इंडिगो को दूसरी तिमाही में 986.77 करोड़ का नुकसान : एयरलाइन कंपनी का शेयर 8% से ज्यादा गिरा; 1 महीने में दिया 16.13% का निगेटिव रिटर्न
Tue, Oct 29, 2024
मुंबई.
देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो का संचालन करने वाली कंपनी इंटरग्लोब एविएशन के शेयर में वित्त वर्ष 2024-25 की दूसरी तिमाही में 8% से ज्यादा की गिरावट हुई है। दिनभर के कारोबार के बाद शेयर 8.04% की गिरावट के साथ 4,015 रुपए पर बंद हुआ।
पिछले 1 महीने में इसके शेयर ने 16.13% का निगेटिव रिटर्न दिया है। वहीं, पिछले 6 महीने में शेयर ने केवल 2.22% का पॉजिटिव रिटर्न दिया है। हालांकि, इस साल अब तक शेयर करीब 34.80% चढ़ चुका है। इसके बाद भी कंपनी का रेवेन्यू कम हुआ है।
दूसरी तिमाही में कंपनी को 986.77 करोड़ का नुकसान
दरअसल, सस्ती एयरलाइन सेवा उपलब्ध कराने वाली इंडिगो को संचालित करने वाली कंपनी को वित्त वर्ष 2024-25 की दूसरी तिमाही में 986.77 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ था। एक साल पहले समान तिमाही में कंपनी का मुनाफा 188.9 करोड़ था।
जुलाई-सितंबर में इंडिगो के ऑपरेशन से कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 13.55% बढ़कर 16,969.6 करोड़ रुपए रहा। एक साल पहले की समान तिमाही यानी FY24 की दूसरी तिमाही में कंपनी रेवेन्यू 14,943.9 करोड़ रुपए रहा था।
मौजूदा तिमाही में रेवेन्यू 13% कम हुआ
पिछली तिमाही यानी अप्रैल-जून में कंपनी ने 19,571 करोड़ रुपए का रेवेन्यू जनरेट किया था। मौजूदा तिमाही में इसमें 13.29% की गिरावट हुई है। वहीं, पिछली तिमाही में कंपनी को 2,729 करोड़ रुपए का नेट प्रॉफिट हुआ था।
भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन है इंडिगो
इंडिगो बाजार हिस्सेदारी में भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन है। इसकी स्थापना 2006 में राहुल भाटिया और राकेश गंगवाल ने की थी। ये रोजाना 2000 से ज्यादा फ्लाइट ऑपरेट करती है।
80 से ज्यादा डोमेस्टिक डेस्टिनेशन और 30 से ज्यादा इंटरनेशनल डेस्टिनेशन पर इंडिगो की फ्लाइट चलती है। एयरलाइन की 320 से ज्यादा एयरक्राफ्ट की फ्लीट है। इसके 50 करोड़ से ज्यादा कस्टमर है।
आगरा के चांदी कारोबारी की पटना में हत्या : फ्लैट में घुसते ही बाइक सवारों ने मारी गोलियां; 2 सप्ताह पहले ही कोर्ट से हुए थे बरी
Tue, Oct 29, 2024
लखनऊ/पटना.
आगरा के एक चांदी कारोबारी की पटना में हत्या कर दी गई। वह ऑफिस बंदकर अपने फ्लैट में पहुंचे थे। इसी दौरान पीछे से आए 2 बदमाशों ने उनको गोली मार दी। कारोबारी को 3 गोलियां लगी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। कारोबारी एक केस में 2 सप्ताह पहले ही कोर्ट से बरी हुए थे।
जानकारी के मुताबिक, आगरा में हरीपर्वत क्षेत्र के परिणयकुंज निवासी अवधेश अग्रवाल (65) पटना में चांदी के बड़े कारोबारी थे। वह 27 अक्टूबर की रात करीब 11.15 बजे घर लौटे थे। जैसे ही उन्होंने फ्लैट का दरवाजा खोला, पीछे से 2 युवक आए और फायरिंग कर दी।
पड़ोसियों ने पुलिस को दी सूचना
गोली लगते ही कारोबारी खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गए। शोर सुनकर आसपास के लोग बाहर निकले और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस से जानकारी मिलने पर परिवार वाले भी पटना पहुंच गए हैं। वारदात का एक CCTV भी सामने आया है।
CCTV में दिखाई दिए 2 युवक
कारोबारी अवधेश अग्रवाल पटना के बकारगंज में रहते थे। उनकी हत्या से पहले और बाद का एक सीसीटीवी वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें दिख रहा है कि अवधेश पैदल जा रहे हैं। तभी पीछे से 2 युवक आते हैं। एक ने काले रंग का बैग ले रखा है। मुंह पर मास्क और टोपी लगाए है।
उसके साथ दूसरा युवक भी पीछे-पीछे आ रहा है। दूसरे वीडियो में दोनों युवक तेजी से भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की पहचान कर रही है। अभी तक हत्या का कारण सामने नहीं आ सका है।
सराफा कमेटी अध्यक्ष पर हमले के थे आरोपी
अवधेश अग्रवाल के खिलाफ कोर्ट में 2015 में आगरा सराफा कमेटी के अध्यक्ष और सीबी चेंस के मालिक धन कुमार जैन पर हुए हमले में केस चल रहा था। दो सप्ताह पहले ही कोर्ट से इस मामले में फैसला आया था और अवधेश अग्रवाल और दो अन्य इस मामले से बरी किया गया था।