10वीं के छात्र की स्कूल में चाकू मारकर हत्या : क्लासमेट ने किया हमला; बोला- पतला-पतला बोलकर चिढ़ाता था
News Affair Team
Fri, Jun 12, 2026
लखनऊ.
उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में शुक्रवार सुबह एक स्कूल के भीतर 10वीं के छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात उस वक्त हुई जब कक्षा में एक्स्ट्रा क्लास चल रही थी। हमले को अंजाम देने वाला छात्र उसका ही क्लासमेट बताया जा रहा है, जो भी 17 साल का नाबालिग है।
अचानक हुए इस हमले से क्लासरूम में अफरा-तफरी मच गई। शिक्षक और छात्र जान बचाकर बाहर भागे। गंभीर रूप से घायल छात्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

क्लास में पीछे बैठा था आरोपी, अचानक किया हमला
जानकारी के अनुसार, मृतक लवकुश यादव (17) आदर्श इंटर कॉलेज में 10वीं का छात्र था। शुक्रवार सुबह चल रही एक्स्ट्रा क्लास में वह आगे की सीट पर बैठा था, जबकि आरोपी छात्र पीछे बैठा था।
करीब 15 मिनट बाद आरोपी अचानक उठा और बिना कुछ बोले लवकुश के पास पहुंचा। उसने कमर में छिपाया चाकू निकाला और सीने पर लगातार 3 से 4 वार कर दिए। हमले के बाद क्लास में चीख-पुकार मच गई।
क्लास में भगदड़, शिक्षक ने आरोपी को पकड़ा
हमले के दौरान शिक्षक और अन्य छात्र क्लास छोड़कर बाहर भाग गए। शोर सुनकर अन्य शिक्षक मौके पर पहुंचे। खून से लथपथ छात्र को तुरंत अस्पताल भेजा गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
टीचर ने बताया कि आरोपी वारदात के बाद वहीं खड़ा रहा, जिसे मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
दोनों में पहले से था विवाद
ग्रामीणों के अनुसार, दोनों छात्रों के घर एक-दूसरे से लगभग 500 मीटर की दूरी पर हैं। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले दोनों के बीच झगड़ा हुआ था, जिसके बाद बातचीत बंद थी। हालांकि किसी ने नहीं सोचा था कि मामला इतना गंभीर हो जाएगा।

आरोपी का दावा: “ऑनलाइन मंगाया था चाकू”
पुलिस हिरासत में आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह पिछले कई दिनों से मानसिक तनाव में था। उसके अनुसार, लवकुश उसे परेशान करता था। पतला-पतला कहकर चिढ़ाता था। धक्का मारता और सबके सामने अपमानित करता था।
आरोपी ने दावा किया कि उसने छह दिन पहले ऑनलाइन चाकू मंगाया था और मौका मिलते ही हमला कर दिया।
परिवार का रो-रोकर बुरा हाल, गांव में तनाव
घटना के बाद मृतक छात्र के परिवार में कोहराम मच गया है। पिता और मां अयोध्या से लौट रहे हैं। वहीं गांव में आरोपी का घर बंद मिला और परिवार के लोग फरार बताए जा रहे हैं। दादी और परिजनों का कहना है कि लवकुश शांत और पढ़ाई में अच्छा छात्र था।
पुलिस जांच में जुटी, नाबालिग आरोपी हिरासत में
सीओ के अनुसार, दोनों छात्रों के बीच पुराना मनमुटाव सामने आया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन