Advertisment

News Affair में आपका हार्दिक स्वागत है — आपकी अपनी हिंदी न्यूज़ पोर्टल, जहाँ हर खबर मिलती है सही, सटीक और सबसे पहले।

हमारे साथ जुड़िए देश-दुनिया की ताज़ा ख़बरों, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार और तकनीक की हर बड़ी अपडेट के लिए। हम हैं आपकी आवाज़, आपके सवाल और आपकी जिज्ञासा के साथ — निष्पक्ष, निर्भीक और नई सोच के साथ।

13th September 2026

ब्रेकिंग

बोले- मेरे किसी मामले से कांग्रेस की लड़ाई कमजोर होती है तो पद छोड़ दूंगा

7 साल में PM की स्टाइलिंग पर सरकारी खजाने से 4.7 लाख डॉलर; 90% खर्च नेतन्याहू-सारा पर

एशियन गेम्स टीम से बाहर हुईं दिव्यांशी; रोते हुए बोलीं- ‘मां-पापा माफ करना, ये मेरा आखिरी वीडियो’

अकेले रहता था, भाई अमेरिका में; 3-4 दिन पुराना शव होने की आशंका

बैंक बदलने पर न पुराना स्टिकर हटाना पड़ेगा, न नया लगाना होगा

शिवराज बोले- 'कका'-कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को बर्बाद किया : 3.65 लाख PM आवास और मंजूर; सक्ती में 122 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

News Affair Team

Sat, Sep 12, 2026

सक्ती.

केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ की पिछली कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। सक्ती के ग्राम जेठा में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि “कका और कांग्रेस ने मिलकर पूरे राज्य को बर्बाद कर दिया था।” चौहान ने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों के घर बनाने के लिए केंद्र से भेजी गई राशि रोक दी गई थी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने इसी मुद्दे पर ‘मोर आवास मोर अधिकार’ आंदोलन किया था। अब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में रोज करीब 1600 से ज्यादा पीएम आवास पूरे हो रहे हैं।

इसी कार्यक्रम में चौहान ने छत्तीसगढ़ को 3.65 लाख अतिरिक्त प्रधानमंत्री आवासों की बड़ी सौगात दी। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को आवासों की स्वीकृति का पत्र सौंपा। कार्यक्रम में प्रदेश के 2 लाख नवनिर्मित पीएम आवासों का गृह प्रवेश भी कराया गया। वहीं सक्ती जिले को करीब 121.70 करोड़ रुपए के 38 विकास कार्यों की सौगात मिली। इनमें 23 कार्यों का भूमिपूजन और 15 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है।

शिवराज बोले- गरीबों के घर का पैसा भी रोक दिया गया था

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार गरीबों को पक्का घर देने के संकल्प के साथ काम कर रही है। उन्होंने पिछली कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय गरीबों के घर बनाने के लिए केंद्र से भेजे गए पैसे का उपयोग नहीं किया गया।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने गरीबों के आवास के अधिकार को लेकर ‘मोर आवास मोर अधिकार’ आंदोलन शुरू किया था। आंदोलन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं को लाठीचार्ज का सामना करना पड़ा और जेल भी जाना पड़ा, लेकिन गरीबों को पक्का घर दिलाने का संकल्प कायम रहा।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पिछले दो वर्षों में छत्तीसगढ़ में गरीब परिवारों के लिए 17 लाख से अधिक मकानों को मंजूरी दी गई है। प्रदेश में हर दिन करीब 1600 नए मकान पूरे हो रहे हैं।

3.65 लाख नए PM आवास की मंजूरी

सक्ती के कार्यक्रम में चौहान ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत छत्तीसगढ़ के लिए 3.65 लाख अतिरिक्त आवासों की मंजूरी की घोषणा की। उन्होंने इसकी स्वीकृति का पत्र मुख्यमंत्री को सौंपा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य सिर्फ गरीब परिवारों को पक्की छत देना नहीं है। आवास के साथ हितग्राहियों को उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, राशन, शौचालय और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं का लाभ देकर उनके जीवन स्तर में सुधार किया जा रहा है।

2 लाख परिवारों का नए घर में गृह प्रवेश

कार्यक्रम में प्रदेश के 2 लाख नवनिर्मित प्रधानमंत्री आवासों में गृह प्रवेश कराया गया। मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री की मौजूदगी में प्रतीकात्मक रूप से हितग्राहियों को नए घरों की चाबी सौंपी गई।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि गरीब परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट बैठक में ही 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति का निर्णय लिया गया था।

साय के मुताबिक पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में 11.50 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूरे हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि कोई भी पात्र गरीब परिवार पक्के घर से वंचित न रहे।

बस्तर में PM आवास सर्वे की तारीख 31 अक्टूबर तक बढ़ी

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बस्तर संभाग में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के सर्वे की समय-सीमा बढ़ाने की घोषणा भी की। अब सर्वे की अंतिम तारीख 31 अक्टूबर 2026 तक कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर काम कर रही हैं।

सक्ती में खुलेगा कृषि विज्ञान केंद्र

चौहान ने नवगठित सक्ती जिले में कृषि विज्ञान केंद्र खोलने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि केंद्र के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत खेती, फसल विविधीकरण और वैज्ञानिक मार्गदर्शन स्थानीय स्तर पर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ कृषि की दृष्टि से बेहद संभावनाशील राज्य है। धान के साथ अब सब्जी उत्पादन में भी प्रदेश अपनी पहचान बना रहा है। किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर काम कर रही हैं।

सक्ती को 121.70 करोड़ के 38 विकास कार्यों की सौगात

कार्यक्रम में सक्ती जिले को 121 करोड़ 70 लाख रुपए से अधिक के 38 विकास कार्यों की सौगात मिली। इनमें करीब 79.25 करोड़ रुपए की लागत वाले 23 कार्यों का भूमिपूजन और 42.46 करोड़ रुपए के 15 कार्यों का लोकार्पण किया गया। इन परियोजनाओं में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस, प्रशासन और ग्रामीण अधोसंरचना से जुड़े कार्य शामिल हैं।

भूमिपूजन वाले प्रमुख कार्यों में 25.82 करोड़ रुपए की लागत से देवरघटा, बरतुंगा, तुलसीडीह, अण्डा, चरौदा होते हुए सपिया नहरपार तक 22 किलोमीटर सड़क का निर्माण शामिल है।

इसके अलावा 15.30 करोड़ रुपए की लागत से छुहीपाली से कटेकोनी बड़े-कर्राखई-ठाकुरपाली होते हुए सेमराडीह तक 12 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण और नवीनीकरण का काम भी शुरू होगा। अण्डी-किरकार-जगमहन से सातबहिनिया, नगझर-नवापारा और गुरेराडीह किरारी से केसला मुख्य मार्ग सहित अन्य सड़क परियोजनाओं का भी भूमिपूजन किया गया।

कॉलेज भवन, उप स्वास्थ्य केंद्र और महतारी सदन भी शामिल

शिक्षा के क्षेत्र में शासकीय कन्या महाविद्यालय सक्ती के नवीन भवन, बेदराम शासकीय महाविद्यालय मालखरौदा के अतिरिक्त भवन और नवीन लाइवलीहुड संस्थान भवन का भूमिपूजन हुआ। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए विभिन्न गांवों में उप स्वास्थ्य केंद्र भवनों का निर्माण किया जाएगा। महिलाओं के लिए महतारी सदनों की आधारशिला भी रखी गई।

42.46 करोड़ के 15 काम जनता को समर्पित

कार्यक्रम में 42.46 करोड़ रुपए की लागत वाले 15 विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। इनमें मालखरौदा क्षेत्र में 14.35 करोड़ रुपए की लागत से कलमी नहरपार से चिखली, छोटेकोट, बड़ेकोट, सिंघरा होते हुए बेल्हाडीह तक सड़क और 11.35 करोड़ रुपए की लागत से देवरघटा से कठरापाली, निमोही, सिंघीतराई, बेनीपाली होते हुए ओड़ेकेरा मुख्य मार्ग तक पुल-पुलिया सहित सड़क प्रमुख हैं। इसके साथ ही बुंदेली-अड़भार मार्ग का भी लोकार्पण किया गया।

तहसील कार्यालय से पुलिस थाना भवन तक कई सौगात

जल जीवन मिशन के तहत स्थापित सोलर ड्यूल पंप, चंद्रपुर और हसौद के नवीन तहसील कार्यालय भवन, डभरा, चंद्रपुर और जैजैपुर के नए पुलिस थाना भवन तथा अड़भार पुलिस चौकी भवन का भी लोकार्पण किया गया। सुलौनी हाईस्कूल भवन, गोपालपुर प्रशिक्षण भवन और गोबरा में महतारी सदन सहित अन्य विकास कार्य भी जनता को समर्पित किए गए।

13.85 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। बिहान और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के जरिए महिलाओं को रोजगार और आजीविका के नए अवसर दिए जा रहे हैं।

साय ने बताया कि प्रदेश में अब तक 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। उन्होंने इसे महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा बदलाव बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत करीब 70 लाख महिलाओं को लाभ मिल रहा है और अब तक 20 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि उनके खातों में अंतरित की जा चुकी है।

ग्रामीण विकास में AI से जियो-टैग सत्यापन शुरू

कार्यक्रम में ग्रामीण विकास से जुड़े कई नए अभियानों और नवाचारों की शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण में AI आधारित जियो-टैग सत्यापन का शुभारंभ किया गया।

इसके अलावा ‘विकसित भारत-जी राम जी’ के तहत ‘धार अपार’ और ‘सुघ्घर बाड़ी’ अभियान शुरू किए गए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 270 नए इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टरों का विमोचन हुआ। ‘अथ उद्यमिता की ओर’ इन्क्यूबेशन कार्यक्रम के तहत चैलेंज फंड इवेंट की शुरुआत भी की गई।

पंचायतों के काम पर लगेगा बारकोड

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पंचायतों में होने वाले विकास कार्यों में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए बारकोड सिस्टम लागू किया जा रहा है। नागरिक बारकोड स्कैन करके संबंधित विकास कार्य की जानकारी हासिल कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि 26 जनवरी 2027 तक प्रदेश के प्रत्येक विद्यालय में बालिका शौचालय की सुविधा सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में पक्के मुक्तिधाम शेड और अन्य जरूरी अधोसंरचना का निर्माण भी कराया जाएगा।

बस्तर में विकास की नई गंगा बह रही: शिवराज

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ ने नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी है।

उन्होंने कहा कि अब बस्तर में पहले जैसी परिस्थितियां नहीं हैं। जिन क्षेत्रों में कभी बारूदी सुरंगों का डर था, वहां विकास की गतिविधियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं। सड़क, बिजली और दूसरी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीण इलाकों में बदलाव दिखाई दे रहा है।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष द्रौपती कीर्तन चंद्रा समेत जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी, लखपति दीदियां, पीएम आवास हितग्राही और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन