प्रयागराज में SSC-GD परीक्षा में बवाल : सर्वर फेल होते ही छात्रों का हंगामा, कंप्यूटर तोड़े; हाईवे जाम किया, परीक्षा रद्द
News Affair Team
Tue, May 26, 2026
प्रयागराज.
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में SSC-GD भर्ती परीक्षा के दौरान मंगलवार को छात्रों ने जमकर उत्पात मचाया। छात्रों ने परीक्षा केंद्र में तोडफोड़ कर दी। कई कंप्यूटर, कुर्सियां और फर्नीचर तोड़ दिए गए। इसके बाद छात्रों ने प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर जाम लगा दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद हालात को नियंत्रित किया। घटना के बाद मंगलवार की परीक्षा रद्द कर दी गई है। छात्र परीक्षा शुरू होते ही सर्वर फेल होने से नाराज थे।

परीक्षा शुरू होते ही डाउन हुआ सर्वर
घटना सरायइनायत थाना क्षेत्र के अंदावा स्थित सुनीता सिंह सीता सिंह महाविद्यालय की है, जहां SSC-GD परीक्षा तीन शिफ्टों में आयोजित की जानी थी।
पहली शिफ्ट सुबह 10 बजे शुरू हुई। केंद्र पर 600 अभ्यर्थियों का पंजीकरण था, जिनमें करीब 450 छात्र परीक्षा देने पहुंचे थे। परीक्षा शुरू होने के कुछ ही देर बाद कंप्यूटर सर्वर डाउन हो गया।
तकनीकी समस्या दूर नहीं होने पर परीक्षार्थियों का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने परीक्षा केंद्र में तोड़फोड़ शुरू कर दी।
कंप्यूटर तोड़े, हाईवे किया जाम
हंगामे के दौरान कई कंप्यूटर सिस्टम, कुर्सियां और क्लासरूम का सामान क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद नाराज छात्रों ने प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
स्थानीय पुलिस और ट्रैफिक टीम मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाकर रास्ता खाली कराया।
तोड़फोड़ करने वालों पर होगी कार्रवाई
सरायइनायत थाना प्रभारी संजय गुप्ता ने बताया कि परीक्षा केंद्र में नुकसान की सूचना मिली है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर तोड़फोड़ करने वाले छात्रों की पहचान कर रही है।
उन्होंने कहा कि तकनीकी टीम को भी बुलाया गया है, जो सर्वर फेल होने की वजह की जांच करेगी।
SSC ने परीक्षा रद्द की, नई तारीख जल्द
SSC के क्षेत्रीय प्रमुख आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि तकनीकी गड़बड़ी के चलते परीक्षा रद्द की गई है।
उन्होंने कहा कि नई परीक्षा तारीख जल्द घोषित की जाएगी और प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए नए एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे।
एक दिन पहले भी हुआ था हंगामा
25 मई को भी प्रयागराज के एक अन्य परीक्षा केंद्र पर भारी अव्यवस्था देखने को मिली थी। दूसरी शिफ्ट में निर्धारित सीटों से दोगुने अभ्यर्थी पहुंचने के कारण छात्रों ने हंगामा कर दिया था।
इस दौरान कंप्यूटर, मॉनिटर, CCTV, सर्वर, AC और अन्य उपकरणों को नुकसान पहुंचाया गया। पुलिस ने मौके से एक छात्र को हिरासत में भी लिया था।
बेंगलुरु की कंपनी को दी गई थी जिम्मेदारी
SSC मध्य क्षेत्र ने परीक्षा संचालन की जिम्मेदारी एडिक्यूटि कॅरियर टैक्नोलॉजिस प्राइवेट लिमिटेड को सौंपी थी।
केंद्र प्रबंधन के मुताबिक उपलब्ध कंप्यूटरों की संख्या से कहीं ज्यादा परीक्षार्थियों का आवंटन कर दिया गया था, जिससे व्यवस्थाएं बिगड़ गईं।
5 शहरों के कई केंद्रों की परीक्षा रद्द
तकनीकी कारणों का हवाला देते हुए SSC ने प्रयागराज, कानपुर, लखनऊ, गोरखपुर और मुजफ्फरनगर के कुछ परीक्षा केंद्रों की दूसरी और तीसरी पाली की परीक्षाएं भी रद्द कर दी हैं।
आयोग का कहना है कि सभी प्रभावित अभ्यर्थियों की परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी।
क्या है SSC-GD परीक्षा
कर्मचारी चयन आयोग यानी SSC इस परीक्षा के जरिए BSF, CRPF, CISF, ITBP, SSB और असम राइफल्स जैसे केंद्रीय अर्धसैनिक बलों में कांस्टेबल भर्ती करता है।
परीक्षा चार चरणों में होती है-
CBT ऑनलाइन परीक्षा
PET/PST शारीरिक परीक्षा
मेडिकल टेस्ट
दस्तावेज सत्यापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन