दुबई में फंसी सोनल चौहान : पीएम मोदी से मांगी मदद; अबू धाबी में ईशा गुप्ता, बोलीं- मैं सुरक्षित
News Affair Team
Sun, Mar 1, 2026
मनोरंजन डेस्क.
“हम ठीक हैं… लेकिन वक्त डरावना है।”
यह कोई फिल्म का डायलॉग नहीं, बल्कि असल जिंदगी का अपडेट है। और यह अपडेट दिया है बॉलीवुड एक्ट्रेस ईशा गुप्ता ने।
जगह- अबू धाबी। देश- संयुक्त अरब अमीरात। और बैकग्राउंड में पश्चिम एशिया में बढ़ता युद्ध का खतरा, मिसाइल हमले और बंद होते एयरस्पेस।
दूसरी तरफ, ‘जन्नत’ फेम एक्ट्रेस सोनल चौहान दुबई एयरपोर्ट पर फंसी हैं। उन्होंने सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मदद की गुहार लगाई है।
“हम सुरक्षित हैं, लेकिन डर असली है”- ईशा गुप्ता का पोस्ट

रविवार सुबह ईशा गुप्ता ने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी पोस्ट की। शब्द कम थे, लेकिन डर साफ दिख रहा था।
उन्होंने लिखा:
“जो लोग मैसेज कर रहे हैं, जवाब न देने के लिए माफी। हम सुरक्षित हैं। लेकिन वक्त बहुत डरावना है। भगवान हमारी रक्षा करें। उम्मीद है जल्द घर लौटूंगी।”
ईशा ने यह भी भरोसा जताया कि UAE का रक्षा मंत्रालय लोगों की सुरक्षा के लिए पूरी कोशिश कर रहा है।

इससे पहले उन्होंने आसमान की एक तस्वीर शेयर कर अपनी लोकेशन कन्फर्म की थी— अबू धाबी।
यह वही शहर है, जो आम दिनों में लग्जरी, शांति और सुरक्षा के लिए जाना जाता है। लेकिन इस वक्त हालात सामान्य नहीं हैं।
दुबई में सोनल चौहान फंसीं, एयरपोर्ट बना इंतजार का मैदान


दूसरी तरफ, दुबई में हालात और ज्यादा बेचैन करने वाले हैं। सोनल चौहान ने इंस्टाग्राम पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को टैग करते हुए लिखा-
“माननीय प्रधानमंत्री जी, मैं दुबई में फंसी हुई हूं। फ्लाइट्स रद्द हो गई हैं। घर लौटने का कोई तरीका नहीं दिख रहा। कृपया मार्गदर्शन और मदद करें।”
इस समय सोनल दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मौजूद यात्रियों में शामिल हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिख रहा है- टर्मिनल पर भारी भीड़, लोग फर्श पर बैठे इंतजार कर रहे हैं, हर कोई स्क्रीन पर फ्लाइट अपडेट देख रहा है और हर अपडेट— “Cancelled”। यह इंतजार सिर्फ फ्लाइट का नहीं, बल्कि सुरक्षित घर पहुंचने का है।
आखिर अचानक फ्लाइट्स क्यों रद्द हुईं?
इस पूरे संकट की जड़ है पश्चिम एशिया में बढ़ता युद्ध। तनाव तब बढ़ा जब इजराइल और संयुक्त राज्य अमेरिका ने ईरान के सैन्य और परमाणु ठिकानों पर संयुक्त मिसाइल हमले किए।
इसके जवाब में ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। परिणाम? कई देशों ने अपना एयरस्पेस बंद कर दिया, फ्लाइट्स रूट बदल दिए गए, कई उड़ानें सीधे रद्द कर दी गईं, दुबई, अबू धाबी और पूरे UAE में इसका असर दिख रहा है।
एयरपोर्ट पर फंसे हजारों लोग, अनिश्चितता का माहौल

दुबई एयरपोर्ट, जो दुनिया के सबसे व्यस्त एयरपोर्ट्स में गिना जाता है, इस वक्त इंतजार और चिंता का केंद्र बन गया है।
यात्री- टिकट लेकर बैठे हैं, लेकिन फ्लाइट नहीं, घोषणा का इंतजार है। लेकिन जवाब नहीं। हर कोई एक ही सवाल पूछ रहा है— “घर कब जाएंगे?”
KRK बोले— “धमाकों से रातभर सो नहीं पाए”

फिल्म क्रिटिक और एक्टर कमाल आर खान, जिन्हें लोग KRK के नाम से जानते हैं, भी दुबई में हैं।
उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा—
“तेज धमाकों की आवाजें आ रही हैं। पूरा परिवार रातभर सो नहीं पाया। हालात खतरनाक लग रहे हैं।”
KRK का यह बयान बताता है कि डर सिर्फ अफवाह नहीं, बल्कि जमीन पर महसूस किया जा रहा है।
एयरलाइंस ने क्या कहा?
भारत की प्रमुख एयरलाइंस एयर इंडिया और इंडिगो ने बयान जारी किया है। उन्होंने कहा, वे लगातार स्थिति पर नजर रख रहे हैं। विमानन प्राधिकरणों से संपर्क में हैं, जैसे ही सुरक्षित एयरस्पेस मिलेगा, फ्लाइट्स शुरू की जाएंगी।
यात्रियों को सलाह दी गई है, एयरलाइन वेबसाइट चेक करते रहें। अफवाहों से बचें और आधिकारिक अपडेट पर भरोसा करें।
UAE क्यों बना तनाव का केंद्र?
UAE सीधे युद्ध में शामिल नहीं है। लेकिन इसकी लोकेशन इसे संवेदनशील बनाती है। कारण, ईरान के करीब भौगोलिक स्थिति, अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स का बड़ा हब और पश्चिम एशिया का ट्रांजिट केंद्र। इसलिए जब भी क्षेत्र में युद्ध का खतरा होता है, UAE पर असर पड़ता ही है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन