मधुमक्खियों ने युवक को मारे 200 डंक : हालत गंभीर, इंदौर रेफर; जवारा विसर्जन के दौरान किया हमला
News Affair Team
Tue, Oct 20, 2026
भोपाल.
देवास में जवारा विसर्जन के दौरान मंगलवार सुबह राजोदा गांव में मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर भगदड़ मच गई। करीब 40 लोग मधुमक्खियों के डंक से घायल हो गए। इनमें से 11 लोगों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि 200 से ज्यादा डंक लगने से गंभीर रूप से घायल एक युवक को इंदौर के एमवाय अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है। ग्रामीणों के मुताबिक, विसर्जन के लिए करीब 200 लोग कुएं के आसपास मौजूद थे। इसी दौरान कुछ लोग नहाने के लिए कुएं में उतरे और पानी के छींटे पेड़ पर बने मधुमक्खियों के छत्ते पर जा गिरे। इसके बाद मधुमक्खियों का झुंड भड़क गया और लोगों पर हमला कर दिया।

कुएं में नहाने उतरे लोग, छत्ते पर पानी पड़ते ही हमला
ग्रामीणों ने बताया कि जवारा विसर्जन के दौरान 5-6 लोग कुएं में नहाने के लिए कूदे थे। कुएं के ठीक ऊपर पीपल के पेड़ पर मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता था। नहाते समय पानी के तेज छींटे छत्ते पर पड़ने से मधुमक्खियां अचानक आक्रामक हो गईं।
कुछ ही देर में वहां मौजूद लोगों पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कई लोगों को शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर डंक लगे।
2 किमी तक भागे लोग, जाली में छिपकर बचाई जान
घायल संतोष पाटीदार ने बताया कि मधुमक्खियों के हमले के बाद लोग बचने के लिए नीम की डालियों का सहारा लेते हुए भागे। कुछ लोग मधुमक्खियों को हाथों से हांकते हुए करीब 2 किलोमीटर तक दौड़े। संतोष ने बताया कि उन्होंने खुद को और कुछ अन्य लोगों को एक जाली के भीतर छिपाकर बचाया। डर के कारण वे करीब 15 मिनट तक उसी के अंदर दुबके रहे।
गांव में प्राथमिक उपचार, 11 घायलों को अस्पताल पहुंचाया
ग्रामीण अशोक चौधरी के मुताबिक, कई घायलों को गांव में ही प्राथमिक उपचार दिया गया और ड्रिप चढ़ाई गई। गंभीर स्थिति वाले लोगों को जिला अस्पताल ले जाया गया।
जिला अस्पताल के डॉक्टर शरद वीरपरा ने बताया कि 11 घायलों को अस्पताल लाया गया था। इनमें कान्हा नाम के युवक की हालत गंभीर थी। उसके शरीर से 200 से अधिक डंक निकाले गए। इसके बाद उसे बेहतर उपचार के लिए इंदौर के एमवाय अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टर के मुताबिक, बाकी घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है और उनका इलाज जारी है।
ये लोग हुए घायल
मिली जानकारी के अनुसार, घायलों में शिवम पाटीदार, उत्कर्ष पाटीदार (11), बंटी राणा (15), जगदीश चौहान (36), संतोष पाटीदार (60), बाबूलाल (85), सतीश (40), ओमप्रकाश (45), राहुल (32), केशव बैरागी (18), राघव (15) और शुभम पाटीदार शामिल हैं।
घटना के बाद गांव में लोगों के बीच दहशत का माहौल रहा। जवारा विसर्जन के दौरान अचानक हुए इस हमले में कई लोगों को डंक लगे, हालांकि अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक अधिकांश घायलों की हालत स्थिर है।

विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन