नेतन्याहू के बाल-मेकअप पर 4 करोड़ खर्च : 7 साल में PM की स्टाइलिंग पर सरकारी खजाने से 4.7 लाख डॉलर; 90% खर्च नेतन्याहू-सारा पर
तेल अवीव.
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बालों की स्टाइलिंग और मेकअप पर सरकारी खजाने से पिछले करीब 7 साल में लगभग 4.7 लाख डॉलर यानी करीब 4 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। यह खुलासा सूचना के अधिकार के तहत मिले सरकारी रिकॉर्ड से हुआ है।
दिसंबर 2025 में वकील यारा शलित ने प्रधानमंत्री कार्यालय से इस खर्च का ब्योरा मांगा था। इसके बाद अलग-अलग साल और महीनों में हुए खर्च की जानकारी सामने आई। इस अवधि में इजराइल में तीन प्रधानमंत्री रहे- बेंजामिन नेतन्याहू, नफ्ताली बेनेट और याइर लैपिड।
रिकॉर्ड के मुताबिक कुल खर्च का करीब 90% हिस्सा नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा से जुड़ा है। हालांकि कुछ दस्तावेजों में हेयर स्टाइलिस्ट और मेकअप आर्टिस्ट के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए। प्रधानमंत्री कार्यालय ने इसकी वजह राज्य की सुरक्षा बताई है।

युद्ध के बीच भी बालों और मेकअप पर खर्च
इजराइल और हमास के बीच युद्ध अक्टूबर 2023 में शुरू हुआ था। इसी साल सितंबर से नवंबर के बीच प्रधानमंत्री की हेयर स्टाइलिंग पर करीब 2,600 डॉलर यानी 22 लाख रुपए खर्च किए गए। इसी अवधि में मेकअप पर करीब 1,580 डॉलर यानी 13 लाख रुपए का खर्च दर्ज है। अक्टूबर 2023 में अकेले हेयर स्टाइलिंग का बिल करीब 810 डॉलर यानी 68 हजार रुपए रहा।
पूरे 2023 में बालों की स्टाइलिंग और मेकअप पर करीब 1.03 लाख डॉलर यानी 86 लाख रुपए खर्च किए गए। इसके मुकाबले 2022 में नफ्ताली बेनेट और याइर लैपिड के कार्यकाल के दौरान इस मद में करीब 27,600 डॉलर यानी 23 लाख रुपए खर्च हुए थे।
2025 में सबसे ज्यादा खर्च, एक साल में 93 लाख का बिल
रिकॉर्ड के मुताबिक 2025 में नेतन्याहू के बालों और मेकअप पर सबसे ज्यादा रकम खर्च हुई। पूरे साल इस मद में करीब 93 लाख रुपए खर्च किए गए। विदेश यात्राओं के दौरान भी हेयर स्टाइलिस्ट और मेकअप आर्टिस्ट की सेवाओं पर बड़ी रकम खर्च हुई। फरवरी 2025 में ऐसी सेवाओं पर करीब 11 लाख रुपए खर्च किए गए। यह विदेश यात्रा के दौरान इस मद में सबसे बड़ा खर्च बताया गया है।
यह यात्रा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से मुलाकात के लिए हुई थी। नेतन्याहू ट्रम्प के दूसरे कार्यकाल में व्हाइट हाउस पहुंचने वाले पहले विदेशी नेता बने थे। इससे पहले जुलाई 2024 में नेतन्याहू की वॉशिंगटन यात्रा के दौरान भी बालों और मेकअप पर करीब 9.6 लाख रुपए खर्च हुए थे।
कपड़ों और मेहमानों की मेजबानी में भी बड़ा अंतर
सरकारी रिकॉर्ड में प्रधानमंत्री से जुड़े कपड़ों और मेहमानों की मेजबानी के खर्च का भी ब्योरा सामने आया है। इस मद में नेतन्याहू से जुड़े खर्च करीब 1.12 करोड़ रुपए रहे। वहीं नफ्ताली बेनेट के कार्यकाल में करीब 16 लाख रुपए और याइर लैपिड के दौरान करीब 2.2 लाख रुपए खर्च हुए।
हालांकि गहनों, कपड़ों और इमेज कंसल्टिंग से जुड़े कुछ खर्चों का पूरा विवरण सरकार ने सार्वजनिक नहीं किया है। इसी तरह कुछ रिकॉर्ड में हेयर स्टाइलिस्ट और मेकअप आर्टिस्ट के नाम भी छिपाए गए हैं। सरकार ने इसके लिए सुरक्षा कारणों का हवाला दिया है।

बालों के रंग को लेकर पहले भी चर्चा में रहे हैं नेतन्याहू
बेंजामिन नेतन्याहू के हेयर स्टाइल और बालों के रंग को लेकर इजराइली मीडिया में पहले भी चर्चा होती रही है। उनके बाल अलग-अलग समय पर गहरे भूरे, ग्रे और सफेद नजर आए हैं। कुछ मौकों पर हरे और बैंगनी शेड की भी चर्चा हुई। 2017 में उनके बदलते हेयर कलर को लेकर काफी चर्चा हुई थी। उस समय नेतन्याहू ने मजाक में कहा था कि ‘ब्राउन नया ग्रे है।’
2021 में एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने खुद अपने बालों के रंग को लेकर खुलासा किया था। उन्होंने बताया था कि वह ऐसा शैंपू इस्तेमाल करते हैं, जिससे बालों का रंग बदला जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा था कि रंग के साथ किए गए प्रयोगों के दौरान उनके बाल कभी हरे, कभी भूरे और कभी बैंगनी नजर आने लगे थे।
RTI से सामने आया खर्च, कुछ जानकारी अब भी गोपनीय
सरकारी रिकॉर्ड के मुताबिक 2019 से अगस्त 2026 तक प्रधानमंत्री की हेयर स्टाइलिंग और मेकअप पर करीब 4.7 लाख डॉलर खर्च हुए। इस दौरान कुल खर्च में नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा रही।
हालांकि रिकॉर्ड के कुछ हिस्सों में नाम और खर्च से जुड़ी जानकारी हटाई गई है। ऐसे में पूरा खर्च किस-किस सेवा और व्यक्ति पर हुआ, इसकी सभी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन