरोवर आवासीय परिसर के घर की बाहरी दीवार पर भी चस्पा की गई थीं।
मकान, जमीन और बैंक जमा भी जांच के दायरे में
कुर्की आदेश में विट्ठल कॉलोनी के प्लॉटों के अलावा कई अन्य संपत्तियों का भी उल्लेख है। इनमें भिलाई-3 में करीब 1 करोड़ 64 लाख 87 हजार रुपए से अधिक मूल्य की संपत्ति, भिलाई का आवासीय मकान, दुर्ग की व्यावसायिक संपत्ति, बैंक में जमा रकम और फिक्स्ड डिपॉजिट शामिल हैं। पाटन तहसील के ग्राम कुरुडीह में स्थित कृषि भूमि का भी आदेश में जिक्र है।
आदेश के खिलाफ 45 दिन में अपील का विकल्प
ED की ताजा कार्रवाई के बाद विट्ठल कॉलोनी के प्लॉटों पर एजेंसी का कब्जा हो गया है। हालांकि, PMLA के निर्णायक प्राधिकरण के आदेश के खिलाफ चैतन्य बघेल के पास अपील का विकल्प मौजूद है। वे निर्धारित 45 दिनों के भीतर अपीलीय न्यायाधिकरण में ऑनलाइन अपील दाखिल कर सकते हैं।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन