अखिलेश यादव पर ज्योति अधिकारी का तंज : हमारे जवाई हैं, समझाकर माफी मंगवा लेंगे; उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया बताने पर विवाद
News Affair Team
Thu, Oct 29, 2026
देहरादून.
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के उत्तराखंड के लोगों को लेकर दिए गए कथित बयान पर विवाद बढ़ता जा रहा है। हल्द्वानी की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ज्योति अधिकारी ने वीडियो जारी कर उन पर तंज कसा है। उन्होंने अखिलेश को उत्तराखंड का ‘जवाई’ यानी दामाद बताते हुए कहा कि वे उन्हें समझाकर अपने ससुराल वालों से माफी मंगवा लेंगी।
ज्योति ने कुमाऊंनी और हिंदी में जारी वीडियो में मजाकिया अंदाज अपनाया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव से कुछ गलती हो गई है और उन्हें समझाया जाएगा। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि जब तक अखिलेश उत्तराखंड के लोगों से माफी नहीं मांगते, विरोध जारी रहेगा।

बोलीं- हमारे जवाई हैं अखिलेश, हम संभाल लेंगे
ज्योति अधिकारी ने कुमाऊंनी अंदाज में कहा, “यह जो अखिलेश जी हैं, ये हमारे जवाई हैं। हमारी चेली से कुछ गड़बड़ हो गई है। अब जवाई को अपने पास बुलाकर अच्छी तरह समझा देंगे।”
वीडियो में उन्होंने अखिलेश यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्हें थोड़ा छल लग गया है और वे एक-दो दिन में ठीक हो जाएंगे। उनके साथ मौजूद कुछ लोग भी बातचीत में शामिल होते दिखाई दिए। ज्योति ने हंसते हुए कहा कि उत्तराखंड के लोगों से माफी मांगने तक विरोध जारी रहेगा।
उत्तराखंड के लोगों पर बयान से शुरू हुआ विवाद
दरअसल, अखिलेश यादव के उस कथित बयान को लेकर उत्तराखंड में विरोध हो रहा है, जिसमें उन्होंने उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा घुसपैठिए उत्तराखंड के होने की बात कही थी। इस बयान को लेकर प्रदेश में राजनीतिक और सोशल मीडिया स्तर पर प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
ज्योति अधिकारी ने अपने वीडियो में उत्तराखंड के लोगों के सम्मान का मुद्दा उठाया। उन्होंने विपक्षी दलों की भूमिका पर भी सवाल किए। उनका आरोप था कि राजनीतिक दल उन मुद्दों पर ज्यादा सक्रिय होते हैं, जिनसे उन्हें राजनीतिक फायदा मिलने की उम्मीद होती है।
बोलीं- बलिदानों और वीर जवानों की भूमि है उत्तराखंड
ज्योति ने उत्तराखंड को देवभूमि के साथ बलिदानों और वीर जवानों की भूमि बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सैनिकों ने देश की रक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके मुताबिक, उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया बताने वाला बयान प्रदेश के मान-सम्मान से जुड़ा है।
वीडियो में उन्होंने उत्तराखंड को योगियों की भूमि बताते हुए भी अखिलेश यादव पर कटाक्ष किया। साथ ही लोगों से एकजुट रहने और घुसपैठ के मुद्दे पर सतर्क रहने की अपील की।
गंगा स्नान और जागेश्वर धाम का भी किया जिक्र
वीडियो में मौजूद एक व्यक्ति ने कविता के जरिए उत्तराखंड की धार्मिक और प्राकृतिक विशेषताओं का वर्णन किया। इसमें गंगा स्नान, जागेश्वर धाम, नदियों, झरनों और पहाड़ों की सुंदरता का जिक्र किया गया। वीडियो के जरिए प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और धार्मिक महत्व को भी सामने रखने की कोशिश की गई।

विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन