गोरखपुर में NIA की छापेमारी : थाईलैंड के बिजनेसमैन पन्नेलाल यादव के घर 8 घंटे तक चली कार्रवाई; बेटे को 4 जून को बुलाया लखनऊ
News Affair Team
Sat, May 31, 2025
गोरखपुर.
नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) की एक विशेष टीम ने शुक्रवार को गोरखपुर के खजनी थाना क्षेत्र स्थित रावतडाड़ी गांव में थाईलैंड में रहने वाले बिजनेसमैन पन्नेलाल यादव के घर पर अचानक छापेमारी की। सुबह 4 बजे शुरू हुई यह कार्रवाई लगभग 8 घंटे तक चली। इस दौरान टीम ने पन्नेलाल के शहर के आजाद नगर स्थित ठिकानों पर भी तलाशी ली।
पन्नेलाल यादव पिछले 25 वर्षों से बैंकॉक (थाईलैंड) में कारोबार कर रहे हैं। एनआईए की कार्रवाई का कारण उनके बेटे अमन यादव के खाते से एक संदिग्ध ट्रांजैक्शन है। जानकारी के अनुसार, 4 जनवरी को अमन के खाते से गुजरात निवासी अनीता देवी के खाते में 15 हजार रुपए भेजे गए थे। एनआईए इसी संदर्भ में जांच कर रही है।

कैश के बदले ट्रांसफर की बात, NIA नहीं मान रही सफाई
अमन यादव ने अपनी सफाई में बताया कि वह उस समय चाय की दुकान पर था, जब एक व्यक्ति ने उससे कहा कि उसके पास कैश है और पैसे भेजने हैं। अमन ने उस व्यक्ति के कहने पर कैश लेकर अपने और अपनी बहन शिवानी के खातों से कुल 15 हजार रुपए ट्रांसफर किए। हालांकि एनआईए को शक है कि यह ट्रांजैक्शन पन्नेलाल के निर्देश पर हुआ था।
एनआईए ने अमन, शिवानी और एक अन्य बहन शिवाली से भी पूछताछ की है। पूछताछ के दौरान उनके मोबाइल का डेटा एक्सेस भी लिया गया है, जिसकी फोरेंसिक जांच की जाएगी।
परिवार ने लगाए मारपीट और दुर्व्यवहार के आरोप
पन्नेलाल यादव के भतीजे दीपक यादव ने एनआईए टीम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि टीम ने घर में महिलाओं और एक नाबालिग लड़की के साथ दुर्व्यवहार किया और बल प्रयोग किया गया। दीपक ने कहा, "पूरे 8 घंटे की कड़ी पूछताछ के बावजूद एनआईए को कोई ठोस सबूत नहीं मिला।"
पन्नेलाल के बेटे अमन ने भी आरोप लगाया कि पूछताछ के दौरान परिवार के सदस्यों के साथ दुर्व्यवहार किया गया। अमन को नोटिस देकर 4 जून को लखनऊ एनआईए कार्यालय में पेश होने के लिए बुलाया गया है।
लखनऊ से आई थी विशेष टीम, स्थानीय प्रशासन भी मौजूद
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व लखनऊ से आए एनआईए अधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने किया। उनके साथ मनीष कुमार, वकील खान सहित चार सदस्यीय टीम थी। इसके अतिरिक्त दो एसडीएम, दो नायब तहसीलदार और खजनी थाना पुलिस भी मौजूद रही।
पन्नेलाल बैंकॉक से ले रहे थे अपडेट
पन्नेलाल यादव खुद बैंकॉक में मौजूद थे, लेकिन पूरे समय वह अपने परिवार और रिश्तेदारों से लगातार संपर्क में बने रहे। जैसे ही एनआईए टीम रवाना हुई, पन्नेलाल ने बेटे अमन से फोन पर बात की और पूरी जानकारी ली।
जांच जारी, अब सबकी नजर 4 जून पर
एनआईए की इस छापेमारी और पूछताछ से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। फिलहाल एजेंसी की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है। अब सभी की निगाहें 4 जून पर टिकी हैं, जब अमन को लखनऊ में पेश होना है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन