मोदी के 25 साल पर BJP का ‘सेवा संकल्प’ : 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक अभियान; बस्तर में यात्रा से लेकर ‘सरकार आपके द्वार’ तक होंगे कार्यक्रम
News Affair Team
Sun, Sep 13, 2026
रायपुर.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के मौके पर छत्तीसगढ़ भाजपा महीनेभर मैदान में रहेगी। पार्टी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। शुरुआत मोदी के जन्मदिन पर शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने से होगी। महीनेभर सेवा, सुशासन, लाभार्थी संपर्क और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम होंगे। अभियान का समापन 17 अक्टूबर को ‘सुशासन सेवा संवाद’ के साथ होगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता कर अभियान की रूपरेखा बताई। इस दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री सिद्धार्थ शंभू और प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन मौजूद रहे।

बस्तर से युवाओं तक... अभियान के अलग-अलग चेहरे
भाजपा ने अभियान को सिर्फ राजनीतिक कार्यक्रमों तक सीमित रखने के बजाय सेवा और जनभागीदारी से जोड़ने की तैयारी की है। इसमें बस्तर में ‘सेवा संकल्प यात्रा’, ब्लॉक-तहसील स्तर पर ‘सेवा सेतु-सरकार आपके द्वार’ और युवाओं के लिए ‘मेरे सपनों का भारत’ जैसे कार्यक्रम होंगे। पार्टी का फोकस केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंच बनाने के साथ ‘सेवा और सुशासन’ का संदेश जनता तक पहुंचाने पर रहेगा।
17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर होगी। शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा। इसके जरिए जनभागीदारी के साथ प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्र निर्माण में योगदान को रेखांकित किया जाएगा।
18-19 सितंबर को युवाओं के बीच ‘मेरे सपनों का भारत’
विद्यार्थियों और युवाओं को अभियान से जोड़ने के लिए 18 और 19 सितंबर को ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम होगा। 18 सितंबर को ड्राइंग प्रतियोगिता और 19 सितंबर को प्रदर्शनी एवं भाषण प्रतियोगिता प्रस्तावित है। इसके जरिए युवाओं से देश के भविष्य को लेकर उनकी सोच और कल्पनाओं को सामने लाने की कोशिश होगी।
‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ में दिखेगा योजनाओं का असर
‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के तहत नुक्कड़ नाटक और सांगीतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। इनमें सरकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलाव की कहानियां प्रस्तुत की जाएंगी। पार्टी का उद्देश्य लाभार्थियों के अनुभवों के जरिए योजनाओं के असर को लोगों तक पहुंचाना है।
बदलते बस्तर की तस्वीर देश के सामने रखेगी ‘सेवा संकल्प यात्रा’
अभियान में बस्तर को खास जगह दी गई है। ‘सेवा संकल्प यात्रा’ के जरिए बस्तर में शांति, विकास और सुरक्षा के बदलाव को देश के सामने रखने की तैयारी है। भाजपा बस्तर की पुरानी छवि के मुकाबले विकास और बदलाव की नई तस्वीर को प्रमुखता से पेश करेगी।
‘सरकार आपके द्वार’ में मौके पर होगा समाधान
‘सेवा सेतु-सरकार आपके द्वार’ के तहत ब्लॉक और तहसील स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। इनमें हितग्राहियों को योजनाओं के स्वीकृति-पत्र देने के साथ राजस्व संबंधी मामलों के निराकरण का प्रयास होगा। यानी अभियान में पार्टी संगठन के साथ सरकारी योजनाओं की पहुंच को भी प्रमुखता दी जाएगी।
23 से 25 सितंबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’
23 से 25 सितंबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम होगा। इसमें नागरिकों और संस्थाओं को सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जांच, जल संरक्षण, जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा सहयोग और वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल साक्षरता जैसी गतिविधियां होंगी। ‘वोकल फॉर लोकल’ से जुड़ी गतिविधियों को भी अभियान में शामिल किया जाएगा।
लाभार्थियों के जरिए मजबूत होगा जनसंपर्क
भाजपा किसान, आवास और उज्ज्वला जैसी योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंच बनाने की तैयारी कर रही है। इसके जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं को भी सक्रिय किया जाएगा। संगठन स्तर पर अभियान का उद्देश्य सेवा और सुशासन का सकारात्मक नैरेटिव मजबूत करना और सरकार की योजनाओं से जुड़े लोगों के साथ सीधा संपर्क बढ़ाना है।
साय बोले- मोदी का सार्वजनिक जीवन प्रेरणादायी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का सार्वजनिक जीवन प्रेरणादायी है। वे राष्ट्र निर्माण के लिए प्रतिबद्धता और प्रामाणिकता के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ उन परिवारों के प्रति धन्यवाद की अभिव्यक्ति है, जिनके जीवन में केंद्र सरकार की योजनाओं से सकारात्मक बदलाव आया है।
17 सितंबर से शुरू होने वाला यह अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा। भाजपा इसे सेवा गतिविधियों, जनसंपर्क, लाभार्थी संवाद और सुशासन के संदेश को एक साथ जोड़ने वाले महीनेभर के अभियान के रूप में चला रही है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन