एयरफोर्स अफसर की पत्नी से रेप, धर्मांतरण : फोटो-वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल; स्कूल के दोस्त समेत 3 पर FIR
नागपुर.
महाराष्ट्र के नागपुर में भारतीय वायुसेना (IAF) के एक अधिकारी की 24 वर्षीय पत्नी द्वारा रेप, ब्लैकमेलिंग और कथित जबरन धर्मांतरण के गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मुख्य आरोपी की पहचान अयाज ताज मदारे के रूप में हुई है, जो पीड़िता का स्कूल का सहपाठी बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, महिला के पति भारतीय वायुसेना में कार्यरत हैं और वर्तमान में दूसरे शहर में तैनात हैं। पीड़िता नागपुर में प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करती है। शिकायत में कहा गया है कि फरवरी 2025 में अयाज ने जमीन खरीदने के बहाने उससे संपर्क किया और धीरे-धीरे उसके करीब आने की कोशिश की।

नशीला पेय पदार्थ पिलाकर किया दुष्कर्म
एफआईआर के मुताबिक, आरोपी ने महिला को वर्धा रोड स्थित एक होटल में बुलाया। महिला का आरोप है कि वहां उसे नशीला पदार्थ मिलाकर पेय पदार्थ दिया गया, जिसके बाद वह अचेत हो गई। इसी दौरान उसके साथ दुष्कर्म किया गया और आपत्तिजनक फोटो व वीडियो बनाए गए।
ब्लैकमेल कर वसूले 4 लाख रुपए
महिला का दावा है कि बाद में इन्हीं तस्वीरों और वीडियो के आधार पर उसे लगातार ब्लैकमेल किया गया। आरोप है कि आरोपी ने कई बार उसका यौन शोषण किया और उससे करीब चार लाख रुपये भी वसूले। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि उस पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया गया और धार्मिक अनुष्ठानों के नाम पर कई गतिविधियों में शामिल होने के लिए मजबूर किया गया।

वारदात का वीडियो भी आया सामने
मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में आरोपी कथित रूप से महिला के हाथ पकड़कर धार्मिक आयतें पढ़ता दिखाई देता है। वीडियो में महिला विरोध करती और हाथ छोड़ने की गुहार लगाती सुनाई देती है। हालांकि वीडियो की प्रामाणिकता और परिस्थितियों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
धर्मांतरण के बाद कराया गया निकाह
शिकायत में कहा गया है कि 31 मई को आरोपी महिला को नागपुर के पास कलमेश्वर क्षेत्र ले गया, जहां उसकी मुलाकात अमीन शेख और एक मौलाना से कराई गई। महिला का आरोप है कि उसे एक सुनसान स्थान पर ले जाकर जबरन धार्मिक प्रक्रिया कराई गई और उससे ‘कबूल है’ कहलवाया गया। इसके बाद कथित रूप से उसे बताया गया कि उसका धर्मांतरण हो चुका है और उसका निकाह भी करा दिया गया है।
पीड़िता के अनुसार, 12 जून को जब उसके पति ड्यूटी से घर लौटे, तब उसने पूरी घटना उन्हें बताई। इसके बाद दोनों ने सोनेगांव पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

आरोपी हिरासत में, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त
पुलिस ने अयाज मदारे सहित तीन आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म, बार-बार यौन शोषण, ब्लैकमेलिंग, जबरन वसूली, कथित जबरन धर्मांतरण और महाराष्ट्र अंधश्रद्धा एवं काला जादू विरोधी कानून की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। जांच एजेंसियों ने आरोपियों के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर लिए हैं और डिजिटल साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन