बिसलेरी के पानी में मिले 2 खतरनाक 'कैंसर' केमिकल : FSSAI ने केस चलाने की दी मंजूरी; कंपनी बोली- जांच रिपोर्ट पर आपत्ति
नई दिल्ली.
देश के मशहूर पैकेज्ड वाटर ब्रांड बिसलेरी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के खिलाफ केस चलाने की मंजूरी दी है। कंपनी के एक पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर सैंपल की जांच में तय मानकों से ज्यादा ब्रोमेट और पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन्स (PAHs) पाए गए। जांच में सैंपल को असुरक्षित घोषित किया गया है।
FSSAI के मुताबिक, यह सैंपल बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के कैंपस से लिया गया था। शुरुआती जांच में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक मिली। इसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत इसे असुरक्षित माना गया। कंपनी की अपील पर सैंपल को रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया, जहां जांच में PAHs की मौजूदगी भी सामने आई।
पानी में मिले दो ऐसे केमिकल, जिन पर स्वास्थ्य विशेषज्ञ जताते हैं चिंता
ब्रोमेट क्या है: पैकेज्ड पानी को कीटाणुरहित करने के लिए कई बार ओजोन ट्रीटमेंट किया जाता है। पानी में मौजूद ब्रोमाइड ओजोन के संपर्क में आने पर ब्रोमेट में बदल सकता है। इसकी अधिक मात्रा स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय है। ब्रोमेट को संभावित कैंसरकारी रसायन माना जाता है। तय सीमा से अधिक मिलना पानी की गुणवत्ता और ट्रीटमेंट प्रक्रिया पर सवाल खड़े करता है।
PAHs क्या हैं: पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन्स रसायनों का एक समूह है। ये पेट्रोलियम उत्पादों, कोयले और अन्य कार्बनिक पदार्थों के अधूरे दहन तथा औद्योगिक प्रदूषण से बन सकते हैं। इनके कुछ यौगिक कैंसरकारी माने जाते हैं। पानी में इनकी मौजूदगी संभावित प्रदूषण की ओर इशारा करती है।
क्या बाजार में मिलने वाली हर बिसलेरी बोतल असुरक्षित है?
इस कार्रवाई का मतलब यह नहीं है कि बाजार में बिकने वाली बिसलेरी की हर बोतल असुरक्षित है। जांच एक विशेष सैंपल पर आधारित है। इसलिए उपभोक्ताओं को घबराने के बजाय पैकेज्ड पानी खरीदते समय सावधानी बरतनी चाहिए।
बोतल खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान
बोतल की सील और पैकिंग सही होनी चाहिए।
FSSAI लाइसेंस नंबर और ISI/BIS मानक चिह्न देखें।
मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट जांचें।
बैच नंबर और निर्माता की जानकारी जरूर पढ़ें।
पानी में असामान्य रंग, गंध या स्वाद महसूस हो तो उसका सेवन न करें।
FSSAI की इस कार्रवाई ने पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की गुणवत्ता और कंपनियों की जवाबदेही को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

FSSAI की रिपोर्ट पर बिसलेरी ने उठाए सवाल
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार, FSSAI की कार्रवाई के बाद 23 नवंबर को बिसलेरी ने अपना पक्ष रखते हुए जांच के निष्कर्षों पर आपत्ति जताई है। कंपनी का कहना है कि स्वतंत्र प्रयोगशाला से कराई गई जांच में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर पाई गई थी। कंपनी के मुताबिक, इस जांच की रिपोर्ट फरवरी 2026 में ही संबंधित नियामक को सौंप दी गई थी।
कंपनी ने जांच प्रक्रिया और रिपोर्ट को लेकर अपना पक्ष रखा है। ऐसे में मामले में नियामक की जांच और कंपनी की आपत्तियों के बीच आगे की कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी।

विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन