भाजपा अध्यक्ष ने टपकेश्वर महादेव में की पूजा : नितिन नबीन बोले- बोले- बूथ से ही मजबूत होगा संगठन; युवाओं से कर सकते हैं बात
News Affair Team
Sat, May 30, 2026
देहरादून.
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे का शनिवार को समापन हो रहा है। दौरे के अंतिम दिन उन्होंने देहरादून स्थित प्राचीन सिद्धपीठ टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर कार्यक्रमों की शुरुआत की। मंदिर में दर्शन के दौरान उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और विकास की कामना की।
मंदिर दर्शन के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष गढ़ी कैंट क्षेत्र में आयोजित बूथ समिति की बैठक में पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और बूथ स्तर के पदाधिकारियों से सीधा संवाद किया।
बैठक में उन्होंने संगठन की मजबूती के लिए बूथ इकाइयों को सबसे महत्वपूर्ण आधार बताते हुए कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क बढ़ाने और सरकार की योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
प्रबुद्ध गोष्ठी में रखा विकसित भारत का विजन
दौरे के अंतिम दिन का प्रमुख कार्यक्रम शिगनीवाला स्थित शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में आयोजित प्रबुद्ध गोष्ठी रहा। इस कार्यक्रम में शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, उद्यमियों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े बुद्धिजीवियों ने भाग लिया।
अपने संबोधन में नितिन नवीन ने विकसित भारत के लक्ष्य, आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था, युवा सशक्तिकरण और उत्तराखंड की विकास संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि देश को अगले दशक में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में युवाओं, शिक्षाविदों और समाज के जागरूक वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर मंथन
भाजपा सूत्रों के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा केवल संगठनात्मक समीक्षा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि आगामी राजनीतिक रणनीतियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पिछले दो दिनों के दौरान उन्होंने प्रदेश कोर कमेटी, मंत्रिपरिषद के सदस्यों, सांसदों, विधायकों और संगठन पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकों में भाग लिया।
बैठकों में संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन, सदस्यता अभियान और 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि मजबूत बूथ संरचना ही चुनावी सफलता का आधार बनती है।
युवाओं से करेंगे सीधा संवाद
दोपहर में मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित 'युवा संवाद' कार्यक्रम राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे का अंतिम प्रमुख आयोजन होगा। इस दौरान वे युवाओं के सुझाव सुनेंगे और रोजगार, नवाचार, स्टार्टअप तथा राजनीतिक भागीदारी जैसे विषयों पर चर्चा करेंगे।
कार्यक्रम के समापन के बाद उनके दिल्ली रवाना होने का कार्यक्रम निर्धारित है। जानकारी के अनुसार प्रवास के दौरान वे एक बूथ अध्यक्ष के आवास पर भी जाएंगे, जहां उनके लिए पारंपरिक पहाड़ी और नेपाली व्यंजनों की व्यवस्था की गई है।
संगठन और समाज के बीच संवाद बढ़ाने पर जोर
भाजपा नेतृत्व का मानना है कि उत्तराखंड में संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक सक्रिय बनाने के लिए बूथ स्तर तक संवाद बढ़ाना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा आयोजित किया गया, जिसमें संगठन के साथ-साथ युवाओं और प्रबुद्ध वर्ग को भी विशेष रूप से जोड़ा गया।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन