Advertisment

News Affair में आपका हार्दिक स्वागत है — आपकी अपनी हिंदी न्यूज़ पोर्टल, जहाँ हर खबर मिलती है सही, सटीक और सबसे पहले।

हमारे साथ जुड़िए देश-दुनिया की ताज़ा ख़बरों, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार और तकनीक की हर बड़ी अपडेट के लिए। हम हैं आपकी आवाज़, आपके सवाल और आपकी जिज्ञासा के साथ — निष्पक्ष, निर्भीक और नई सोच के साथ।

21st November 2026

ब्रेकिंग

हाथ जोड़कर एकटक निहारते रहे पार्थिव शरीर; निधन की खबर सुन भी पूरा किया भाषण

7 लाख करोड़ रुपए जुटाने का दावा; कर्मचारियों की संपत्ति भी पहुंची अरबों डॉलर में

21 नवंबर को पहला मुहूर्त, दिसंबर तक 11 शुभ तारीखें; 16 दिसंबर से लगेगा खरमास

जितेंद्र बघेल और हरनाम सिंह को जिम्मेदारी; कोको पाढ़ी ओडिशा, नरेश ठाकुर गुजरात भेजे गए

979 एकड़ जमीन की तलाश शुरू; 2400 मीटर का रनवे बनाने का प्रस्ताव

देवउठनी एकादशी के साथ शुरू हुआ शादियों का सीजन : 21 नवंबर को पहला मुहूर्त, दिसंबर तक 11 शुभ तारीखें; 16 दिसंबर से लगेगा खरमास

News Affair Team

Fri, Nov 20, 2026

धर्म डेस्क.

देवउठनी एकादशी के साथ शुक्रवार, 20 नवंबर से शादियों का सीजन शुरू हो गया है। इस साल नवंबर में विवाह के 4 और दिसंबर में 7 शुभ मुहूर्त रहेंगे। पहला मुहूर्त 21 नवंबर को है, जबकि इस साल का आखिरी विवाह मुहूर्त 12 दिसंबर को रहेगा। इसके बाद 16 दिसंबर से सूर्य के धनु राशि में प्रवेश के साथ खरमास शुरू हो जाएगा। इस दौरान विवाह सहित मांगलिक कार्य नहीं किए जाते।

नए साल में 15 जनवरी 2027 से फिर शादियों की शुरुआत होगी। पूरे साल में विवाह के लिए कुल 96 शुभ दिन बताए गए हैं। इनमें मई और जून में सबसे ज्यादा 34 मुहूर्त रहेंगे। वहीं, अगस्त, सितंबर और अक्टूबर में चातुर्मास के कारण विवाह के शुभ मुहूर्त नहीं होंगे।

16 दिसंबर से खरमास, 15 जनवरी से फिर बजेगी शहनाई

ज्योतिषीय मान्यता के अनुसार, 16 दिसंबर को सूर्य के धनु राशि में प्रवेश के साथ धनुमास यानी खरमास शुरू होगा। इस अवधि में विवाह और अन्य मांगलिक कार्यों के लिए शुभ मुहूर्त नहीं निकाले जाते। 14 जनवरी की रात सूर्य के मकर राशि में प्रवेश के साथ खरमास समाप्त होगा। इसके अगले दिन यानी 15 जनवरी से विवाह के मुहूर्त फिर शुरू हो जाएंगे।

चार महीने बाद जागते हैं भगवान विष्णु, इसलिए कहते हैं देवउठनी एकादशी

हिंदू पंचांग के अनुसार, आषाढ़ महीने के शुक्ल पक्ष की एकादशी को देवशयनी एकादशी कहा जाता है। मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु क्षीरसागर में योगनिद्रा में चले जाते हैं और चार महीने बाद कार्तिक शुक्ल एकादशी पर जागते हैं। इसी कारण इस दिन को देवउठनी या देवोत्थान एकादशी कहा जाता है।

देवउठनी एकादशी पर तुलसी विवाह की परंपरा भी है। इसमें तुलसी के पौधे को दुल्हन की तरह सजाया जाता है और भगवान विष्णु के शालग्राम स्वरूप को दूल्हा मानकर विवाह कराया जाता है। पूजा और विवाह की रस्में शाम को संपन्न होती हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इसी दिन से विवाह और दूसरे मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है।

देवशयनी एकादशी से जुड़ी हैं दो पौराणिक कथाएं

  • पहली कथा : राजा बलि और भगवान विष्णु

श्रीमद्भागवत और पद्म पुराण से जुड़ी मान्यता के अनुसार, असुर राजा बलि भगवान विष्णु के परम भक्त थे। उनका तीनों लोकों पर अधिकार हो गया था। देवताओं की सहायता के लिए भगवान विष्णु वामन अवतार में राजा बलि के पास पहुंचे और उनसे तीन पग भूमि दान में मांगी।

गुरु शुक्राचार्य ने वामन के भगवान विष्णु होने की बात पहचानकर बलि को दान देने से रोका, लेकिन राजा अपने वचन से पीछे नहीं हटे। इसके बाद भगवान ने विराट रूप धारण कर दो पग में पृथ्वी और स्वर्ग नाप लिया। तीसरा पग रखने के लिए बलि ने अपना सिर आगे कर दिया। भगवान ने उन्हें पाताल लोक भेज दिया।

कथा के अनुसार, बलि की भक्ति से प्रसन्न होकर भगवान विष्णु ने उनके पास रहने का वचन दिया। वहीं, उनका एक स्वरूप आषाढ़ शुक्ल एकादशी से कार्तिक शुक्ल एकादशी तक क्षीरसागर में शेषनाग पर शयन करता है।

  • दूसरी कथा : शंखचूड़ और तुलसी

शिव पुराण की कथा के अनुसार, शंखचूड़ नाम का असुर भगवान विष्णु का भक्त था। उसकी पत्नी तुलसी के पतिव्रत और उसे मिले दिव्य कवच के कारण वह अजेय था। शंखचूड़ ने देवताओं को पराजित कर उनका राज्य छीन लिया। इसके बाद देवताओं ने भगवान शिव से सहायता मांगी।

कथा के अनुसार, भगवान विष्णु ने शंखचूड़ का रूप धारण कर तुलसी के पतिव्रत को भंग किया और उसका कवच भी उससे ले लिया। इसके बाद भगवान शिव ने युद्ध में शंखचूड़ का वध कर दिया।

जब तुलसी को विष्णु की लीला का पता चला, तो उन्होंने उन्हें पत्थर बन जाने का श्राप दिया। भगवान ने तुलसी को वरदान दिया कि वे पौधे के रूप में पूजी जाएंगी और उनके शालग्राम स्वरूप के साथ उनका पूजन होगा। इसी मान्यता के कारण तुलसी और शालग्राम का विवाह कराया जाता है।

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन