छत्तीसगढ़ में 3 बच्चों समेत 5 की मौत : MP में ₹104 करोड़ की सड़क बही; यूपी-ओडिशा में बाढ़ जैसे हालात
News Affair Team
Sun, Aug 23, 2026
कई राज्यों में बारिश बनी आफत, नदियां उफान पर; 24-25 अगस्त को भी भारी बारिश का अलर्ट
नईदिल्ली.
देश के कई हिस्सों में मानसून आफत बनकर बरस रहा है। छत्तीसगढ़ में बिलासपुर के घोंघा नदी में तेज बहाव से 3 बच्चों की मौत, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में बिजली गिरने से बैगा दंपती की जान चली गई, जबकि बलरामपुर में एक युवक नदी में बह गया। मध्य प्रदेश में बारिश के पानी में ₹104 करोड़ की सड़क का हिस्सा बह गया, वहीं उत्तर प्रदेश के 19 जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं।
ओडिशा में भी बाढ़ का खतरा बढ़ा है और हिमाचल में भारी बारिश के चलते मणिमहेश यात्रा दो दिन के लिए रोक दी गई है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

बिलासपुर में नदी के तेज बहाव में 3 बच्चे बहे
बिलासपुर जिले के समडील गांव में शनिवार शाम बड़ा हादसा हो गया। गांव निवासी रिद्धी और सिद्धी दोनों 8 साल की थीं और नयापारा स्थित डीपी विप्र स्कूल में पढ़ती थीं। छुट्टी के बाद उन्हें लेने के लिए उनका 7 वर्षीय भाई अनमोल साइकिल से स्कूल पहुंचा था।
स्कूल से लौटते समय तीनों बच्चे पुल के बजाय घोंघा नदी के रास्ते से घर जाने लगे। नदी के बीच पहुंचने पर तेज बहाव में अनमोल साइकिल नहीं संभाल सका। इसके बाद तीनों बच्चे पानी में बह गए। रविवार को रेस्क्यू अभियान के दौरान तीनों के शव बरामद कर लिए गए।

बलरामपुर जिले के रामानुजगंज में रविवार सुबह करीब 9 बजे एक युवक कन्हर नदी के तेज बहाव में बह गया। युवक झारखंड के गोदरमाना से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहा था। वहीं गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के कटरा ढपनीपानी गांव में तेज बारिश के बीच बिजली गिरने से मंगल सिंह और उनकी पत्नी बिरस्पतिया बाई की मौत हो गई। घटना के समय दोनों घर पर थे।

MP में बारिश का कहर: ₹104 करोड़ की सड़क का हिस्सा बहा
मध्य प्रदेश में भी बारिश ने जनजीवन प्रभावित किया है। सीधी में करीब छह महीने पहले बनाई गई ₹104 करोड़ की सड़क का बड़ा हिस्सा तेज पानी के बहाव में बह गया। सतना के नागौद क्षेत्र में ललचहा-इटमा नाले में बाइक समेत तीन लोग बह गए। दो लोग तैरकर बाहर निकल आए, जबकि तीसरे की तलाश की जा रही है। पन्ना में उफनती नदी में एक डंपर बह गया। नरसिंहपुर में रेतघाट पुल पानी में डूब गया। रविवार को प्रदेश के श्योपुर, मुरैना, भिंड, शिवपुरी, रायसेन, नर्मदापुरम और बैतूल समेत कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई।


यूपी के 19 जिलों में बाढ़ जैसे हालात
उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश से नदियां उफान पर हैं। 19 जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। 92 गांवों की फसलें पानी में डूब गई हैं, जबकि 26 गांवों का संपर्क दूसरे इलाकों से कट गया है।
प्रभावित इलाकों में नाव और मोटर बोट के जरिए राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। प्रयागराज में गंगा और यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। दारागंज घाट की सीढ़ियां डूब गई हैं। कई जगह अंतिम संस्कार के लिए भी परेशानी की स्थिति बनी हुई है। वाराणसी में सभी 84 घाट जलमग्न बताए गए हैं। बड़े हनुमान मंदिर की सीढ़ियों तक भी पानी पहुंच गया है।
बिहार के 25 जिलों में यलो अलर्ट
बिहार में रविवार को 25 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया। मौसम विभाग ने इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई है।
उत्तर बिहार के अधिकांश जिलों में बारिश की संभावना है। पटना में अगले चार दिनों तक बादल छाए रहने का अनुमान है।
राजस्थान में बारिश कमजोर, गर्मी-उमस बढ़ी
राजस्थान में मानसून फिलहाल कमजोर पड़ा है। रविवार को 14 जिलों में तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया। हालांकि, शनिवार को अलर्ट के बावजूद अधिकांश इलाकों में हल्की बारिश ही हुई। बारिश कम होने से कई शहरों में गर्मी और उमस बढ़ गई है। गंगानगर में अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
ओडिशा में बाढ़ का खतरा बढ़ा
कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से ओडिशा में लगातार बारिश हो रही है। केंद्रपाड़ा में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। कई घरों को नुकसान पहुंचा है और बड़ी संख्या में परिवार बाढ़ के पानी से प्रभावित हैं। मौसम विभाग ने 24 और 25 अगस्त को भी राज्य में भारी बारिश की संभावना जताई है।

हिमाचल में मणिमहेश यात्रा दो दिन स्थगित
हिमाचल प्रदेश में लगातार भारी बारिश के कारण श्री मणिमहेश कैलाश यात्रा 23 और 24 अगस्त को स्थगित कर दी गई है। यात्रियों की सुरक्षा और क्षतिग्रस्त मार्गों को देखते हुए हड़सर से कैलाश की ओर जाने वाले रास्ते पर इन दो दिनों में किसी को भी यात्रा की अनुमति नहीं होगी।
दिल्ली एयरपोर्ट के आसपास खराब मौसम का अलर्ट
दिल्ली एयरपोर्ट के आसपास मौसम विभाग ने खराब मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है। फिलहाल उड़ानों का संचालन सामान्य बताया गया है। यात्रियों को अपनी फ्लाइट की स्थिति की जानकारी संबंधित एयरलाइन से लेने की सलाह दी गई है।
24 अगस्त: ओडिशा में ऑरेंज अलर्ट
24 अगस्त को ओडिशा में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। इसके अलावा छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, बिहार, कर्नाटक, तमिलनाडु, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम-मेघालय और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भारी बारिश हो सकती है।
25 अगस्त: कई राज्यों में बारिश का असर
25 अगस्त को भी ओडिशा में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, पूर्वोत्तर राज्यों और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है।
बारिश और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने और तेज बहाव वाले रास्तों को पार नहीं करने की सलाह दी गई है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन