7 मई को 9 आतंकी ठिकानों को किया गया ध्वस्त : ऑपरेशन सिंदूर पर संसद में पहली बार बोली सरकार; पाकिस्तान ने किया संघर्ष विराम का अनुरोध
नई दिल्ली.
भारत सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर और भारत-पाक संघर्षविराम को लेकर संसद में पहली बार आधिकारिक रूप से स्थिति स्पष्ट की है। गुरुवार को राज्यसभा में विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने लिखित जवाब में बताया कि यह ऑपरेशन पाकिस्तान प्रायोजित आतंकियों द्वारा हुए बर्बर हमले के जवाब में शुरू किया गया था।
विदेश राज्य मंत्री ने बताया कि 7 मई 2025 को ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारत ने पाकिस्तान के 9 आतंकी लॉन्चपैड पूरी तरह ध्वस्त कर दिए। इसके बाद पाकिस्तान ने भारतीय सैन्य ठिकानों और नागरिकों को निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन भारतीय सेना ने कड़ा और सटीक जवाब देकर भारी नुकसान पहुँचाया।

सीजफायर का पाकिस्तान ने खुद किया अनुरोध
10 मई को पाकिस्तान के DGMO ने भारतीय समकक्ष से संपर्क कर गोलीबारी और सैन्य गतिविधियां रोकने का अनुरोध किया। उसी दिन दोनों देशों के बीच संघर्षविराम पर सहमति बनी।
भारत ने पाकिस्तान को ग्लोबल मंचों पर किया बेनकाब
कीर्ति वर्धन सिंह ने बताया कि भारत ने लगातार पाकिस्तान के सीमा पार आतंकवाद को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC), FATF और अन्य वैश्विक मंचों पर उठाया है।
इसके परिणामस्वरूप कई पाकिस्तान आधारित आतंकी संगठन UNSC की 1267 कमेटी और FATF की ग्रे लिस्ट में डाले गए। पहलगाम हमले के बाद UNSC ने भी इसकी कड़ी निंदा की।
अमेरिका ने भी माना TRF को वैश्विक आतंकी संगठन
अमेरिका ने हाल ही में लश्कर-ए-तैयबा के प्रॉक्सी संगठन "The Resistance Front (TRF)" को विदेशी आतंकी संगठन घोषित किया। यह भारत की कूटनीतिक जीत मानी जा रही है।
भारत का अमेरिका को स्पष्ट संदेश
सपा सांसद रामजी लाल सुमन के सवाल पर जवाब देते हुए मंत्री ने कहा कि भारत ने अमेरिका और अन्य साझेदार देशों को पाकिस्तान को दी जाने वाली सैन्य सहायता पर अपनी चिंताओं से अवगत कराया है।
उन्होंने कहा, "जम्मू-कश्मीर और लद्दाख भारत के अभिन्न अंग थे, हैं और रहेंगे। भारत और अमेरिका के बीच आतंकवाद विरोधी सहयोग एक मजबूत स्तंभ है।"
ट्रंप ने सबसे पहले दी सीजफायर की जानकारी
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 10 मई को शाम 5:33 बजे X (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर बताया कि अमेरिका की मध्यस्थता के बाद भारत और पाकिस्तान पूर्ण और तत्काल संघर्षविराम पर सहमत हो गए हैं।
“After a long night of talks mediated by the United States, I am pleased to announce that India and Pakistan have agreed to a FULL AND IMMEDIATE CEASEFIRE.”
इस पोस्ट के करीब 30 मिनट बाद, भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने शाम 6 बजे प्रेस वार्ता कर संघर्षविराम की आधिकारिक जानकारी दी।
मुख्य बिंदु:
7 मई: भारत का ऑपरेशन सिंदूर, पाक के 9 आतंकी ठिकानों को नष्ट किया।
10 मई: पाक DGMO ने भारत से संपर्क कर सीजफायर की अपील की।
10 मई शाम: ट्रंप ने X पर संघर्षविराम की जानकारी दी।
भारत ने पाक को ग्लोबल मंचों पर अलग-थलग किया।
UNSC और FATF में आतंकी संगठनों पर कार्रवाई।
TRF को अमेरिका ने वैश्विक आतंकी संगठन घोषित किया।
भारत-अमेरिका सहयोग से आतंकवाद पर सख्त नजर।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन