बंजी जंपिंग में रोप लगाए बिना लड़की को फेंका : 130 फीट से ज्यादा गहराई में गिरी, मौत; 6 लोग हिरासत में
News Affair Team
Sun, Jun 14, 2026
साओ पाउलो.
ब्राजील के साओ पाउलो राज्य में एडवेंचर स्पोर्ट के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां बंजी जंपिंग के समय कथित तौर पर सेफ्टी रोप न लगाए जाने की वजह से 21 वर्षीय युवती की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मृतका की पहचान मारिया एडुआर्डा रोड्रिग्स डी फ्रेटास के रूप में हुई है। वह एक निजी कंपनी द्वारा आयोजित बंजी जंपिंग एक्टिविटी में शामिल होने पहुंची थी। यह हादसा स्केलेटन ब्रिज पर हुआ।
आरोप है कि कर्मचारियों ने सुरक्षा रोप लगाए बिना ही युवती को छलांग लगवा दी, जिसके चलते वह करीब 130 फीट से अधिक गहराई में जा गिरी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

वीडियो में सामने आई लापरवाही, मची चीख-पुकार
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कर्मचारी युवती को पुल के किनारे लेकर जाते हैं और उसे नीचे छोड़ देते हैं। जैसे ही वह गिरती है, वहां मौजूद लोगों को समझ आता है कि सेफ्टी रोप नहीं जुड़ी थी।
वीडियो में लोग जोर-जोर से चिल्लाते सुनाई देते हैं-“रोप… रोप…” लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। युवती खाई में गिर चुकी थी। हादसे के बाद पुलिस ने मौके से 6 लोगों को हिरासत में लिया है और पूछताछ जारी है।
जंप से पहले शेयर की थीं तस्वीरें
जानकारी के मुताबिक, मारिया ने हादसे से कुछ समय पहले अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर जंपिंग साइट की तस्वीरें भी साझा की थीं। एक पोस्ट में उन्होंने लिखा था-
“आखिर किस पागल इंसान ने मुझे पुल से छलांग लगाने आने दिया?”
हादसे के समय उसका मंगेतर भी मौके पर मौजूद था। घटना के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे मेडिकल ट्रीटमेंट दिया गया।
सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल
इस घटना के बाद ब्राजील में एडवेंचर टूरिज्म की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय प्रशासन ने मामले की उच्च स्तरीय जांच के संकेत दिए हैं।
अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि सुरक्षा प्रोटोकॉल में कहां चूक हुई और किसकी जिम्मेदारी थी।
क्या होती है बंजी जंपिंग?
बंजी जंपिंग एक हाई-एडवेंचर स्पोर्ट है, जिसमें व्यक्ति को ऊंचे पुल, टावर या प्लेटफॉर्म से एक मजबूत इलास्टिक रोप के सहारे छलांग लगवाई जाती है।
सुरक्षा के लिए हार्नेस, रोप और एंकरिंग सिस्टम की कई स्तरों पर जांच की जाती है। विशेषज्ञों के अनुसार, सभी नियमों का पालन होने पर यह स्पोर्ट अपेक्षाकृत सुरक्षित माना जाता है।
दुनिया में लोकप्रिय बंजी जंपिंग स्पॉट्स
बंजी जंपिंग की शुरुआत न्यूजीलैंड के कावराउ ब्रिज से मानी जाती है। इसके अलावा चीन का मकाऊ टावर, विक्टोरिया फॉल्स ब्रिज और स्विट्जरलैंड का वेरजास्का डैम दुनिया के प्रमुख स्पॉट्स हैं।
भारत में भी ऋषिकेश, लोनावला, गोवा और बेंगलुरु जैसे स्थानों पर यह एडवेंचर स्पोर्ट लोकप्रिय है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन