धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण : राष्ट्रपति भवन में पद्म सम्मान समारोह; हरमनप्रीत कौर समेत 66 हस्तियां सम्मानित
नईदिल्ली.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित पद्म पुरस्कार 2026 समारोह के पहले चरण में देश की 66 प्रतिष्ठित हस्तियों को सम्मानित किया। समारोह में कला, साहित्य, खेल, शिक्षा, समाज सेवा और उद्योग जगत से जुड़े नाम शामिल रहे।
सबसे पहले हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। उनकी ओर से यह सम्मान अभिनेत्री और सांसद हेमा मालिनी ने ग्रहण किया। राष्ट्रपति भवन में यह पल भावुक कर देने वाला रहा और मौजूद लोगों ने तालियों के साथ उन्हें श्रद्धांजलि दी।

हरमनप्रीत कौर को पद्मश्री
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर को पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उनकी कप्तानी में इसी साल भारतीय टीम ने वनडे वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रचा था।
समारोह में खेल जगत से जुड़े कई अन्य नामों को भी सम्मानित किया गया। सरकार ने इस साल कुल 131 पद्म पुरस्कारों की घोषणा की है। बाकी 65 हस्तियों को दूसरे चरण में सम्मानित किया जाएगा।

पीएम मोदी को प्रणाम कर चर्चा में आए के. पजनीवेल
पुडुचेरी के प्रसिद्ध सिलंबम गुरु के. पजनीवेल को पारंपरिक मार्शल आर्ट में योगदान के लिए पद्मश्री दिया गया। सम्मान ग्रहण करने से पहले उन्होंने जमीन पर लेटकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रणाम किया। बाद में उन्होंने पीएम मोदी के पैर भी छुए। यह दृश्य समारोह का सबसे चर्चित पल बन गया।
पत्रकार कैलाश चंद्र पंत और उद्योगपति सत्यनारायण नुवाल भी सम्मानित
वरिष्ठ पत्रकार कैलाश चंद्र पंत को हिंदी भाषा और पत्रकारिता में योगदान के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया गया।
वहीं रक्षा विनिर्माण क्षेत्र में योगदान के लिए सोलर ग्रुप के चेयरमैन सत्यनारायण नुवाल को भी पद्मश्री पुरस्कार मिला।
यूजीसी के पूर्व अध्यक्ष ममिडाला जगदेश कुमार को शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में योगदान के लिए पद्मश्री प्रदान किया गया।
पीयूष पांडे को मरणोपरांत पद्म भूषण
विज्ञापन जगत की चर्चित हस्ती पीयूष पांडे को मरणोपरांत पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। उनकी ओर से उनकी पत्नी नीता जोशी ने यह सम्मान ग्रहण किया।
5 हस्तियों को पद्म विभूषण
इस साल 5 हस्तियों को देश का दूसरा सबसे बड़ा नागरिक सम्मान पद्म विभूषण दिया गया। इनमें अभिनेता धर्मेंद्र, सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज केटी थॉमस, वायलिन वादक एन. राजम, शिक्षा क्षेत्र से पी. नारायण और केरल के पूर्व मुख्यमंत्री वीएस अच्युतानंदन शामिल हैं।
अलका याग्निक और शिबू सोरेन को पद्म भूषण
मशहूर गायिका अलका याग्निक, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन, उद्योगपति उदय कोटक और अभिनेता ममूटी समेत 13 हस्तियों को पद्म भूषण के लिए चुना गया है।
इनमें कुछ हस्तियों को अगले चरण में सम्मानित किया जाएगा।
रोहित शर्मा और आर माधवन को भी पद्मश्री
क्रिकेटर रोहित शर्मा, अभिनेता आर माधवन, हॉकी खिलाड़ी सविता पूनिया, पैरा एथलीट प्रवीण कुमार और बंगाली सिनेमा के सुपरस्टार प्रोसेनजीत चटर्जी समेत 113 हस्तियों को पद्मश्री के लिए चुना गया है।
हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत के तबला वादक कुमार बोस और बिहार के लोकगायक भरत सिंह भारती को भी पद्मश्री सम्मान मिला।
दूसरे चरण में होगा अगला समारोह
सरकार के मुताबिक पद्म पुरस्कार समारोह का दूसरा चरण बाद में आयोजित किया जाएगा। इसमें अभिनेता अजित कुमार, ममूटी, अलका याग्निक और आर माधवन समेत कई बड़ी हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा।
इस वर्ष घोषित 131 पुरस्कारों में 5 पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्मश्री शामिल हैं।
पिछले साल 139 लोगों को मिला था सम्मान
साल 2025 में कुल 139 पद्म पुरस्कार दिए गए थे। इनमें 7 पद्म विभूषण, 19 पद्म भूषण और 113 पद्मश्री शामिल थे। उस सूची में 23 महिलाएं और 13 मरणोपरांत सम्मान पाने वाले नाम शामिल थे।
पिछले वर्ष शारदा सिन्हा, ओसामु सुजुकी और वैज्ञानिक एम.टी. वासुदेवन नायर को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन