‘पांड्या स्टोर’ फेम रोहित चंदेल को POCSO केस में जमानत : 16 साल की लड़की का पीछा करने, बार-बार कॉल और मारपीट का आरोप; जुलाई में हुए थे गिरफ्तार
मुंबई.
टीवी शो ‘पांड्या स्टोर’ और ‘सैराब’ में नजर आ चुके एक्टर रोहित चंदेल को POCSO केस में जमानत मिल गई है। रोहित पर 16 साल की नाबालिग लड़की का पीछा करने, उसे बार-बार फोन कर परेशान करने और मारपीट करने के आरोप हैं। मुंबई पुलिस ने उन्हें जुलाई में गिरफ्तार किया था। वह करीब दो महीने से जेल में थे।
रोहित के खिलाफ प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन फ्रॉम सेक्सुअल ऑफेंसेज एक्ट (POCSO) के अलावा भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में भी मामला दर्ज किया गया है।

फोन उठाना बंद किया तो दूसरे नंबर से कॉल करने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, रोहित कथित तौर पर नाबालिग को अपने फोन नंबर से लगातार कॉल कर रहे थे। लड़की ने जब उनका फोन उठाना बंद कर दिया तो आरोप है कि वह दूसरे नंबरों से भी उसे बार-बार फोन करने लगे।
शिकायत में 5 जुलाई की घटना का भी जिक्र है। आरोप है कि रोहित ने लड़की को उसके घर के पास रोकने की कोशिश की और उसका पीछा किया। विरोध करने पर दोनों के बीच बहस हुई। लड़की ने आरोप लगाया कि इस दौरान उसे गालियां दी गईं और मारपीट भी की गई।
10 जुलाई को दहिसर स्थित घर से गिरफ्तारी
मामले में 10 जुलाई को शिकायत दर्ज की गई थी। इसके बाद पुलिस ने रोहित को दहिसर स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया और स्पेशल POCSO कोर्ट में पेश किया। मुंबई के पंत नगर पुलिस स्टेशन में दर्ज केस में POCSO एक्ट के साथ BNS की धारा 78 (स्टॉकिंग/पीछा करना) और धारा 115(2) के तहत भी आरोप लगाए गए हैं।
पहले दो बार जमानत की कोशिश हुई थी
रोहित चंदेल की जमानत को लेकर इससे पहले भी अदालत में सुनवाई हुई थी। 22 जुलाई को उनकी दूसरी जमानत अर्जी खारिज कर दी गई थी।
मामले के दस्तावेजों में कुछ विसंगतियां भी सामने आई थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिकॉर्ड में रोहित का पेशा एक्टर की जगह बिजनेसमैन दर्ज था। उनके धर्म और मेडिकल रिकॉर्ड में भी गलत जानकारी दर्ज होने की बात सामने आई थी। मेडिकल रिकॉर्ड में उनकी वैवाहिक स्थिति मैरिड लिखी गई थी, जबकि रोहित ने खुद को अविवाहित बताया था।
रोहित के वकील ने अदालत में दलील दी थी कि सरकारी दस्तावेजों में हुई इन गलतियों का केस के मूल तथ्यों पर कोई असर नहीं पड़ना चाहिए। दूसरी जमानत अर्जी खारिज होने के बाद 16 वर्षीय शिकायतकर्ता ने न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने अपना बयान दर्ज कराया था।
‘सैराब’ की को-स्टार किशोरी शहाणे ने जताई थी हैरानी
रोहित चंदेल की गिरफ्तारी की खबर सामने आने के बाद उनकी ‘सैराब’ की को-स्टार किशोरी शहाणे ने भी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने एक मीडिया बातचीत में बताया था कि खबर पढ़ने के बाद उन्हें पहले लगा कि यह सीरियल के प्रमोशन का हिस्सा है, क्योंकि शो में भी इसी तरह का ट्रैक चल रहा था। बाद में उन्हें पता चला कि मामला वास्तविक है। किशोरी ने कहा था कि शो की शूटिंग सामान्य तरीके से चल रही है और उन्हें मामले की ज्यादा जानकारी नहीं है।
‘पांड्या स्टोर’ से मिली पहचान
रोहित चंदेल टीवी इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम हैं। उन्होंने 2014 में ‘हर मुश्किल का हल अकबर बीरबल’ से टीवी डेब्यू किया था। इसके बाद वह ‘यम हैं हम’, ‘तमन्ना’, ‘ये उन दिनों की बात है’ और ‘चंद्रगुप्त मौर्य’ जैसे टीवी शोज में नजर आए। उन्हें सबसे ज्यादा पहचान स्टार प्लस के शो ‘पांड्या स्टोर’ में धवल मकवाना के किरदार से मिली। इसके बाद जी टीवी के ऐतिहासिक शो ‘काशीबाई बाजीराव बल्लाल’ में उन्होंने बाजीराव का रोल निभाया। वर्तमान में वह टीवी शो ‘सैराब’ में नजर आ रहे हैं।
एक्टिंग से पहले क्रिकेट खेलते थे
रोहित महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले के शाहदा के रहने वाले हैं। एक्टिंग में आने से पहले वह प्रोफेशनल क्रिकेट खेल चुके हैं। उन्होंने महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन के लिए क्रिकेट खेला है। इसके अलावा वह मार्शल आर्ट्स में भी अपने जिले का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
करीब 90 ऑडिशन में रिजेक्ट होने के बाद उन्हें पहला कमर्शियल एड मिला था। इसके बाद टीवी इंडस्ट्री में उनकी शुरुआत हुई। 2022 में वह डिज्नी+ हॉटस्टार की वेब सीरीज ‘स्काइप लाइव’ में भी नजर आए थे।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन