यश के ‘टॉक्सिक’ इवेंट में साउंड सेटअप गिरा : 4 छात्र घायल, एक लड़की बेहोश; आयोजकों पर FIR
हैदराबाद.
यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ के प्री-रिलीज इवेंट में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। हैदराबाद की मल्ला रेड्डी यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भारी साउंड-बॉक्स सेटअप अचानक गिर गया। हादसे में 4 लोग घायल हो गए, जबकि एक लड़की बेहोश हो गई। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के वक्त यश मंच पर मौजूद थे।
घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सामने आए वीडियो में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ दिखाई दे रही है। कुछ लोग घायल छात्रों को एंबुलेंस तक ले जाते हुए नजर आए।

साउंड सिस्टम के सपोर्टिंग पोल पर चढ़े थे लोग
जानकारी के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान कई छात्र स्टेज के करीब पहुंच गए थे। कुछ लोग साउंड बॉक्स को सहारा देने वाले पोल और दूसरे ढांचे पर भी चढ़ गए।
इसी दौरान भारी साउंड सेटअप अचानक नीचे गिर गया। इसके नीचे आने से कुछ लोग घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से अस्पताल भेजा।

आयोजकों पर FIR दर्ज
घटना के बाद पुलिस ने कार्यक्रम के आयोजकों के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। यह भी देखा जा रहा है कि कार्यक्रम स्थल पर भारी भीड़ को नियंत्रित करने और साउंड सिस्टम की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए थे या नहीं। हादसे के बाद बड़े स्टार्स के कार्यक्रमों में सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
‘पुष्पा 2’ के इवेंट में भी हो चुका है जानलेवा हादसा
हैदराबाद में इससे पहले भी फिल्मी कार्यक्रम के दौरान बड़ा हादसा हो चुका है। दिसंबर 2024 में ‘पुष्पा 2’ के प्रीमियर के दौरान भगदड़ मच गई थी। इसमें एक महिला की मौत हो गई थी, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हुआ था।
उस घटना के बाद भी बड़े फिल्मी कार्यक्रमों में भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे थे। अब ‘टॉक्सिक’ के इवेंट में हुए हादसे ने एक बार फिर आयोजकों की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
26 अगस्त को रिलीज होगी ‘टॉक्सिक’
गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी ‘टॉक्सिक’ में यश मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म में नयनतारा, कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत भी अहम भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म ‘KGF: Chapter 2’ के बाद यश की बड़े पर्दे पर वापसी है। फिल्म का निर्माण केवीएन प्रोडक्शंस और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस ने किया है।


दो बार टल चुकी है रिलीज डेट
‘टॉक्सिक’ की रिलीज डेट पहले दो बार बदली जा चुकी है। फिल्म को पहले 19 मार्च को रिलीज किया जाना था। इसके बाद पोस्ट प्रोडक्शन के चलते रिलीज को आगे बढ़ाकर 4 जून किया गया, लेकिन यह तारीख भी बदल दी गई। अब फिल्म 26 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।
गाने को लेकर भी हुआ था विवाद
फिल्म के पहले टीजर और गाने ‘तबाही’ में यश और कियारा आडवाणी के कुछ दृश्यों को लेकर विवाद हुआ था। इन सीन्स को लेकर आपत्ति जताई गई थी और कर्नाटक राज्य महिला आयोग में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। फिल्म की रिलीज से ठीक पहले हुए इस हादसे के बाद अब चर्चा फिल्म से ज्यादा इवेंट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हो रही है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन