BRICS... मलेशियाई PM ने गाया- ‘ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत’ : अनवर इब्राहिम ने पूछा- ‘गुरु, थोड़ा सा गाने की इजाजत है?’, फिर गुनगुनाया किशोर दा का गीत
नई दिल्ली.
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम का बॉलीवुड और भारतीय संगीत से लगाव एक बार फिर देखने को मिला। शनिवार को नई दिल्ली में आयोजित BRICS समिट के डिनर में अनवर इब्राहिम ने किशोर कुमार का मशहूर गीत ‘ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत...’ गाया। इसके बाद उन्होंने मुकेश का लोकप्रिय गाना ‘दोस्त दोस्त ना रहा...’ भी गुनगुनाया।
मलेशियाई प्रधानमंत्री ने करीब डेढ़ मिनट का वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट X पर शेयर किया है। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा, “गुरु, थोड़ा सा गाने की इजाजत है?” इसके बाद उन्होंने अपनी पसंद के इन हिंदी फिल्मी गीतों की कुछ पंक्तियां गाईं।

‘तीन देवियां’ और ‘संगम’ के गाने चुने
अनवर इब्राहिम ने किशोर कुमार का जो गीत गाया, वह 1965 में रिलीज हुई फिल्म ‘तीन देवियां’ का है। इसे किशोर कुमार ने आवाज दी थी। गीत का संगीत एसडी बर्मन ने दिया था, जबकि बोल मजरूह सुल्तानपुरी ने लिखे थे।
इसके बाद उन्होंने फिल्म ‘संगम’ का गीत ‘दोस्त दोस्त ना रहा...’ गुनगुनाया। इस गीत को मुकेश ने गाया था और संगीत शंकर-जयकिशन का था। गीत के बोल शैलेंद्र ने लिखे थे।
पहले भी जता चुके हैं किशोर कुमार के लिए पसंद
अनवर इब्राहिम पहले भी किशोर कुमार के गानों के प्रति अपनी पसंद जाहिर कर चुके हैं। 2024 में भारत में दिए एक इंटरव्यू के दौरान भी उन्होंने ‘ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत...’ गाना गुनगुनाया था।
फरवरी 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मलेशिया यात्रा के दौरान भी अनवर ने दोनों देशों के संबंधों से जुड़ा एक आधिकारिक वीडियो मोंटाज शेयर किया था। इसमें फिल्म ‘कभी खुशी कभी गम’ का लोकप्रिय गीत ‘बोले चूड़ियां’ इस्तेमाल किया गया था।

मलेशिया में भारतीय सिनेमा का बड़ा दर्शक वर्ग
मलेशिया में भारतीय संस्कृति और सिनेमा की मजबूत मौजूदगी है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, वहां करीब 27.5 लाख भारतीय मूल के लोग रहते हैं, जो देश की आबादी का लगभग 9% हैं। इनमें करीब 20 लाख लोग तमिल बोलते हैं।
भारतीय मूल की बड़ी आबादी के कारण मलेशिया में बॉलीवुड के साथ तमिल फिल्मों का भी बड़ा बाजार है। शाहरुख खान की ‘दिलवाले’ ने वहां करीब 29 करोड़ रुपए, ‘जवान’ ने करीब 22 करोड़ और ‘पठान’ ने करीब 9 करोड़ रुपए का कारोबार किया था।
तमिल फिल्मों की भी मजबूत पकड़
मलेशिया में तमिल फिल्मों का कारोबार भी काफी बड़ा है। 2025 में रिलीज हुई रजनीकांत की ‘कुली’ ने वहां करीब 26-27 करोड़ रुपए का कारोबार किया, जबकि अजित कुमार की ‘गुड बैड अग्ली’ ने करीब 22 करोड़ रुपए कमाए।
वहीं सूर्या की 2026 की फिल्म ‘करुप्पु’ भी करीब 22 करोड़ रुपए के कलेक्शन के साथ मलेशिया में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों में शामिल रही। विजय की ‘गोट’ ने करीब 32 करोड़ और शिवकार्तिकेयन की ‘अमरन’ ने करीब 26 करोड़ रुपए का कारोबार किया था।
2022 में बने मलेशिया के प्रधानमंत्री
अनवर इब्राहिम मलेशिया के 10वें प्रधानमंत्री हैं। उन्होंने 24 नवंबर 2022 को प्रधानमंत्री पद संभाला था। इससे पहले वे 1993 में मलेशिया के 7वें डिप्टी प्रधानमंत्री बने थे।
1998 में तत्कालीन प्रधानमंत्री महाथिर मोहम्मद ने उन्हें सरकारी पदों से हटा दिया था। इसके बाद उन्हें भ्रष्टाचार और अन्य आरोपों में जेल भेजा गया। 2004 में उनकी सजा पलटने के बाद वे जेल से बाहर आए। बाद में वे लंबे समय तक विपक्ष के नेता रहे और 2022 के आम चुनाव के बाद प्रधानमंत्री बने।
BRICS डिनर में किशोर कुमार और मुकेश के गीत गाकर अनवर इब्राहिम ने भारत के साथ अपने राजनीतिक संबंधों के साथ-साथ भारतीय संगीत और सिनेमा के प्रति अपनी पसंद भी एक बार फिर सार्वजनिक रूप से जाहिर की।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन