‘फालतू का कोई फ्री में 5 साल रहता है क्या?’ : काजल राघवानी ने खेसारी लाल पर फिर खोला दिल; बोलीं- ‘मेरे जैसी प्यार करने वाली नहीं मिलेगी’
पटना.
भोजपुरी सिनेमा की चर्चित ऑन-स्क्रीन जोड़ियों में रही काजल राघवानी और खेसारी लाल यादव की पुरानी कहानी एक बार फिर सुर्खियों में है। रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल सीजन 2’ में काजल ने खेसारी के साथ अपने करीब पांच साल पुराने रिश्ते और उससे जुड़ी यादों पर खुलकर बात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि खेसारी को उनके जैसी प्यार करने वाली दोबारा नहीं मिलेगी।
काजल ने मनीष कश्यप से बातचीत में कहा,
फालतू का कोई फ्री में 5 साल रहता है क्या? मेरे जैसी मिलेगी नहीं उनको प्यार करने वाली। खेसारी शायद उन्हें आज भी याद करते होंगे।
खेसारी के साथ काम को बताया सबसे अच्छा अनुभव
शो के बेसमेंट में मनीष कश्यप ने काजल से पूछा कि भोजपुरी इंडस्ट्री में उन्हें किस अभिनेता के साथ काम करना सबसे अच्छा लगा। काजल ने बिना नाम छिपाए खेसारी लाल यादव का नाम लिया।
उन्होंने कहा कि खेसारी के साथ काम करते हुए उन्होंने मेहनत करना और जरूरत पड़ने पर काम के लिए समय बढ़ाना सीखा। दोनों ने भोजपुरी सिनेमा में साथ कई फिल्मों में काम किया है और उनकी ऑन-स्क्रीन जोड़ी काफी लोकप्रिय रही है।

‘साथ काम करते-करते आकर्षण हुआ, फिर प्यार हो गया’
मनीष ने काजल से पूछा कि जब खेसारी पहले से शादीशुदा थे, तब उन्हें उनसे प्यार कैसे हुआ। काजल ने कहा कि वह पहली लड़की नहीं हैं, जिसे किसी शादीशुदा व्यक्ति से प्यार हुआ हो। उनके मुताबिक, दोनों लगातार साथ काम कर रहे थे। इसी दौरान एक-दूसरे के प्रति आकर्षण हुआ और बाद में यह रिश्ता प्यार में बदल गया।
‘शायद आज भी मुझे याद करते होंगे’
बातचीत में जब काजल से पूछा गया कि क्या खेसारी की तरफ से भी प्यार था, तो उन्होंने जवाब दिया कि कोई व्यक्ति बिना किसी वजह के पांच साल तक रिश्ते में नहीं रहता। काजल ने कहा कि उन्होंने खेसारी से बहुत प्यार किया था और संभव है कि वह आज भी उन्हें याद करते हों।

ग्रैंड प्रीमियर में भी खेसारी का किया था जिक्र
‘राइज एंड फॉल 2’ के ग्रैंड प्रीमियर में भी काजल अपनी निजी जिंदगी को लेकर बात कर चुकी हैं। शो के होस्ट वीरेंद्र सहवाग ने जब उनसे धोखे से जुड़े बयान पर सवाल किया, तो काजल ने कहा था कि जिस व्यक्ति की बात हो रही है, उससे उन्होंने शायद बहुत प्यार किया था या अब भी करती हैं।
उन्होंने यह भी कहा था कि वह व्यक्ति आज भी उनके दिल में है। काजल के इस बयान पर शो में मौजूद स्वरा भास्कर ने उनसे सवाल किया था कि क्या वह अब भी उसी व्यक्ति को वापस चाहती हैं।
काजल ने जवाब दिया था कि उन्होंने उससे बहुत प्यार किया है। साथ ही उन्होंने माना कि शायद उनकी जिंदगी की निराशा ऐसी है कि वह हर जगह उसी व्यक्ति का जिक्र करती रहती हैं।
पुराने रिश्ते पर खेसारी भी कर चुके हैं बात
खेसारी लाल यादव भी कुछ महीने पहले एक पॉडकास्ट में काजल राघवानी के साथ अपने पुराने रिश्ते का जिक्र कर चुके हैं। उन्होंने कहा था कि उस समय काजल उनके लिए सही थीं तो आज भी सही हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि रिश्ते में रहने के दौरान दोनों एक-दूसरे के करीब होते हैं, लेकिन ब्रेकअप के बाद दोनों पक्ष खुद को सही बताते हैं।
काजल के साथ दोबारा काम करने के सवाल पर खेसारी ने कहा था कि हर कलाकार की अपनी विचारधारा होती है। अगर अच्छा काम होगा तो वह काजल के साथ काम करने के लिए तैयार हैं।

काजल ने रिश्ते में हिंसा का भी किया था जिक्र
‘राइज एंड फॉल 2’ में काजल अपनी निजी जिंदगी के मुश्किल दौर का भी जिक्र कर चुकी हैं। अनीश भगत के साथ बातचीत में उन्होंने दावा किया था कि जिस व्यक्ति से उन्होंने प्यार किया था, उसी ने उनके साथ मारपीट की। काजल ने घटना को याद करते हुए कहा था कि उन्हें बुरी तरह पीटा गया और जमीन पर पटककर मारा गया। उन्होंने उस व्यक्ति का नाम लेने से इनकार किया था।
उन्होंने यह भी बताया था कि घटना के दौरान उनके बाल बुरी तरह खींचे गए थे। इस घटना को याद करते हुए काजल भावुक हो गई थीं और रोने लगी थीं। उन्होंने कहा था कि इन अनुभवों के बाद किसी पर आसानी से भरोसा करना उनके लिए मुश्किल हो गया है।
कभी शादी के वादे को लेकर भी हुआ था विवाद
काजल और खेसारी के रिश्ते को लेकर पहले भी विवाद सामने आते रहे हैं। काजल ने एक पुराने इंटरव्यू में दावा किया था कि खेसारी ने उनसे शादी का वादा किया था, लेकिन बाद में इससे पीछे हट गए।
काजल ने यह भी दावा किया था कि खेसारी उनसे अपने माता-पिता की देखभाल करने और साथ घर बसाने की बात करते थे। दूसरी ओर, खेसारी ने रिश्ते और ब्रेकअप को लेकर अलग पक्ष रखा था।
दोनों के बीच रिश्ते को लेकर लगाए गए ये दावे और जवाब लंबे समय से भोजपुरी इंडस्ट्री में चर्चा का विषय रहे हैं। अब ‘राइज एंड फॉल 2’ में काजल की नई टिप्पणियों के बाद दोनों का पुराना रिश्ता एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन