लूडो में खूनी खेल : हारने पर दोस्त को मार डाला; पेट और सीने पर कैंची से किए ताबड़तोड़ वार
News Affair Team
Sun, Oct 4, 2026
लखनऊ.
लखनऊ के अलीगंज में शनिवार शाम लूडो खेलने के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पुरनिया पुल के नीचे दोस्तों के साथ लूडो खेल रहे 32 वर्षीय राहुल अवस्थी पर कैंची से हमला कर दिया गया। पेट और सीने में गंभीर चोट लगने के बाद राहुल खून से लथपथ होकर गिर पड़े। वारदात के बाद आरोपी और उसके साथी मौके से भाग निकले।
घटना शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले में प्रदीप सिंह को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

शराब पीने के दौरान लूडो को लेकर हुआ विवाद
प्रत्यक्षदर्शी सलीम के मुताबिक, पुल के नीचे कुछ युवक बैठकर लूडो खेल रहे थे। इसी दौरान वे शराब भी पी रहे थे। खेल के बीच किसी बात को लेकर युवकों में विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते मारपीट होने लगी।
सलीम ने बताया कि झगड़े के बाद तीन-चार युवक वहां से भाग गए, जबकि एक युवक जमीन पर पड़ा रहा। दुकानदारों ने पास जाकर देखा तो वह खून से लथपथ था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मालिश की दुकान से कैंची लेकर आया आरोपी
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि राहुल अपने साथी प्रदीप सिंह, बब्लू सिंह, पांडेय वकील और कुछ अन्य लोगों के साथ लूडो खेल रहा था। विवाद बढ़ने के बाद प्रदीप कथित तौर पर फुटपाथ पर चल रही मालिश की दुकान से कैंची लेकर आया और राहुल पर हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक, हमले में राहुल के सीने और पेट पर कई वार किए गए। राहुल के गिरने के बाद प्रदीप समेत अन्य युवक वहां से फरार हो गए।

परिवार बोला- पुलिस समय पर अस्पताल ले जाती तो बच सकती थी जान
राहुल के मौसेरे भाई शिवम ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि घटनास्थल पर पहुंचे पुलिसकर्मी काफी देर तक स्थिति देखते रहे और एंबुलेंस नहीं बुलवाई गई।
शिवम के मुताबिक, परिवार के लोग खुद ऑटो से राहुल को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि राहुल की करीब पांच साल पहले शादी हुई थी और उसका चार साल का बेटा है।
पुलिस का दावा- पहले अस्पताल ले जाया गया था
वहीं, पुलिस ने परिजनों के दावे से अलग जानकारी दी है। पुलिस के मुताबिक, घायल राहुल अवस्थी को घटना के बाद तत्काल अस्पताल ले जाया गया था। बाद में सूचना मिलने पर परिवार के लोग उसे KGMU लेकर गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान राहुल उर्फ अभिषेक कुमार अवस्थी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से सीतापुर के गैरोली का रहने वाला था।
अलीगंज-मड़ियांव सीमा पर हुई वारदात
जिस स्थान पर घटना हुई, वह अलीगंज और मड़ियांव थाना क्षेत्र की सीमा के पास बताया जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटाने के साथ आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी प्रदीप सिंह को हिरासत में लिया गया है। उसके साथ मौजूद अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
ADCP बोले- आरोपी हिरासत में, बाकी की तलाश जारी
ADCP नवीन कुमार सिंह ने बताया,
युवक के साथ हुई घटना की सूचना अलीगंज पुलिस को मिली थी। पुलिस ने आरोपी प्रदीप सिंह को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है और मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन