राहुल गांधी के बिगड़े बोल, मोदी-अमित शाह को बताया ‘गद्दार’ : रायबरेली में बोले- RSS और भाजपा ने संविधान खत्म किया; देश बड़े आर्थिक संकट की तरफ बढ़ रहा
रायबरेली/अमेठी.
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अपने दो दिवसीय उत्तर प्रदेश दौरे के दौरान बुधवार को रायबरेली और अमेठी में भाजपा, RSS और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। राहुल ने कहा कि RSS और भाजपा ने संविधान की मूल भावना को खत्म कर दिया है। भाषण के दौरान राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के लिए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि जब RSS के लोग सामने आएं तो खुलकर कहिए कि “आपका प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और संगठन गद्दार है।”
राहुल गांधी ने रायबरेली में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश एक बड़े आर्थिक संकट की तरफ बढ़ रहा है और आने वाले समय में जनता को इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी। उन्होंने दावा किया कि “आर्थिक तूफान” आने वाला है और प्रधानमंत्री मोदी लोगों को बचा नहीं पाएंगे।
बोले- फिर टीवी पर आकर हाथ जोड़ेंगे
राहुल गांधी ने कहा, “याद रखना, जैसे कोविड और नोटबंदी के समय लोगों को तकलीफ हुई थी, वैसे ही फिर हालात बनेंगे। उस समय टीवी पर आकर हाथ जोड़ेंगे, कहेंगे- मेरी गलती नहीं है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने आम लोगों की जेब से पैसा निकालकर बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाया है। राहुल ने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र की संस्थाओं को निजी हाथों में सौंपा जा रहा है और आरक्षण तथा न्याय व्यवस्था को कमजोर किया जा रहा है।
संविधान पर भी बोला हमला
रायबरेली में राहुल गांधी ने कहा कि जब RSS के लोग संविधान का अपमान करते हैं तो लोग चुप हो जाते हैं, जबकि संविधान की रक्षा करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालयों में ऐसे लोगों को नियुक्त किया जा रहा है जिन्हें इतिहास और भूगोल तक की समझ नहीं है। राहुल ने कहा कि संविधान सामाजिक न्याय और बराबरी की गारंटी देता है, लेकिन भाजपा सरकार इसे कमजोर करने में लगी है।
अमेठी में मेलोनी और मोदी पर टिप्पणी
राहुल गांधी ने अमेठी में कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की मुलाकात पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि देश आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहा है और प्रधानमंत्री विदेशों में “रील” बनाने में व्यस्त हैं।
उन्होंने कहा, “जो आर्थिक दीवार सरकार को खड़ी करनी थी, वो नहीं की गई। अब वीडियो और प्रचार में समय लगाया जा रहा है।”
RSS को खुली चुनौती
अमेठी में राहुल गांधी ने कहा कि उनसे माफी मांगने के लिए कहा गया, लेकिन वे माफी नहीं मांगेंगे। उन्होंने दोहराया कि वे भाजपा और RSS की नीतियों के खिलाफ खुलकर बोलते रहेंगे।
राहुल ने कहा कि देश का युवा बेरोजगारी और निराशा से जूझ रहा है। उन्होंने NEET परीक्षा, महंगाई और पेट्रोल-गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर भी केंद्र सरकार पर सवाल उठाए।
सोशल मीडिया पर भी साधा निशाना
राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि “देश आर्थिक दबाव में है और प्रधानमंत्री इटली में टॉफियां बांट रहे हैं।” उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर, महिलाएं और छोटे व्यापारी परेशान हैं, जबकि भाजपा सिर्फ प्रचार में लगी हुई है।
भाजपा ने बयान को बताया दुर्भाग्यपूर्ण
राहुल गांधी के बयान पर भाजपा नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी। भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कहा कि प्रधानमंत्री के लिए इस तरह की भाषा कांग्रेस की मानसिकता को दिखाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार प्रधानमंत्री का अपमान करती रही है क्योंकि वे पिछड़े और गरीब समाज से आते हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राहुल गांधी के बयान को “अराजकतावादी मानसिकता” का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय राजनीति में एक-दूसरे का सम्मान करने की परंपरा रही है, लेकिन राहुल गांधी लगातार मर्यादा तोड़ रहे हैं।
गिरिराज सिंह बोले- मोदी को नहीं, देश को गाली
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री मोदी को नहीं, बल्कि देश को गाली दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी विदेश दौरे पर भारत को मजबूत करने और वैश्विक स्तर पर देश की स्थिति मजबूत करने के लिए जाते हैं। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि मोदी सरकार ने आतंकवाद और नक्सलवाद पर सख्ती से नियंत्रण किया है और यही वजह है कि विपक्ष लगातार निराशा में ऐसे बयान दे रहा है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन