शिलॉन्ग हनीमून हत्याकांड : इंदौर के ट्रांसपोर्टर राजा रघुवंशी की पेड़ काटने के औजार से हत्या; पत्नी सोनम अब भी लापता
News Affair Team
Wed, Jun 4, 2025
शिलांग / इंदौर.
मेघालय में हनीमून मनाने गए इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या की पुष्टि हो गई है। मंगलवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया है कि उनकी मौत पेड़ काटने के औजार से की गई। पूर्वी खासी हिल्स के एसपी विवेक सिम ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार बरामद कर लिया गया है और जल्द मामले का खुलासा होगा।
राजा रघुवंशी का शव सोमवार को 11 दिन बाद वेइसाडोंग क्षेत्र की एक गहरी खाई से मिला था। शव की पहचान दाहिने हाथ पर बने "राजा" नाम के टैटू से हुई। शव के पास एक सफेद महिला शर्ट, मोबाइल की टूटी स्क्रीन और स्मार्ट घड़ी भी मिली। शव को शिलांग के NEIGRIHMS अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
राजा की पत्नी सोनम रघुवंशी अभी तक लापता है। उसकी तलाश में एनडीआरएफ की टीमें और स्थानीय पुलिस ड्रोन की मदद से तलाशी अभियान चला रही हैं।



राजा के भाई की CBI जांच की मांग
राजा के भाई विपिन रघुवंशी ने मेघालय पुलिस पर मामले को दबाने का आरोप लगाया है और केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि राजा का पर्स, अंगूठी, चेन, बैग जैसी निजी चीजें बरामद नहीं हुई हैं, जिससे यह संदेह और गहराता है कि यह एक योजनाबद्ध अपहरण और हत्या है।
विपिन ने कहा, “मेघालय पुलिस केवल खानापूरी कर रही है। अगर आत्महत्या होती तो शव सुरक्षित जगह पर मिलता, न कि पांच फीट दीवार के नीचे खाई में।”

GPS ट्रैकिंग और स्कूटी से मिले सुराग
पुलिस जांच में सामने आया है कि राजा और सोनम 23 मई को नोंग्रियाट गांव से निकले थे। उनकी स्कूटी मावक्मा गांव के पास कुछ देर के लिए रुकी थी, और बाद में शिलांग से सोहरा रोड के किनारे एक कैफे में लावारिस हालत में मिली। यह इलाका शव मिलने की जगह से लगभग 25 किलोमीटर दूर है।

प्रेम विवाह, हनीमून और रहस्यमयी गुमशुदगी
राजा और सोनम की शादी 11 मई को इंदौर में हुई थी।
20 मई को वे हनीमून के लिए रवाना हुए।
23 मई को मेघालय के शिलॉन्ग स्थित ओसरा हिल्स से दोनों लापता हो गए।
24 मई को उनकी स्कूटी एक कैफे के पास लावारिस हालत में मिली।
3 जून को राजा का शव 11 दिन बाद 20-25 किमी दूर गहरी खाई में बरामद हुआ।
शव की पहचान हाथ के टैटू से की गई।
सोनम के भाई गोविंद और राजा के भाई विपिन इमरजेंसी फ्लाइट से शिलांग पहुंचे और सर्च ऑपरेशन में शामिल हुए। 3 जून को ड्रोन से शव का पता चला।
परिजनों ने पहले नेटवर्क समस्या समझा लेकिन 24 मई को दोनों के मोबाइल बंद हो गए, तब जाकर परिवार को चिंता हुई।
परिवार ने मंत्री के बयान पर जताया आक्रोश
मेघालय के पर्यटन मंत्री पॉल लिंगदोह ने कहा था कि पर्यटकों को अधिकृत गाइड के साथ ही यात्रा करनी चाहिए। इस पर परिवार ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सरकार केवल पर्यटन को बढ़ावा देने में रुचि रखती है, पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर नहीं।
राजा सुरक्षा को लेकर काफी जागरूक था
राजा के भाई सचिन रघुवंशी ने कहा, “राजा काफी सतर्क और सुरक्षा के प्रति जागरूक था। उसने पहले भी जम्मू-कश्मीर यात्रा के दौरान परिवार को खतरनाक जगहों पर जाने से मना किया था। वह सोनम को ऐसे जोखिम भरे ट्रैक पर कभी नहीं ले जाता।”
सोनम एक एचआर प्रोफेशनल थीं और हाल ही में नौकरी छोड़ी थी।
दोनों की शादी गुण मिलान और पारिवारिक सहमति से हुई थी।
सोनम ने हनीमून की प्लानिंग की थी, टिकट और पैकिंग भी खुद की थी।
मंत्री से मुलाकात, सांसद पहुंचे शिलांग
मंगलवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा से बातचीत की। इसके बाद सांसद शंकर लालवानी बुधवार को शिलांग पहुंचे और डीजीपी से मुलाकात की। सांसद ने कहा, “यह अब स्पष्ट है कि यह हादसा नहीं, अपराध है। जल्द खुलासा होगा।”
SIT टीम का गठन, हत्या की FIR दर्ज
मेघालय पुलिस ने इस मामले में हत्या की FIR दर्ज कर ली है और एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन कर दिया है। पुलिस ने कहा है कि किसी भी गड़बड़ी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
राजा का अंतिम संस्कार इंदौर में किया जाएगा। शव लाने की प्रक्रिया जारी है। संभावना है कि बुधवार या गुरुवार को शव इंदौर लाया जाएगा।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन