‘सरकार बनी तो CM कोटे से IAS बनवा दूंगा...’ : महिला बैंककर्मी को मैसेज करने वाला सपा नेता गिरफ्तार, 12 दिन से था फरार
News Affair Team
Mon, Sep 28, 2026
लखनऊ.
मथुरा में महिला बैंककर्मी को कथित तौर पर आपत्तिजनक मैसेज भेजने, पीछा करने और निजी जानकारी जुटाने के मामले में सपा नेता राजन अहमद रिजवी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस और SWAT टीम ने रविवार को अलीगढ़ के धर्रामाफी गांव में दबिश देकर उसे पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, मुकदमा दर्ज होने के बाद वह करीब 12 दिन से फरार था और रिश्तेदार के घर छिपा था।

बैंककर्मी ने 15 सितंबर को दर्ज कराई थी FIR
महिला बैंककर्मी की शिकायत पर मथुरा के कोतवाली थाने में 15 सितंबर को FIR दर्ज की गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि राजन रिजवी ने बिना अनुमति उसका निजी मोबाइल नंबर हासिल किया और उसे आपत्तिजनक संदेश भेजे। महिला ने पीछा करने और परिवार की निजी जानकारी जुटाने के भी आरोप लगाए थे। मामले में IT Act की धारा 67 के तहत कार्रवाई की गई थी।
'सपा सरकार बनी तो IAS बनवाने की कोशिश करूंगा'
शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने महिला को संदेश भेजकर कहा था कि सपा की सरकार बनने पर वह मुख्यमंत्री कोटे से डेपुटेशन के आधार पर IAS बनवाने की कोशिश करेगा। इसी कथित बातचीत के बाद मामला सामने आया। पुलिस ने शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर जांच शुरू की थी।

बैंक आने के दौरान हुई थी मुलाकात
महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी से उसकी मुलाकात मॉर्निंग वॉक के दौरान हुई थी। इसके बाद वह बैंक आने लगा और कथित तौर पर लगातार उसे देखने तथा आसपास रहने की कोशिश करता था। महिला का आरोप है कि नंबर ब्लॉक करने के बाद भी उसकी और परिवार की जानकारी जुटाने की कोशिश की गई।
सपा ने पद से हटा दिया था
FIR दर्ज होने के बाद समाजवादी पार्टी ने राजन रिजवी को अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश सचिव के पद से हटा दिया था। पार्टी की ओर से कार्रवाई की पुष्टि भी की गई थी।

अलीगढ़ से हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, रविवार को कोतवाली पुलिस और SWAT टीम ने मुखबिर की सूचना व इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर अलीगढ़ के क्वारसी थाना क्षेत्र के धर्रामाफी गांव में दबिश दी। यहां से राजन रिजवी को गिरफ्तार कर मथुरा लाया गया।
कोर्ट में पेशी के बाद जमानत
ASP आशना चौधरी के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जमानत मिल गई। मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर होगी।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन