पाकिस्तानी मंत्री बोले- भारत आतंकवाद के सबूत दे, हम भी देंगे : दिल्ली में कहा था- हम बातचीत के लिए तैयार; थरूर का पलटवार- सिर पर बंदूक रखकर बात नहीं होगी
नई दिल्ली.
ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार भारत आए पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने आतंकवाद के मुद्दे पर भारत के साथ बातचीत की पेशकश की है। उन्होंने कहा कि दोनों देश अपने-अपने सबूत सामने रखें और इस मुद्दे पर चर्चा करें। मलिक ने यह भी कहा-
पाकिस्तान भारत के साथ सभी जरूरी मुद्दों पर बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन इसके लिए भारत को औपचारिक न्योता देना होगा।
पाकिस्तानी मंत्री के इस बयान पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने दोटूक जवाब दिया। उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच सामान्य द्विपक्षीय बातचीत तभी शुरू हो सकती है, जब पाकिस्तान अपनी जमीन से आतंकवादी संगठनों का नेटवर्क खत्म करे। थरूर ने कहा-
जब किसी के सिर पर बंदूक तनी हो, तो कोई उससे बात नहीं करना चाहता। हम भी ऐसा नहीं करेंगे।
पाकिस्तानी मंत्री बोले- आप सबूत लाइए, हम भी लाएंगे
रविवार को दिल्ली में भारतीय मीडिया से बातचीत के दौरान मुसादिक मलिक ने कहा कि आतंकवाद पर किसी भी तरह की चर्चा सबूतों के आधार पर होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान भी आतंकवाद से प्रभावित रहा है और उसके हजारों नागरिकों की जान गई है।
मलिक ने कहा कि पाकिस्तान कई बार अलग-अलग मंचों पर भारत के साथ इस मुद्दे पर बातचीत की पेशकश कर चुका है। दोनों देश द्विपक्षीय स्तर पर या किसी बहुपक्षीय मंच पर अपने सबूत रख सकते हैं।
उन्होंने कहा, ''आप अपने सबूत लेकर आइए और हम अपने सबूत लेकर आएंगे।'' उनके मुताबिक, अगर दोनों देश आतंकवाद का स्थायी समाधान चाहते हैं, तो तथ्यों के आधार पर बातचीत करनी होगी।

थरूर बोले- पहले आतंकवादी ढांचे को खत्म करे पाकिस्तान
मलिक के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि भारत ने पाकिस्तान के साथ बातचीत को लेकर अपना रुख पहले ही स्पष्ट कर दिया है। पाकिस्तान को पहले अपनी जमीन पर मौजूद आतंकवादी ठिकानों, मुख्यालयों और ट्रेनिंग सेंटरों को खत्म करना होगा।
थरूर ने कहा कि इन ठिकानों का इस्तेमाल भारत के खिलाफ हिंसा फैलाने के लिए होता रहा है। ऐसे माहौल में सामान्य बातचीत की उम्मीद नहीं की जा सकती। उन्होंने साफ कहा कि आतंकवाद और बातचीत एक साथ नहीं चल सकते।
सिंधु जल संधि पर भी बातचीत का दिया प्रस्ताव
पाकिस्तानी मंत्री से सिंधु जल संधि को लेकर भी सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि भारत ने अभी तक इस मुद्दे पर बातचीत के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित नहीं किया है। अगर भारत चर्चा का प्रस्ताव देता है, तो पाकिस्तान बातचीत के लिए तैयार है।
दरअसल, 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने सिंधु जल संधि को स्थगित कर दिया था। इसके बाद जून 2025 में मलिक ने पानी के मुद्दे पर कड़ी चेतावनी देते हुए कहा था कि पाकिस्तान अपने हिस्से के पानी पर किसी तरह का हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं करेगा।
SCO कार्यक्रम में शामिल होने भारत आए थे मलिक
मुसादिक मसूद मलिक 20 से 22 नवंबर तक भारत दौरे पर थे। वे नई दिल्ली में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में पाकिस्तान के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने पहुंचे थे।
भारत ने SCO का सदस्य होने के नाते इस कार्यक्रम में पाकिस्तान को भी आमंत्रित किया था। ऑपरेशन सिंदूर के बाद किसी पाकिस्तानी मंत्री का यह पहला भारत दौरा था। इससे पहले मई 2023 में पाकिस्तान के तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी SCO की बैठक में शामिल होने गोवा आए थे।
मलिक का दौरा दोनों देशों के बीच सामान्य द्विपक्षीय बातचीत की बहाली का संकेत नहीं था। उन्होंने खुद स्पष्ट किया कि वे SCO के कार्यक्रम में शामिल होने आए हैं और द्विपक्षीय मुद्दों पर बातचीत के लिए अलग से औपचारिक न्योता मिलना जरूरी है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन