बंगाल में TMC नेता का सिर मुंडवाया : जूते-चप्पलों की माला पहनाकर निकाली परेड; गिरफ्तार पार्षद की गाड़ी पर अंडे फेंके
कोलकाता.
पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) से जुड़े नेताओं के खिलाफ लोगों का गुस्सा कई इलाकों में खुलकर सामने आने लगा है। रविवार को कोलकाता में गिरफ्तार टीएमसी पार्षद बप्पादित्य दासगुप्ता को अदालत ले जाते समय प्रदर्शनकारियों ने उनकी गाड़ी पर अंडे फेंके और विरोध प्रदर्शन किया। वहीं, राज्य के विभिन्न हिस्सों से सामने आए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
हावड़ा जिले में कथित रूप से अवैध वसूली के आरोपों से घिरे एक स्थानीय नेता का ग्रामीणों ने सिर मुंडवाकर जूते-चप्पलों की माला पहनाई और गांव में घुमाया। दूसरी ओर, एक अन्य वीडियो में एक नेता पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए कपड़ों के ढेर और साड़ियों के नीचे छिपा दिखाई दिया। इन घटनाओं ने राज्य की राजनीतिक हलचल को और तेज कर दिया है।

नेता को जूतों की माला पहनाकर निकाली परेड
हावड़ा के अमरदाहा गांव में ग्रामीणों ने स्थानीय टीएमसी नेता सन्यासी मन्ना पर सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर पैसे लेने का आरोप लगाया। नाराज लोगों ने उनका सिर मुंडवाया और जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपों की जांच की जाएगी, हालांकि अभी तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
कोर्ट ले जाते समय पार्षद की गाड़ी पर अंडे फेंके
कोलकाता नगर निगम के वार्ड-101 के पार्षद बप्पादित्य दासगुप्ता को शनिवार को उनके सहयोगी सौरव घोष के साथ गिरफ्तार किया गया था। दोनों पर कथित रूप से रंगदारी, धमकी, जबरन घुसपैठ और आगजनी की कोशिश जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
रविवार को जब उन्हें अदालत में पेशी के लिए ले जाया जा रहा था, तब पाटुली थाने के बाहर मौजूद लोगों ने उनकी गाड़ी पर अंडे फेंके और नारेबाजी की। स्थानीय अधिवक्ता परमिता डे ने शिकायत में आरोप लगाया है कि घर में कानूनी कार्यालय संचालित करने की अनुमति के बदले उनसे 20 लाख रुपये की मांग की गई थी। यह खबर भी पढ़ें... TMC विधायक मदन मित्रा की कार पर फेंके अंडे
'कट मनी' को लेकर बढ़ रही नाराजगी
राज्य के कई इलाकों में पिछले दिनों ऐसे वीडियो सामने आए, जिनमें स्थानीय नेताओं पर सरकारी योजनाओं के नाम पर कथित तौर पर पैसा लेने और बाद में उसे लौटाने का दबाव झेलने के आरोप लगे।
दक्षिण 24 परगना के नामखाना क्षेत्र का एक वीडियो भी चर्चा में रहा, जिसमें कथित रूप से लाभार्थियों को पैसे लौटाए जाते दिखाई दिए। आरोप है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभ दिलाने के बदले लोगों से रकम ली गई थी।
पिछले कुछ दिनों में सामने आए विरोध के प्रमुख मामले
5 जून को साल्ट लेक में गिरफ्तार टीएमसी नेता जय प्रकाश मजूमदार के खिलाफ प्रदर्शन हुआ और उनकी मौजूदगी में लोगों ने विरोध जताया।
दमदम क्षेत्र में राहत सामग्री वितरण में कथित अनियमितताओं को लेकर एक पार्षद को भीड़ के गुस्से का सामना करना पड़ा।
कूचबिहार में एक स्थानीय नेता को प्रदर्शनकारियों के डर से छिपना पड़ा था।
सोनारपुर में टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के दौरे के दौरान भी विरोध प्रदर्शन और धक्का-मुक्की की घटना सामने आई थी।
शिकायतों की जांच के लिए आयोग
राज्य सरकार ने कथित वित्तीय अनियमितताओं, कट मनी और सरकारी योजनाओं में गड़बड़ियों की शिकायतों की जांच के लिए एक आयोग गठित किया है। आयोग की अध्यक्षता सेवानिवृत्त न्यायाधीश विश्वजीत बसु कर रहे हैं। सरकार का कहना है कि नागरिक अब सीधे अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे।
वर्षों से राजनीतिक मुद्दा रहा है 'कट मनी'
पश्चिम बंगाल की राजनीति में 'कट मनी' लंबे समय से विवाद का विषय रही है। विपक्षी दल लगातार आरोप लगाते रहे हैं कि सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर लाभार्थियों से कमीशन लिया जाता है। वर्ष 2019 में भी इस मुद्दे ने व्यापक राजनीतिक बहस को जन्म दिया था और कई क्षेत्रों में लोगों ने कथित रूप से वसूली गई रकम वापस करने की मांग की थी।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन